Google Analytics —— Meta Pixel

खम्हारडीह थाना बना सियासी अखाड़ा, कांग्रेस ने 18 घंटे तक दिया धरना, भाजपा कार्यकर्ताओं पर FIR का मिला भरोसा

Congress Khamhardih Thana Gherao: राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना परिसर के बाहर कांग्रेस ने करीब 18 घंटे तक अनिश्चितकालीन धरना दिया, जो आखिरकार शुक्रवार को खत्म हो गया। पुलिस और कांग्रेस नेतृत्व के बीच हुई लंबी चर्चा के बाद तीन अहम बिंदुओं पर सहमति बनी। पुलिस ने कांग्रेस को लिखित आश्वासन दिया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मिले आवेदन पर एक हफ्ते के भीतर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जबकि कांग्रेस नेताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं की निष्पक्ष जांच भी कराई जाएगी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आंदोलन खत्म करने की घोषणा की। यह धरना भाजपा की ओर से कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन घेराव के दौरान हुई हिंसा, पथराव और उसके बाद कांग्रेस के 12 नेताओं-कई कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं वाली FIR के विरोध में गुरुवार शाम से शुरू हुआ था।

यह भी पढ़ें:- पेपर विवाद पर सियासी संग्राम, भाजपा का विपक्ष पर हमला, कहा- चर्चा से भाग रही कांग्रेस

पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच शुक्रवार सुबह हुई बैठक में तीन प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी। जैसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पूरे घटनाक्रम की दोबारा समीक्षा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पत्थरबाजी में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कांग्रेस के दिए गए आवेदन के आधार पर FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस ने कांग्रेस को भरोसा दिलाया कि एक हफ्ते के भीतर जांच आगे बढ़ाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसी आश्वासन के बाद कांग्रेस ने धरना खत्म करने का फैसला लिया। गुरुवार शाम शुरू हुआ यह आंदोलन पूरी रात चलता रहा। खम्हारडीह थाने के बाहर टेंट लगाकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। इस दौरान लगातार नारेबाजी हुई और पुलिस-कार्यकर्ताओं के बीच कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पंकज शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा भी बैठक में शामिल हुए। शुक्रवार सुबह पुलिस और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई। पुलिस की ओर से बैठक में मध्य जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल, नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लांबा मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस की ओर से PCC चीफ दीपक बैज, सह प्रभारी जरिता लैतफलांग, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू, कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक सत्यनारायण शर्मा और कुलदीप जुनेजाने पुलिस चर्चा की। धरना खत्म करने की घोषणा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया है। उन्होंने इसे न्याय की दिशा में पहला कदम बताते हुए कहा कि कांग्रेस फिलहाल एक हफ्ते के लिए आंदोलन स्थगित कर रही है।

इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। हमने चूड़ियां नहीं पहनी हैं। भाजपा की कार्रवाई पूरी तरह बदले की भावना से प्रेरित है। कांग्रेस इसका कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तर पर जवाब देगी। वहीं नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के दिए गए आवेदन में जिन तथ्यों का उल्लेख किया गया है, उनकी निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि किसी भी पक्ष के साथ पक्षपात नहीं किया जाएगा। कांग्रेस के धरने और भाजपा नेताओं पर FIR की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को आंदोलन करने का अधिकार है, लेकिन आंदोलन मर्यादित होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावी हार के बाद कांग्रेस बौखला गई है। कश्मीर में जैसी पत्थरबाजी होती थी, उसी तरह की पत्थरबाजी में कांग्रेसी उतर आए। लोकतंत्र में मर्यादा का पालन जरूरी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पथराव का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमला किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए लिखा कि भाजपा सरकार कुछ ही महीनों की मेहमान है और अधिकारियों को कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। इस मामले में कांग्रेस के जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, उनमें सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा, अमित तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

आश्वासन के बाद अब कार्रवाई पर टिकी निगाहें

इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191, 121(1), 221 और 132 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है। बता दें कि राजीव भवन घेराव और पथराव के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए। एक जवान के कान में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी के सिर और हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया गया। वहीं जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें आई थीं, उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। धरना खत्म होने के बाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिक गई हैं। कांग्रेस ने कहा है कि अगर एक हफ्ते के भीतर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR-निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी फिर से आंदोलन का रास्ता अपना सकती है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में खम्हारडीह थाना विवाद फिलहाल शांत जरूर हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई इस पूरे राजनीतिक विवाद की अगली दिशा तय करेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!