Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस ने किया खम्हारडीह थाने का घेराव, बीजेपी नेताओं पर काउंटर FIR की मांग, बैज ने कहा- कांग्रेस चूड़ी पहनकर नहीं बैठी

Congress Police Station Gheraoed: राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच बुधवार को हुए हिंसक टकराव के बाद सियासी घमासान और तेज हो गया है। कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए गुरुवार को खम्हारडीह थाने का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। PCC चीफ दीपक बैज, कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव संपत अग्रवाल और जरीता लेफतांग के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंचे और भाजपा के मंत्रियों, विधायकों समेत कार्यकर्ताओं के खिलाफ काउंटर FIR दर्ज करने की मांग की। थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, जबकि PCC चीफ दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेता पुलिस अधिकारियों से अंदर चर्चा करते रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक भाजपा नेताओं पर भी मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें:- राजीव भवन विवाद पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने दी धमकी, कहा- भाजपा से तो हम निपट लेंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी ध्यान रखें

कांग्रेस का आरोप है कि बुधवार को भाजपा का प्रदर्शन कांग्रेस भवन पर हमले में बदल गया। पार्टी का कहना है कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर पत्थर, पानी के पाउच और डंडे फेंके, जिससे कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए। इसके बावजूद पुलिस ने सिर्फ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराओं के तहत FIR दर्ज कर दी। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सिर्फ अपने कार्यालय और साथियों की सुरक्षा कर रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस भवन के इतने नजदीक बैरिकेडिंग क्यों लगाई गई और आखिर ऐसी व्यवस्था क्यों बनाई गई, जिससे प्रदर्शनकारी सीधे कांग्रेस कार्यालय तक पहुंच गए। बैज ने कहा कि वो पत्थर मारेंगे, तो हम पुलिस के भरोसे बैठे रहेंगे क्या? कांग्रेस चूड़ियां पहनकर नहीं बैठी है। हम अपने कार्यकर्ताओं और कार्यालय की सुरक्षा करेंगे। 

12 नामजद समेत कई कांग्रेसियों पर दर्ज हुई FIR

बता दें कि बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान जमकर बवाल हुआ था। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने पुलिस पर हमले, शासकीय कार्य में बाधा समेत अलग-अलग गैर-जमानती धाराओं में 12 नामजद और कई अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। इसी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस अब काउंटर FIR की मांग कर रही है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि डिप्टी CM अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, अनुज शर्मा समेत कई भाजपा नेता मौके पर मौजूद थे और उन्होंने भीड़ को उकसाने का काम किया। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है और जिन लोगों ने भीड़ को कांग्रेस भवन की ओर भेजा, उनके खिलाफ भी FIR दर्ज होनी चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस पर हमला भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया, लेकिन कार्रवाई सिर्फ कांग्रेस पर की गई। (Congress Police Station Gheraoed)

वहीं कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल ने कहा कि जब तक भाजपा नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होगी, तब तक हम यहां से नहीं जाएंगे। पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि उन्होंने पहली बार किसी मंत्री और विधायकों को विपक्षी दल के कार्यालय का घेराव करते देखा है। धरने से पहले PCC चीफ दीपक बैज ने राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोशित हैं और छात्र आंदोलन को बलपूर्वक दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया, छात्राओं के कपड़े फाड़े गए और पुलिस की भूमिका निष्पक्ष नहीं रही। बैज ने कहा कि लोकभवन में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज कर दी गई, जबकि कांग्रेस कार्यालय पर हमला करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

देशभर में भाजपा के खिलाफ माहौल: बैज

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की और बदले की भावना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया है। कांग्रेस इस कार्रवाई को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ पूरे देश में माहौल बन चुका है और कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस लड़ाई को लड़ेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने कभी कानून नहीं तोड़ा, बल्कि भाजपा का प्रदर्शन कांग्रेस भवन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला था। उन्होंने घटना के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की भी मांग की। (Congress Police Station Gheraoed)

प्रधानमंत्री मोदी पर विवादित टिप्पणी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान PCC चीफ दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने उनकी तुलना हिटलर और मुसोलिनी से करते हुए कहा कि उन्हें देश के सबसे डरपोक प्रधानमंत्री के रूप में याद किया जाएगा। बता दें कि FIR की जानकारी मिलते ही PCC चीफ दीपक बैज ने अपना प्रस्तावित बस्तर दौरा बीच में ही रद्द कर दिया और रायपुर लौट आए। यहां पहुंचकर उन्होंने राजीव भवन में वरिष्ठ नेताओं के साथ आपात बैठक की और आंदोलन की आगे की रणनीति तैयार की। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अब इस मुद्दे को प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप देने की तैयारी में है। पार्टी का कहना है कि गैर-जमानती धाराओं में दर्ज मामलों के खिलाफ कानूनी लड़ाई के साथ-साथ राजनीतिक आंदोलन भी चलाया जाएगा। हालांकि पूरे घटनाक्रम पर भाजपा की ओर से भी कांग्रेस पर हिंसा और पुलिस पर हमले के आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!