केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कांग्रेस खुश, कहा- ये लोकतंत्र की जीत है और सरकार की हार, जवाबदेही तय करनी पड़ेगी

Congress on Dharmendra Pradhan: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने इसे देश के छात्रों और युवाओं की बड़ी जीत बताया है। कांग्रेसियों ने कहा कि छात्र आंदोलन के दबाव में सरकार को झुकना पड़ा। साथ ही यह भी कहा कि सिर्फ इस्तीफे से लड़ाई खत्म नहीं हुई है, बल्कि शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि आज 25 जुलाई 2026 वह दिन है, जब हमारे लोगों ने अपना देश वापस लेना शुरू कर दिया है। मेरा मानना है कि यह भारत के युवाओं की जीत है। मुझे उनमें से हर एक पर गर्व है। उन पर आंसू गैस छोड़ी गई और उन्हें लाठियों से पीटा गया। आज यह हमारे युवाओं ने साबित कर दिया है। वे अपने विश्वास पर अड़े रहे, जो उनके हिसाब से सही था।
यह भी पढ़ें:- प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का हमला, बोले- छात्रों की जीत, शिक्षा व्यवस्था को RSS ने खोखला किया
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देशभर के छात्रों की जीत है, जेन-जी की जीत है। छात्रों के बीच में ना तो लाठी चली, ना ही आंसू गैस चली। छात्र डटे रहे, जो लोग एजेंसियों का दुरुपयोग करते थे, उन सभी की हार हो गई है। पिछले 12 साल में जो माहौल देश के लोगों को डराने के लिए बनाया गया था, नौजवानों और छात्रों ने इनकी सारी योजना पर पानी फेर दिया। छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि ये लोकतंत्र की जीत है और सरकार की हार है। सरकार अगर चाहती तो ये बहुत पहले ही हो सकता था। बच्चों के साथ इस कदर दुर्व्यवहार हुआ, मारपीट की गई, इन सभी बातों को देखते हुए हमें लगता है कि ये न केवल धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है, बल्कि प्रधानमंत्री ने अपनी हार को स्वीकार किया है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि इस देश के नौजवानों की, छात्रों की और बेरोजगारों की ये जीत है, जिन्होंने धर्मेंद्र प्रधान को बाहर का रास्ता दिखाया। (Congress on Dharmendra Pradhan)
उन्होंने आगे कहा कि हकीकत ये है कि ‘संघ’ की मानसिकता का एक प्रतीक धर्मेंद्र प्रधान हैं। ये संघ की जो सरकार है, उसमें जो भी खामियां हैं, उसका एक प्रतीक धर्मेंद्र प्रधान हैं। वो प्रतीक हट गया, लेकिन समस्याएं आज भी हैं। इस ‘संघ’ के खिलाफ जो लड़ाई है, वो अभी भी जारी है, जो हिंसा हुई, उसकी जवाबदेही तय करनी पड़ेगी। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि भारत की युवा पीढ़ी की यह बहुत बड़ी सफलता है। यह दर्शाती है कि कोई भी सरकार हो उसे लोगों की भावनाओं के सामने झुकना पड़ता है। इसका श्रेय उन नौजवानों को जाता है, जिन्होंने लाठी और गोली सही। जो न कभी डरे और न ही पीछे हटे। भारत की शिक्षा प्रणाली में सुधार किए जाने जरूरी हैं। इस देश में रचनात्मक चर्चा हो रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि ये युवाओं की नैतिक जीत है। विपक्ष के साझा प्रयास की जीत है और प्रधानमंत्री के हठ की हार है। प्रधानमंत्री ने मान लिया कि धर्मेंद्र प्रधान गलत थे तो फिर लाठियां क्यों चलवाई गईं ? अभी ये शुरूआत है। अभी इस्तीफों की झड़ियां लगनी हैं।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमारी जो मांग थी कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए, वो उन्होंने प्रधानमंत्री को भेज दिया है। अब प्रधानमंत्री पर निर्भर करता है कि वे उनका इस्तीफा तत्काल मंजूर करें। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो अगली बार लोग उनका इस्तीफा भी मांगना शुरू कर देंगे। ये लोकतंत्र की जीत है। मैं शिक्षा विभाग की संसदीय समिति का सदस्य रहा हूं। इतना घपला और गड़बड़ी है, जिसे मैं बयान नहीं कर सकता। कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि आज धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है। मैं देशवासियों का धन्यवाद करता हूं और हमारी पार्टी के नेतृत्व व सभी नेताओं का धन्यवाद भी करता हूं, जिन्होंने इस प्रदर्शन का समर्थन किया। अहिंसावादी और शांतिपूर्ण जो प्रदर्शन छात्रों के द्वारा किया गया, उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर वे खड़े रहे। उनके हौसले पस्त नहीं हुए और आज लोकतंत्र की जीत हुई है। हम पहले भी दोहराते आए हैं कि देश संविधान से चलेगा, देश तानाशाह से नहीं चलेगा, जो बात आज साबित हो गई है। अभी बहुत कुछ होना बाकी है, जिसका जवाब हम संसद में लेंगे।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने कहा कि बहुत देर हो चुकी है। 22 छात्रों की जान चली गई है। उनका इस्तीफा अंत नहीं है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देश के युवा शक्ति और छात्र आंदोलन की ये पहली जीत है। सभी छात्रों और नौजवानों को बहुत-बहुत बधाई। ये पहली जीत है, पहला पड़ाव है, जब तक शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में संपूर्ण बदलाव नहीं आएगा, तब तक हम लोग ये लड़ाई जारी रखेंगे। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह युवाओं की जीत है। 12 सालों तक किसानों पर लाठियां चली थीं। इस देश के युवा जाग उठे हैं। आज देश के किसान और युवा देश की तानाशाही का अंत कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। ये उन करोड़ों देश के युवाओं की जीत है जिन्होंने दिन-रात डटकर इस सरकार का सामना किया। आज उस दबाव में आकर शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया है।
उन्होंने कहा कि ये स्वागत योग्य है, हालांकि प्रदर्शन करने की नौबत ही नहीं आनी चाहिए थी। NEET पेपर घोटाला तो सिर्फ इसका एक ही पहलू है। इसके अलावा भी इसमें कई पहलू हैं। मोदी सरकार के मंत्री कहते थे कि ये NDA की सरकार है, इसमें कोई भी इस्तीफा नहीं होते। देश के युवाओं ने दिखा दिया है कि ये सरकार भी झुकती है सिर्फ झुकाने वाला चाहिए। मैं युवाओं से ये भी निवेदन करना चाहूंगा कि ये तो सिर्फ एकमात्र शुरूआत है। आगामी समय में आपको और भी संघर्ष करना है। पूरा देश युवाओं के साथ है। राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि आज हारकर धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। यह खबर बहुत पहले आनी चाहिए थी। सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस समस्या का समाधान नहीं है। इस देश में इस प्रकार की शिक्षा व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे सभी को समानता का अधिकार मिले। पूरे देश में जो व्यवस्था है उसमें परिवर्तन हो।
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि अच्छी बात है। ये इस्तीफा बहुत पहले ही आना चाहिए था। इतने दिनों तक इतने बच्चों के साथ जो सलूक किया गया, दुनिया में भारत सरकार की जो छवि खराब हुई है, इन सबसे बचा जा सकता था, लेकिन सरकार का अड़ियलपन रहा। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि उन साहसी बच्चों का धन्यवाद जिन्होंने न सिर्फ दिल्ली में बल्कि भारत के अलग-अलग कोनों में अन्याय के खिलाफ आंदोलन किया, धरना-प्रदर्शन किया। वे सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता जिन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ आंदोलन द्वारा छात्रों का समर्थन किया। हमारी जो मूल और प्रथम मांग थी, उसे भाजपा की डबल इंजन की सरकार को मानना ही पड़ा। चाहें जितने भी आंसू गैस क्यों न छोड़े गए, हजारों की तादाद में युवाओं को चोटिल किया गया। इतने संघर्ष के बाद भी हमारे जेन-जी और युवा समाज ने लोकतंत्र की ताकत दिखाई और इस सरकार के अहंकार को मिट्टी में मिला दिया। (Congress on Dharmendra Pradhan)
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो गया है। हम ढोल बजाकर छात्रों का अभिवादन कर रहे हैं, अपने नेता राहुल गांधी का भी अभिवादन कर रहे हैं। जितने भी पेपर लीक हुए हैं, उनके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। उसकी प्रणाली को दुरुस्त करने की मांग है। पूरे देश में परीक्षाओं को लेकर एक कैलेंडर निर्धारित होना चाहिए। इस बीच उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। वहीं भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा पहली चीज है। इसके बाद भी हमें आगे बढ़ना है…हमें पूरा सिस्टम जवाबदेह बनाना है और जब तक ये नहीं होगा तब तक संघर्ष चलता रहेगा। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे ने देश की राजनीति को नई बहस दे दी है। कांग्रेस इसे छात्रों, युवाओं और लोकतंत्र की जीत बताकर सरकार पर हमलावर है, जबकि अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि सरकार नया शिक्षा मंत्री किसे बनाती है और शिक्षा व्यवस्था-परीक्षा सुधारों को लेकर आगे क्या कदम उठाती है, क्योंकि सवाल सिर्फ एक मंत्री के इस्तीफे का नहीं, बल्कि करोड़ों छात्रों के भविष्य और देश की शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कायम रखने का भी है।



