आस्था पर प्रदूषण का ग्रहण! खारुन का पानी दूषित, सावन में शिवभक्तों से महंत की अपील, कहा- घर से लाएं शुद्ध जल

Kharun Water Contaminated: सावन के महीने में हर शिवभक्त अपने आराध्य भोलेनाथ को जल अर्पित कर मनोकामना पूरी होने की कामना करते हैं, लेकिन राजधानी रायपुर में इसी आस्था से जुड़ी खारुन नदी का जल अब सवालों के घेरे में है। महादेव घाट स्थित प्रसिद्ध हटकेश्वर महादेव मंदिर के महंत ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि खारुन नदी का जल शिवलिंग पर अर्पित न करें, क्योंकि नाले के गंदे पानी के मिलने से नदी का जल दूषित हो गया है। सावन में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के बीच खारुन की यह तस्वीर चिंता बढ़ा रही है। महंत सुरेश गिरी महाराज ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए श्रद्धालु अपने घर से शुद्ध जल लेकर आएं और उसी से बाबा का जलाभिषेक करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खारुन नदी का पानी शुद्ध नहीं है, इसलिए धार्मिक भावना और श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।
बताया जा रहा है कि चिंगरी नाले का गंदा और बदबूदार पानी सीधे खारुन नदी में मिल रहा है। इसकी वजह से नदी के पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। बदबू इतनी ज्यादा है कि लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर गुजरना पड़ रहा है। खारुन नदी सिर्फ एक जलस्रोत नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है। सावन के महीने में महादेव घाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर में छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कई भक्त खारुन नदी से जल लेकर भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। बता दें कि कल यानी गुरुवार से सावन महीने की शुरुआत हो रही है। सावन में हर साल महादेव घाट पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। मंदिर प्रबंधन भी श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर तैयारियों में जुटा हुआ है। महंत सुरेश गिरी महाराज ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
खारुन की दुर्दशा पर सियासत तेज
खारुन नदी में गंदे पानी के मिलने को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इसे बेहद गंभीर और दुखद स्थिति बताते हुए निगम प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सालों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। वहीं रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि खारुन नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से नाले के पास रिटर्निंग वॉल और फिल्टर प्लांट बनाने की योजना है, जिससे गंदा पानी नदी में जाने से रोका जा सकेगा। महापौर ने लोगों से भी अपील की कि नदी में कचरा न डालें, क्योंकि लोगों की लापरवाही से भी नदी का पानी दूषित हो रहा है।
कई साल पुरानी है समस्या
खारुन नदी में नाले का गंदा पानी मिलना कोई नई समस्या नहीं है। कई सालों से यह स्थिति बनी हुई है। इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जा चुका है। भाजपा विधायक राजेश मूणत ने भी खारुन नदी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सवाल खड़े किए थे। हालांकि अब तक नाले के गंदे पानी को नदी में मिलने से पूरी तरह रोकने का समाधान नहीं निकल पाया है। जिम्मेदारों की ओर से जल्द व्यवस्था सुधारने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक खारुन नदी को प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी। एक तरफ सावन में लाखों शिवभक्त आस्था लेकर महादेव घाट पहुंचेंगे तो दूसरी तरफ उसी आस्था से जुड़ी खारुन नदी का दूषित पानी चिंता बढ़ा रहा है। अब श्रद्धालु शुद्ध जल से भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे, लेकिन सवाल वही है कि आखिर कब तक खारुन नदी को गंदगी से मुक्ति मिलेगी। प्रशासन के दावों के बीच अब लोगों को इंतजार है उस दिन का, जब खारुन फिर से निर्मल और आस्था के अनुरूप बन सके।
कांवड़ियों की सुविधा के लिए तैयारियां तेज
वहीं सावन महीने में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कवर्धा में भी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अमरकंटक से नर्मदा जल लेकर पंचमुखी बूढ़ा महादेव और भोरमदेव मंदिर पहुंचने वाले हजारों कांवड़ियों की सुविधा को लेकर डिप्टी CM विजय शर्मा ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने बूढ़ा महादेव, भोरमदेव, राजा नवागांव, डोंगरिया और मुंगेली जिले के खुड़िया बांध तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए। भोरमदेव में निर्माणाधीन विश्राम स्थल और स्वदेश दर्शन योजना के तहत बन रहे हॉल का काम जल्द पूरा करने कहा गया। वहीं प्रमुख पड़ावों पर शेड, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। खुड़िया में आधुनिक प्रतीक्षालय का निरीक्षण करते हुए सावन भर निशुल्क एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।




