राजीव भवन विवाद पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने दी धमकी, कहा- भाजपा से तो हम निपट लेंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी ध्यान रखें
Bhupesh on Police BJP: राजधानी रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए टकराव के बाद प्रदेश की सियासत और गरमा गई है। भाजपा के कांग्रेस भवन घेराव के दौरान हुई पत्थरबाजी और उसके बाद कांग्रेस नेताओं पर दर्ज FIR को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा- हद में रहिए भाजपा वालो!!! कल घेराव के नाम पर भाजपा के लोगों ने रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया। भाजपा के सारे मंत्री भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं को ताक में रखकर इसमें शामिल हुए। आदतन उपद्रवी इन तत्वों ने कांग्रेस मुख्यालय और हमारे कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेकें, पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ी। सारा हमला भाजपा और पुलिस की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए, पत्रकार साथियों को भी चोटें आईं और पुलिस ने FIR भी हमारे ही लोगों पर दर्ज कर ली। वाह!!!
बघेल ने कहा कि साफ है कि यह पुलिस के संरक्षण में भाजपा सरकार की ओर से किया गया सुनियोजित हमला था। ठीक उसी तरह जिस तरह दिल्ली में छात्रों के साथ हुआ। भाजपा से तो हम निपट लेंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी ध्यान रखें, भाजपा कुछ ही महीनों की मेहमान है। फिर मिलेंगे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने कहा कि भाजपा की ओर से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर किया गया हमला लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा आघात है। कांग्रेस कार्यालय का घेराव, पत्थरबाजी और अराजकता फैलाकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास पूरी तरह निंदनीय है। जनता के सवालों का जवाब हिंसा से नहीं दिया जा सकता। शर्म करो भाजपाइयों। सत्ता के अहंकार में डूबी भाजपा सरकार ने अपने सत्ता का दुरूपयोग करके कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस न कभी डरी है, न झुकी है और न ही झुकेगी। नरेंद्र मोदी कायर है।
घटना के बाद कांग्रेस नेताओं पर FIR
दरअसल, बुधवार को भाजपा के कांग्रेस भवन घेराव के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान जमकर हंगामा, धक्का-मुक्की और पथराव हुआ। घटना के बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटना की वीडियो फुटेज के आधार पर जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों के नाम भी प्रकरण में जोड़े जा सकते हैं। राजीव भवन घेराव और उसके बाद दर्ज FIR को लेकर अब प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस जहां सरकार और पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा इस पूरे घटनाक्रम के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे के और ज्यादा राजनीतिक तूल पकड़ने के आसार हैं। (Bhupesh on Police BJP)



