Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में सियासी टकराव, भाजपा ने किया कांग्रेस मुख्यालय का घेराव, वाटर कैनन और आंसू गैस से बिगड़े हालात, एक-दूसरे पर जुबानी जंग तेज

BJP Protest Against Congress: दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन के विरोध की गूंज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी सुनाई दी। भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में राजीव भवन के बाहर जुट गए। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और स्थिति बिगड़ने पर कई बार आंसू गैस के गोले छोड़े। आंसू गैस के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई भाजपा कार्यकर्ता, पुलिसकर्मी और पत्रकार भी इसकी चपेट में आ गए।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका की गिरफ्तारी और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में पुतला दहन, युवा कांग्रेस-NSUI पदाधिकारियों पर FIR 

बारिश के बीच हुए इस प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, डिप्टी CM अरुण साव, मंत्री लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, दयालदास बघेल, गुरु खुशवंत साहेब, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, संगठन महामंत्री यशवंत जैन समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी पहले शंकर नगर चौक पर इकट्ठा हुए, जहां नेताओं ने सभा को संबोधित किया और इसके बाद राजीव भवन की ओर कूच किया। राजीव भवन के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं के आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी हुई और एक बैरिकेड टूट गया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। आंसू गैस का असर कम होने के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता दोबारा इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करते रहे। (BJP Protest Against Congress)

दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता भी राजीव भवन के भीतर और बाहर बड़ी संख्या में मौजूद रहे। दोनों पक्षों के बीच लगातार नारेबाजी होती रही। हालात को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर भी वाटर कैनन और आंसू गैस का उपयोग किया, जिससे तनाव और बढ़ गया। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय की ओर भी कूच किया, जहां पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। प्रदर्शन के चलते शंकर नगर और आसपास के इलाकों में लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा। बैरिकेडिंग और प्रदर्शनकारियों की भीड़ के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन खत्म होने के बाद पुलिस ने बैरिकेड हटाकर धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर रहते हुए राहुल गांधी ने अराजकता फैलाने का प्रयास किया और लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर किया।

किरण सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस नेता देश को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। संविधान की किताब लेकर घूमने वाले नेता खुद संविधान की मान्यताओं की हत्या कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवा आंदोलन कर रहे थे, लेकिन राहुल गांधी वहां पहुंचकर इस मुद्दे पर भी राजनीति करने लगे। देश के 140 करोड़ नागरिकों के चुने गए प्रधानमंत्री जी के आवास के बाहर इस प्रकार का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए राहुल गांधी से ज्यादा जिम्मेदार और संयमित आचरण की अपेक्षा की जाती है। लोकतंत्र में विरोध का पूरा अधिकार है, लेकिन विरोध और अराजकता में स्पष्ट अंतर होता है। जब विरोध मर्यादा की सीमाएं लांघने लगे, तो वह लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करता है। देश की जनता राहुल गांधी जी के अशोभनीय आचरण को स्वीकार नहीं करेगी। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी देश में अर्बन नक्सलवाद को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी अपने अमर्यादित आचरण से लोकसभा नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं।  

डिप्टी CM साव ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन अराजकता फैलाने का नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आंदोलन के नाम पर संसद और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई और में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की। खुद को देश से ऊपर समझने का प्रयास किया। राहुल गांधी ने देश में अराजकता फैलाने और जनता को भड़काने का कुत्सित प्रयास किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गिद्ध के मंडराने से जानवर की मौत नहीं होती। उसके लिए बाज जैसा बाजू में दम भी होना चाहिए। कांग्रेस के पास कोई काम नहीं है, इसलिए युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस की प्रवृत्ति परजीवी की तरह है। देश की भलाई इन्होंने कभी नहीं चाही। कांग्रेस युवाओं, किसानों और जनजातीय समाज को भड़काने का काम करती है। अगर कांग्रेस इतनी छात्र हितैषी होती तो पीएससी घोटाले जैसा घोटाला न करते। (BJP Protest Against Congress)

सोशल मीडिया पर भी जुबानी जंग

कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाने का काम कर रही है। इससे जनता में आक्रोश है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राहुल गांधी देश में अराजकता फैला रहे हैं। वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर हमला किया, पत्थरबाजी की और पुलिस ने भाजपा के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले छोड़े। उन्होंने दावा किया कि महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी अभद्रता हुई और पुलिस ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा NEET पेपर लीक जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने कहा कि भाजपा के संरक्षण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया। प्रदर्शन के बीच भाजपा और कांग्रेस दोनों ने सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे पर तीखे हमले किए। भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि संसद में हंगामा, पीएम आवास पर ड्रामा, बंद करो राहुल गांधी यह नया कारनामा। प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के किए गए अमर्यादित प्रदर्शन के विरोध में रायपुर में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में जोरदार आवाज बुलंद की। 

बीजेपी ने आगे कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव, डिप्टी CM अरुण साव समेत वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस की अराजक और गैर-जिम्मेदार राजनीति के खिलाफ अपना लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराया। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर मर्यादाओं का उल्लंघन और राजनीतिक अराजकता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। वहीं कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर किया गया हमला लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा आघात है। कांग्रेस कार्यालय का घेराव, पत्थरबाजी और अराजकता फैलाकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास पूरी तरह निंदनीय है। जनता के सवालों का जवाब हिंसा से नहीं दिया जा सकता। शर्म करो भाजपाइयों। हमारे स्वाभिमान के प्रतीक कांग्रेस भवन पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब-जब सत्ता के अहंकार में डूबे लोग हमारे स्वाभिमान के इस प्रतीक की ओर हाथ बढ़ाएंगे, तब-तब कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता चट्टान बनकर उसके सामने खड़ा मिलेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!