Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर, 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों का टूटा संपर्क

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के 13 जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बालोद, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, नारायणपुर, रायपुर, राजनांदगांव और सुकमा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। कई जगहों पर सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। वहीं प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नारायणपुर जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। अबूझमाड़ क्षेत्र में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। सोनपुर स्थित बेलगर नाला उफान पर आने से जिला मुख्यालय से करीब 50 गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।

यह भी पढ़ें:- आस्था पर प्रदूषण का ग्रहण! खारुन का पानी दूषित, सावन में शिवभक्तों से महंत की अपील, कहा- घर से लाएं शुद्ध जल

बेलगर नाला में तेज बहाव के कारण आवागमन बंद हो गया है। नाले के आगे स्थित बीएसएफ के 11 बेस कैंप भी प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा कई अन्य छोटे-बड़े नालों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। ढोंडरीबेड़ा, मसपुर, होरादी, गारपा, कांडुलपार, पांगूड, कोंगे, सीतरम, हुच्चेकोटी, कुरुषकोडो और आदनार जैसे गांवों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बेलगर नाला पर बारिश के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पुलिस या प्रशासन की स्थायी तैनाती है। ऐसे में ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बारिश जारी रहने पर अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में संपर्क बहाल होने में और समय लग सकता है।

नारायणपुर-सोनपुर मार्ग पर गिरे पेड़ 

लगातार बारिश का असर सड़कों पर भी देखने को मिल रहा है। नारायणपुर-सोनपुर मुख्य मार्ग पर बासिंग और कुंदला के बीच चार बड़े पेड़ गिरने से घंटों तक यातायात बाधित रहा। पेड़ गिरने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन का इंतजार किए बिना खुद मोर्चा संभाला और पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद धीरे-धीरे आवागमन शुरू हो सका। हालांकि लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में खतरा अभी भी बना हुआ है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में माधोपाली पुल हादसे का 60 घंटे बाद दुखद अंत हुआ। तेज बहाव के दौरान पुल पार करते समय एक कार लात नाला में बह गई थी। कार में घोटला बड़े निवासी देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सवार थे। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 60 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कार के साथ दोनों पति-पत्नी के शव बरामद किए। (Rain Alert in Chhattisgarh)

जगदलपुर में NH-30 पर कंटेनर पलटा

लगातार बारिश, तेज बहाव और खराब मौसम के बीच बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। बस्तर संभाग में भी बारिश का असर देखने को मिला। जगदलपुर में नेशनल हाईवे-30 पर दरभा घाट के एस मोड़ में एक कंटेनर पलट गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कंटेनर को सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे बहाल की गई। बिलासपुर जिले में बारिश के चलते नदी-नाले, डैम और वेस्टवियर उफान पर हैं। प्रशासन लगातार लोगों को खतरनाक जगहों से दूर रहने की अपील कर रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग सोशल मीडिया रील और सेल्फी के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। (Rain Alert in Chhattisgarh)

गरियाबंद में छोड़ा गया 58 हजार क्यूसेक पानी

खूंटाघाट बांध के वेस्टवियर पर तेज बहाव और फिसलन के बीच कुछ युवक रील बना रहे थे और पानी में उतर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को समझाइश दी। एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम में जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। रतनपुर के खूंटाघाट, कोटा के कोरी डैम समेत अन्य जगहों पर पुलिस तैनात है। उन्होंने कहा कि कुछ मिनट का रोमांच जिंदगी भर का हादसा बन सकता है। चेतावनी के बावजूद लापरवाही करने वालों के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गरियाबंद जिले में भी लगातार बारिश के चलते हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं। कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश होने से सिकासेर जलाशय में पानी की आवक बढ़ गई है। इसके चलते जलाशय से करीब 58 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

प्रशासन ने की लोगों से अपील

जिला प्रशासन ने निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदी, नाले, पुल और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि सेल्फी, रील या रोमांच के लिए अपनी जान खतरे में न डालें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें। बता दें कि लगातार बारिश ने प्रदेश के कई हिस्सों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं गांवों का संपर्क टूट गया है तो कहीं सड़कें और पुल पानी के तेज बहाव की चपेट में हैं। प्रशासन अलर्ट मोड पर है, लेकिन बारिश के इस दौर में लोगों की सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें, क्योंकि मौसम का ये मिजाज अभी थमता नजर नहीं आ रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!