छत्तीसगढ़ का मोस्ट वांटेड नक्सली मिसिर बेसरा झारखंड में गिरफ्तार, 55 जवानों की शहादत से जुड़ा है नाम, 16 नक्सलियों ने भी किया सरेंडर

Naxalite Misir Besra Arrested: देश में नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। छत्तीसगढ़ और झारखंड समेत कई राज्यों में सक्रिय नक्सल संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल को झारखंड पुलिस ने दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहा मिसिर बेसरा नक्सल संगठन के पोलित ब्यूरो का सदस्य और ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो यानी ERB का इंचार्ज था। उस पर कई राज्यों की ओर से इनाम घोषित किया गया है, जिसे मिलाकर करीब डेढ़ करोड़ से लेकर 2.20 करोड़ रुपए तक का इनाम बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक मिसिर बेसरा झारखंड के सारंडा, गिरिडीह और पारसनाथ की पहाड़ियों के रास्ते नया सुरक्षित ठिकाना तलाशने निकला था। इसी दौरान मिली खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर 28 जुलाई को उसे दो साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि मिसिर बेसरा झारखंड के गिरिडीह जिले के मदनडीह गांव का रहने वाला है।
मिसिर बेसरा पर साल 2003-04 में झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के बिटकिलसोय और बलिबा क्षेत्र में हुए IED ब्लास्ट की साजिश रचने का आरोप है। इन हमले में 55 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे। इसके अलावा हत्या, IED विस्फोट, सुरक्षाबलों पर हमले और आर्म्स एक्ट समेत उसके खिलाफ 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। साल 2009 में बिहार के लखीसराय कोर्ट परिसर पर हुए नक्सली हमले के दौरान पुलिस हिरासत में मौजूद मिसिर बेसरा को नक्सली छुड़ाकर ले गए थे। इसके बाद वह लगातार फरार चल रहा था और कई राज्यों में संगठन की गतिविधियों का संचालन करता रहा। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक मिसिर बेसरा का छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से गहरा संबंध रहा है। वह दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DSZC) और ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो (ERB) के बीच समन्वय का काम करता था। (Naxalite Misir Besra Arrested)
संगठन के लिए बड़ा झटका
बस्तर, अबूझमाड़, दक्षिण बस्तर और महाराष्ट्र सीमा से लगे नक्सल प्रभावित इलाकों में कैडर तैयार करने, हथियारों की आपूर्ति, रणनीति बनाने और बड़े ऑपरेशन की योजना तैयार करने में उसकी अहम भूमिका रही है। बताया जाता है कि वह पिछले करीब 20 सालों से झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में सक्रिय था और नक्सली संगठन के शीर्ष नेतृत्व में शामिल था। नक्सल संगठन के शीर्ष निर्णय लेने वाले पोलित ब्यूरो का सदस्य होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां उसकी गिरफ्तारी को बेहद अहम मान रही हैं। माना जा रहा है कि उससे संगठन की फंडिंग, हथियारों की सप्लाई, कैडर नेटवर्क और कई राज्यों में फैले नक्सली ढांचे से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक अब सुरक्षा एजेंसियों का अगला फोकस संगठन के वरिष्ठ नेता गणपति पर है, जिसके नेपाल में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले संगठन के महासचिव रहे बसवा राजू 21 मई 2025 को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
झारखंड में 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर
इधर, झारखंड के ही सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय 16 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 11 पुरुष और 5 महिला नक्सली शामिल हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली अपने साथ 11 हथियार और 1500 से ज्यादा कारतूस भी लेकर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक इनमें छत्तीसगढ़ से जुड़े 8 नक्सली भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ में भी इनके औपचारिक आत्मसमर्पण की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। झारखंड के IG ऑपरेशन नरेंद्र कुमार सिंह ने इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं और इसका असर अब नक्सल संगठन पर साफ दिखाई दे रहा है।



