NEET विवाद पर सियासी संग्राम जारी, विपक्ष ने सरकार को घेरा, भाजपा ने कड़े कानून का दिया भरोसा

Politics on NEET Controversy: NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर विपक्ष ने सरकार पर तीखे हमले किए, जबकि भाजपा ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और नए एंटी-पेपर लीक कानून का भरोसा दिलाया। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि युवाओं के साथ किए गए अन्याय पर किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं हो सकता है। युवा किसी भी राज्य और राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। क्या छात्र गलत मांग कर रहे थे? क्या पेपर लीक सरकार का फेलियर नहीं है? जब फेलियर आपका है और नौजवान आपसे जवाब मांगने आए हैं तो आपको उन्हें जवाब देना चाहिए। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि राहुल गांधी हकीकत को सामने पेश कर रहे हैं। राहुल गांधी की यह आशा है कि केंद्र सरकार इसका जवाब देंगे। अभी तक उन्हें इसका जवाब नहीं मिला है। अभी तक बच्चों से माफी मांगी नहीं गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि इन 12 सालों में शिक्षा प्रणाली के साथ जो हुआ है, उसने छात्रों का भविष्य खराब कर दिया है। नर्सरी से लेकर उच्च शिक्षा तक शिक्षा इतनी महंगी हो चुकी है कि शिक्षा गरीब इंसान की पहुंच से बाहर होती जा रही है। पूरे सिस्टम का व्यवसायीकरण हो गया है। इंसान मजदूरी करता है, ताकि उसके बच्चे अच्छी पढ़ाई कर सकें। पेपर लीक होते हैं और बच्चे एजुकेशन लोन लेते हैं, लेकिन कई लोग उसे चुका नहीं पाते हैं। यह आंदोलन राहुल गांधी ने जब शुरू किया था, तब किसी को पता ही नहीं था कि यह इतने बड़े आंदोलन का रूप लेगा।
यह भी पढ़ें:- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्ष एकजुट, कहा- ये छात्रों और युवाओं की जीत, सरकार झुकी, युवा जीते
इस बीच केरलम में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और दूसरे नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में महिला कांग्रेस ने कांग्रेस सांसद जेबी माथेर की अगुवाई में तिरुवनंतपुरम में लोक भवन तक काले कपड़े पहनकर विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि कई घंटों तक केरलम की महिलाओं, केरल महिला कांग्रेस की सदस्यों ने राजभवन, तिरुवनंतपुरम के सामने मार्च किया और विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि राजस्थान के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था आंदोलन के छात्र कश्मीर से बुलाए गए हैं और इन्हें विदेशों से फंडिंग मिल रही है। यह राजस्थान का दुर्भाग्य है कि आज सबसे ज्यादा बच्चे यहां ड्रॉपआउट हो रहे हैं। भारत के शिक्षा मंत्री के साथ राजस्थान के शिक्षा मंत्री का भी इस्तीफा होना चाहिए। मैं पूछना चाहता हूं कि इन सभी बातों पर भाजपा का क्या कहना है? कांग्रेस MLA परगट सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा हर हथकंडे अपनाए जाते हैं, हर तरह से शक्ति का दुरुपयोग किया जाता है। हो सकता है कि सोनम वांगचुक के साथ भी ऐसा हुआ हो, लेकिन मुझे नहीं लगता कि सोनम वांगचुक इस तरह समझौता करने वाले लोगों में से एक हैं।
एकता और अखंडता को बचाना होगा: हरिप्रसाद
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बचाना होगा। यह सबसे असंवेदनशील सरकार है, एक अमानवीय सरकार है, एक असभ्य सरकार है। छात्रों को पेलेट्स लगे हैं और एक छात्र की आंखों की रोशनी चली गई है। यह NDA सरकार का बहुत निंदनीय और बर्बर काम है। वे तानाशाही रवैये की ओर बढ़ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि जिन छात्रों पर अत्याचार किया गया, जो बिल्कुल निहत्थे थे। उन पर जो अत्याचार हुआ, मैं समझता हूं कि ये हिंदुस्तान के इतिहास पर सबसे काला दाग लग गया है। महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी ने कहा कि छात्रों के साथ जो हुआ, उसकी चिंता पूरे देश, पूरी दुनिया के लोगों को है। पेपर लीक हो रहा है और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा रही है, लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। लोकतंत्र के तहत सभी को ये अधिकार है। विपक्ष का काम है कि वे सरकार की ओर देखते रहें और जिन बातों पर उन्हें आपत्ति है, उसके खिलाफ आंदोलन करना चाहिए, लेकिन ये सरकार आंदोलन को रोक रही है।
पेपर कोई पहली बार लीक नहीं हुआ है: हर्षवर्धन
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल ने कहा कि पेपर कोई पहली बार लीक नहीं हुआ है। पहले भी कई बार लगातार पेपर लीक होते आए हैं, लेकिन कितने लोगों को सजा हुई है? सजा देने के बजाय आप फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात कर रहे हैं, लगातार झूठ बोला जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश के नौजवानों से कहता हूं कि डबल इंजन की सरकार पहले दिन से कह रही है कि जिसने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया तो उनके लिए जेल होगी और उनकी संपत्ति हम जब्त करेंगे। सरकार ने जो घोषणा की उसे प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। आज विकास गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा किसान, नौजवान, महिलाओं और गरीबों के साथ खड़े हैं। किसी भी नौजवान का भविष्य खराब ना हो, इसके लिए कड़े फैसलों की आवश्यकता है, जो भी पेपर लीक मामले में दोषी होगा, उसको बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा कि सोमवार को एंटी-पेपर लीक बिल संसद में पेश किया जाएगा। हम अपेक्षा करते हैं कि विपक्ष इसमें भागीदारी करके इसमें सहयोग करेगा।
प्रधानमंत्री पेपर लीक मामले को लेकर गंभीर हैं: सरावगी
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि लगातार कार्रवाई हो रही है। प्रधानमंत्री पेपर लीक मामले को लेकर गंभीर हैं। फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करने की घोषणा की गई है। जिस लोगों की इसमें संलिप्तता है, जल्द से जल्द उनको सजा दिलाई जाएगी। कैबिनेट ने भी इसको लेकर कड़ा कानून पास किया है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि जो भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा, उसको बख्शा नहीं जाएगा। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि कल कैबिनेट ने कठोर दंड देने के प्रावधान वाला बिल पास किया है और यह बिल अब संसद में पेश किया जाएगा। यह बिल संसद में पास होना चाहिए और जल्द लागू होना चाहिए, इससे चीजें काफी बेहतर होंगी। बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के योग्य नहीं हैं। आजादी के बाद कांग्रेस का जो इतिहास रहा है, उसको सब जानते हैं। सभी लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के कार्य, उनकी नीतियों पर विश्वास है। NEET पेपर लीक के मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी इसको लेकर गंभीर हैं। छात्रों के हितों में सभी काम किए जाएंगे।
राहुल गांधी राजनीति करना चाहते हैं: हुसैन
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी राजनीति करना चाहते हैं, वे मुद्दा विहीन हैं। राहुल गांधी जिस तरीके से गैर जिम्मेदाराना हरकत कर रहे हैं, विपक्ष के नेता से इस तरह की उम्मीद नहीं है। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी से मैं कहना चाहता हूं कि सरकार संसद में चर्चा चाहती है, लेकिन आपको राजनीतिक नाटक करना है। राहुल गांधी को NEET परीक्षा से कुछ लेना-देना नहीं है, वे केवल अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। मैं राहुल गांधी से फिर दोहराना चाहता हूं कि जिस व्यक्ति ने जीवन में एक प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म नहीं भरा है, वो आज नाटक कर रहा है। सड़क पर नारेबाजी कर रहा है, ये करना बंद करें। राहुल गांधी राजनीतिक नाटक करना चाहते हैं, शोर करना चाहते हैं, संसद की जगह वे सड़क पर ड्रामा करना चाहते हैं। बीजेपी नेता रूपा गांगुली ने कहा कि एक आम नागरिक के तौर पर मैं सभी से कहना चाहूंगी कि सोशल मीडिया एक ऐसी जगह है, जहां आप जिस भी तरह की खबर को जोर-शोर से फैलाना चाहते हैं, वह फैल जाती है और उससे पैदा होने वाला डर लोगों, छात्रों और बच्चों के मन में घर कर जाता है। अगर आप इतना डर फैलाएंगे तो अगली पीढ़ी भविष्य के लिए कैसे तैयार होगी। (Politics on NEET Controversy)
47 अधिकारियों को नौकरी से हटाया जा चुका है: धर
BJP विधायक देबाशीष धर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जरूरी सभी कदम पहले ही उठा लिए हैं। 47 अधिकारियों को नौकरी से हटाया जा चुका है और दूसरी बात यह है कि जो बिल आने वाला है, उसमें कई ऐसे प्रावधान होंगे, जो पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे और दोषियों-आरोपियों के खिलाफ और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे। विपक्ष बस यही चाहता है कि इस एक मुद्दे को लेकर पूरे देश में अशांति का माहौल बनाया जाए। बीजेपी विधायक हिरन चटर्जी ने पेपर लीक को लेकर कानून को लेकर कहा कि मुझे बस इस बात का अफसोस है कि कांग्रेस का दौर 50-60 साल तक चला और ये लोग अभी भी हर विभाग, हर सेक्टर में सत्ता में हैं। कांग्रेस और कम्युनिस्ट, जो अभी भी हर विभाग में सत्ता में हैं, वही हमारी सरकार के खिलाफ साज़िशें रच रहे हैं तो आप बंगाल में भी हमारा काम देखेंगे। हमारी सरकार को सत्ता में आए दो महीने हो गए हैं, हमारे मुख्यमंत्री सुबह से रात तक यहां से वहां कैसे भाग-दौड़ कर रहे हैं। वह हर जगह जा रहे हैं और उन्होंने घोषणा की है कि अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाया जाएगा। मैं सभी से बस एक ही बात कहना चाहता हूं कि उन्हें उस सरकार पर भरोसा रखना चाहिए, जिसे उन्होंने चुना है और देखते रहना चाहिए कि आगे क्या होता है।



