Google Analytics —— Meta Pixel

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भावुक हुए CJP समर्थक, बोले- संघर्ष रंग लाया

CJP Supporters Get Emotional: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद देशभर में आंदोलन से जुड़े चेहरों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा कि जो कदम सरकार ने और धर्मेंद्र प्रधान ने उठाया है, मैं उसका स्वागत करता हूं और सम्मान करता हूं। मैं सभी देशवासियों को बधाई देता हूं। ये लोकतंत्र की जीत है। आगे भी हम लोकतंत्र को भारत में सुरक्षित रखेंगे। देश की युवा पीढ़ी को मैं बधाई देना चाहता हूं और CJP के भाई-बहनों को मैं धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने ये मुद्दा सबसे पहले उठाया, जो छात्र-युवक और बड़े-बूढ़े लोकतंत्र के लिए खड़े हुए, मैं उन सबका सम्मान करता हूं। सबसे बड़ी बात जैसे इन लोगों ने शांति को प्रदर्शन स्थल पर बनाए रखा। मुझे उम्मीद है कि आगे भी इस शांति व्यवस्था को बनाए रखा जाएगा और आगे कोई घटना नहीं होगी।

यह भी पढ़ें:- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कांग्रेस खुश, कहा- ये लोकतंत्र की जीत है और सरकार की हार, जवाबदेही तय करनी पड़ेगी

वांगचुक ने कहा कि शांति की जो ताकत हमने दिखाई है, उसके मुकाबले कोई हथियार नहीं है। विजय में विनम्रता सबसे बड़ी बात है और वही आपको चरित्र को परिभाषित करता है। इस आंदोलन को लेकर जो भी कदम उठाया जाए, बहुत ही शांति से उठाया जाना चाहिए। एक तरफ जवाबदेही मिली है तो अब सुधार करने की आवश्यकता है। शिक्षा में सुधार होगा, आगे भी इस पर काम होगा, मुझे उम्मीद है। मेरी आशा है कि एक नए भारत की शुरुआत होगी। मैं उम्मीद करता हूं कि सरकार इस बदलाव के साथ बहुत से बदलाव लाएगी। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया है उसके लिए मुझे हीरो मत बनाओ। यह गलती मत करो। एक आदमी को हीरो बनाने की वजह से देश बर्बाद हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि यह पहला विकेट है। हम यहीं नहीं रुकेंगे। यह तो बस शुरुआत है। मैं सभी छात्रों, सभी स्वयंसेवकों को सलाम करता हूं, जो पिछले 36 दिनों से यहां बैठे रहे।

कॉकरोच जनता पार्टी के नेशनल स्पोक्सपर्सन आशुतोष रांका ने कहा कि इस देश का युवा जाग गया है। उसने अपने हक के लिए लड़ाई लड़ी है। उसने सही के लिए लड़ाई लड़ी है और आज आखिरकार हमारी मांगें मान ली गई हैं। हम उन सभी परिवारों के बारे में सोच रहे हैं, जिन्होंने पेपर लीक के बाद अपने प्रियजनों को खो दिया। हम उन लाखों-करोड़ों छात्रों के बारे में सोच रहे हैं, जिनका भविष्य इन पेपर लीक की घटनाओं की वजह से बर्बाद हो गया है। हमें सच में उम्मीद है कि आज कुछ इंसाफ मिला होगा। अगला शिक्षा मंत्री जो भी बने, हमें उम्मीद है कि वे अपना काम ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करेंगे। हम पूरे देश में जाएंगे और दूसरे मुद्दे भी उठाएंगे, जैसे हमने शिक्षा का मुद्दा उठाया था। इस देश के युवाओं के लिए, हम कुछ भी करेंगे। इस बीच महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके के माता-पिता भावुक हो गए।

अभिजीत की मां अनीता दीपके ने कहा कि आज मैं बहुत खुश हूं। आज का दिन बहुत अच्छा रहा है। मैं बहुत खुश हूं। उसे आखिरकार उसके प्रयासों का फल मिला है। उसने पक्का इरादा कर लिया था, और वह कहता रहा कि उसकी मांग पूरी होनी चाहिए… पहले तो हम बहुत परेशान थे। हमारा बेटा वहां अकेला था, भले ही उसके साथ कई और छात्र थे। माता-पिता होने के नाते, हम डरे हुए थे। जब जयपुर में उसे थप्पड़ मारा गया, तो हमें बहुत दुख हुआ। हम उस रात सो नहीं पाए। हम मिठाई बांटकर और साथ में जश्न मनाकर उसका स्वागत करने का प्लान बना रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। उसने बहुत बढ़िया काम किया है। वह अभी बहुत छोटा है, फिर भी उसने इतनी कम उम्र में इतना बड़ा काम किया है। मुझे उस पर बहुत गर्व है। (CJP Supporters Get Emotional)

अभिजीत के पिता भगवानराव दीपके ने कहा कि यह अच्छी बात थी, क्योंकि जो बच्चे उनका इस्तीफा मांग रहे थे, वे गुस्से से भरे हुए थे। बच्चों के माता-पिता गुस्से से भरे हुए थे। उनके रिश्तेदार गुस्से से भरे हुए थे और यह दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा था। शुरू में यह जंतर-मंतर तक ही सीमित था, लेकिन बाद में 20 तारीख के बाद यह पूरे भारत में फैल गया। अगर उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया होता तो किसी के पास यह जवाब नहीं था कि विरोध किस दिशा में जाता। इसलिए धर्मेंद्र प्रधान ने एक बहुत अच्छा कदम उठाया। उन्होंने इस्तीफा दिया और बच्चे को खुश कर दिया। मैं बहुत स्ट्रेस में था कि मेरा बच्चा वहां बैठा था, वहां सो रहा था, वहां खा रहा था। उसे डेंगू और टाइफाइड हो गया था। मेरा मन कर रहा था कि वहां जाकर उसे उठा लूं और घर ले आऊं। 20 तारीख को लाठीचार्ज के समय मैं पूरे दिन रोता रहा। वहीं एक्टिविस्ट अन्ना हजारे ने कहा कि हिंसा से कभी हल नहीं निकलता। मैंने 22 बार अनशन किया और कभी हिंसा का सहारा नहीं लिया, जिसके कारण 10 कानून बने। यह बहुत जरूरी है। हिंसा कभी भी सही नहीं है चाहें आप कोई भी हों। (CJP Supporters Get Emotional)

शिवसेना (UBT) चीफ उद्धव ठाकरे ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से देश बेचैन है और हम जानते हैं क्यों। मैं दीपके, युवाओं और उनके माता-पिता को बधाई देना चाहता हूं। यह सिर्फ इस्तीफे की बात नहीं थी। सरकार देश के लोगों पर दबाव डाल रही है। सिर्फ इसलिए कि आप सत्ता में हैं इसका मतलब यह नहीं है कि आप इस तरह से काम कर सकते हैं। कल का मार्च जारी रहेगा। यह एक जरूरी कदम है। कई लोगों ने इसमें शामिल होने की इच्छा जताई है। कल हम युवा शक्ति की ताकत दिखाएंगे। MNS चीफ राज ठाकरे ने कहा कि कल शिवाजी पार्क में हम युवाओं की जीत का जश्न मनाने आएंगे। हम अभिजीत दीपके के अगले कदम का पूरा समर्थन करेंगे। UBT नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि कल जश्न है। कल 26 जुलाई को सुबह 10 बजे शिवाजी पार्क पर सभी लोग आकर जश्न मनाएंगे। सभी की मांग थी कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। इसका जवाब गृह मंत्री को भी देना चाहिए। बहुत सारी बातें हमारे देश में हैं। जश्न होगा, क्योंकि जीत हुई है, लेकिन हमारा अगला सवाल है कि लाठीचार्ज क्यों हुआ? आगे की दिशा अभिजीत दीपके तय करेंगे, क्योंकि उन्होंने यह आंदोलन लीड किया था। सभी लोग सोनम वांगचुक को धन्यवाद कर रहे हैं।

शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि जो युवा अपने भविष्य को अंधकार में देख रहा था उसने यह लड़ाई लड़ी है। आज NEET पेपर लीक के कारण अपनी जान गंवाने वाले 22 बच्चों को न्याय मिला है। मैं सभी युवाओं को बधाई देना चाहती हूं। NCP-SCP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि हमें इस बात का आनंद है कि एक आंदोलन जो नौजवानों ने छेड़ा था, आखिर उनके चेहरों पर मुस्कान देकर गया है। उनकी मुख्य मांग उन्होंने रखी थी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, आज शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है। बीजू जनता दल (BJD) के अध्यक्ष और ओडिशा के नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि जेन जी, मुझे आप सभी पर गर्व है। आप सच में हमारे लोकतंत्र की ताकत हैं। बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद देशभर में छात्र, उनके अभिभावक और प्रदर्शनकारी जश्न मना रहे हैं। अलग-अलग हिस्सों से जश्न मनाने की खबरें सामने आ रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!