Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सल मोर्चे पर बड़ी कार्रवाई, 49 लाख के इनामी 8 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, IED की चपेट में आने से युवक घायल

Naxalites Surrender in Bijapur: छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों को लगातार सफलता मिल रही है। एक तरफ बीजापुर में झारखंड में सक्रिय 49 लाख रुपए के इनामी 8 नक्सलियों ने पुलिस के सामने हथियार डालकर आत्मसमर्पण किया है। वहीं दूसरी तरफ बीजापुर में ही IED ब्लास्ट की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया। इसके अलावा नारायणपुर में नक्सलियों के बनाए गए स्मारक को सुरक्षाबलों ने ध्वस्त कर दिया है। बता दें कि झारखंड में सक्रिय 8 नक्सली कैडरों ने 29 जुलाई को बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में 5 महिला और 3 पुरुष नक्सली शामिल हैं। इन सभी पर कुल 49 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

यह भी पढ़ें:- CG Weather Today : सावन की शुरुआत में ही झमाझम: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर, रायपुर में टूटा जुलाई का रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली झारखंड के दक्षिण जोनल कमेटी, सरांडा सब जोनल कमेटी और कोल्हान एरिया कमेटी में सक्रिय थे। इनमें 3 डीवीसीएम, 4 एसीएम और एक सुरक्षा गार्ड सदस्य शामिल हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में अश्विन उर्फ लच्छू, रंगा उर्फ सोहन, दोबा माड़वी उर्फ राहत, फगनी पोयाम उर्फ रजनी, सूरज मुन्नी चम्पिया उर्फ सुबनी, हिड़मे कड़ती उर्फ रीता, बुधरी कुंजाम उर्फ अनुषा और सलमी चम्पिया उर्फ जिलानी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इनमें तीन नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपये और पांच नक्सलियों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। (Naxalites Surrender in Bijapur)

पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे नक्सली

पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति, सुरक्षाबलों के लगातार दबाव, संगठन की कमजोर होती स्थिति, हिंसक विचारधारा से मोहभंग और आदिवासी क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर इन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण का फैसला लिया। इस पूरी प्रक्रिया में झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और बीजापुर पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा, स्वरोजगार और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। (Naxalites Surrender in Bijapur)

IED की चपेट में आने से युवक घायल

बीजापुर में ही एक युवक IED की चपेट में आने से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक 8 युवकों का दल सुबह नीलम सरई वाटरफॉल घूमने के लिए निकला था। वाटरफॉल से करीब 1 किलोमीटर पहले अचानक IED ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आने से देवा सोढ़ी नाम का युवक घायल हो गया। ब्लास्ट में युवक के दाहिने पैर की एड़ी में गंभीर चोट आई। इसके बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि कर्रेगुटा ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने इलाके में बड़ी संख्या में IED लगाए थे। सुरक्षाबलों ने कई IED को निष्क्रिय कर दिया था, लेकिन कुछ विस्फोटक अभी भी जंगलों में मौजूद होने की आशंका है। सुरक्षाबलों ने लोगों से जंगल और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जाने से पहले सतर्क रहने की अपील की है।

झारखंड में भी नक्सलियों का बड़ा सरेंडर

इससे पहले 28 जुलाई को झारखंड में भी नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली थी। सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय 16 नक्सलियों ने झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया था। इनमें 11 पुरुष और 5 महिला नक्सली शामिल थे। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली अपने साथ 11 हथियार और 1500 से ज्यादा कारतूस भी लेकर आए थे। वहीं नक्सल मुक्त क्षेत्रों में सुरक्षाबलों काकेअभियान लगातार जारी है। इस बीच नारायणपुर जिले के धनोरा थाना क्षेत्र के तोयापारा गांव में नक्सलियों के बनाए गए स्मारक को सुरक्षाबलों ने ध्वस्त कर दिया।

पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई

28 जुलाई को छत्तीसगढ़ पुलिस और आईटीबीपी की 45वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान ग्रामीणों के सहयोग से नक्सलियों के प्रचार-प्रसार और अपना प्रभाव बनाए रखने के उद्देश्य से बनाए गए लकड़ी के स्मारक को तोड़ दिया गया। सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सल मुक्त क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर बचे हुए नक्सली प्रभाव को खत्म करने और शांति और विकास का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। एक तरफ आत्मसमर्पण कर नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं तो दूसरी तरफ सुरक्षा बल अब भी जंगलों में मौजूद विस्फोटकों और नक्सली नेटवर्क को खत्म करने के अभियान में जुटे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!