छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका की गिरफ्तारी और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में पुतला दहन, युवा कांग्रेस-NSUI पदाधिकारियों पर FIR

Congress Protest in Chhattisgarh: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी, दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, NEET समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और कांग्रेस मुख्यालय पर हुए घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को सुबह 11 बजे जिला मुख्यालयों में विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश जारी किए थे। इसके बाद रायपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी समेत कार्यकर्ता सड़क पर उतरे।
राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन, निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज, कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी और कांग्रेस कार्यालय पर हुए हमले की कांग्रेस कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि जनता और छात्रों की आवाज को लाठी, गिरफ्तारी और हिंसा से दबाया नहीं जा सकता। लोकतंत्र में दमन नहीं, बल्कि संवाद होना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस भवन घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिंसा की और कांग्रेसियों पर पथराव, आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज कराया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। बेमेतरा के घड़ी चौक में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला पंचायत सदस्य हरीश साहू ने आरोप लगाया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि NEET समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल तिवारी और जिला पंचायत सदस्य सुशीला जोशी ने कहा कि परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताएं व्यवस्था की विफलता हैं और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। (Congress Protest in Chhattisgarh)

मनेंद्रगढ़ में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में खेड़िया तिराहा पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया। वहीं चिरमिरी में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस ने अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान पर हमला बताया। कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित कुमार चौक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है और छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण आंदोलन करने वालों पर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। जांजगीर-चांपा में भारत माता चौक पर विधायक ब्यास कश्यप, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और युवा कांग्रेस के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।

प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाना पहुंचकर गिरफ्तारी दी। थाना परिसर में भी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर राजनांदगांव, मुंगेली, गरियाबंद, जगदलपुर, कोरिया, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कवर्धा, जांजगीर-चांपा और कांकेर समेत प्रदेश के कई जिलों में जिला कांग्रेस कमेटियों ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। राजनांदगांव में शहर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार और ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। मुंगेली में जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में पुतला दहन के साथ कैंडल मार्च निकाला गया। गरियाबंद में जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। जगदलपुर में शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य और ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम शंकर शुक्ला के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में NEET पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया गया।

रायपुर में युवा कांग्रेस-NSUI पदाधिकारियों पर FIR
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज दबा रही है। उनका आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने के बावजूद सरकार जवाबदेही तय नहीं कर रही है और विरोध करने वाले छात्रों-विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। इधर, रायपुर में एक दिन पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ अंबेडकर चौक पर हुए पुतला दहन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, धक्का-मुक्की, महिला आरक्षक से हाथापाई और उसका हाथ मरोड़ने समेत कई आरोपों में 9 नामजद के साथ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। FIR में नीरज पांडेय, अमित शर्मा, संस्कार पांडेय, तारिक अनवर, कुणाल दुबे, प्रशांत गोस्वामी, रामायण सिंह, विकास कुमार और श्रद्धा नाथ समेत अन्य को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। (Congress Protest in Chhattisgarh)



