छत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत, कई जिलों में रेड अलर्ट, बाढ़ जैसे हालात, नदियों में बहे लोग, सड़कें डूबी, जनजीवन बेहाल

Trouble Caused by Rain: बंगाल और ओडिशा के ऊपर बने मजबूत मौसम प्रणाली का असर अब पूरे छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग समेत कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि विभाग का अनुमान है कि 31 जुलाई से बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है, लेकिन तब तक प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी रहने की आशंका है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर संभाग में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं, सड़कें डूब गई हैं, पुल-पुलियों पर पानी बह रहा है और कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालयों से टूट गया है।
गरियाबंद जिले के सुहागपुर गौठान में बाढ़ का पानी भर जाने से एक परिवार चार घंटे तक फंसा रहा। परिवार के साथ 5, 3 और 2 साल के तीन छोटे बच्चे भी मौजूद थे। देर रात नगर सेना की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं गौठान में मौजूद करीब 300 गायें अब भी पानी से घिरी हुई हैं, जिन्हें निकालने की तैयारी की जा रही है। राजनांदगांव में लगातार बारिश से शहर की रफ्तार थम गई। जिला अस्पताल, तहसील कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पानी भर गया। अस्पताल में मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के निचले इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। जिले में 196 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
कांकेर में सड़क संपर्क टूटा, घंटों फंसे यात्री
कांकेर जिले में अंतागढ़-कोयलीबेड़ा मार्ग पर स्थित फांसी नाला उफान पर आ गया। पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। सड़क के दोनों ओर ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला गया। इसी जिले में पिछले बारिश के कारण सरोना-नरहरपुर मार्ग पर विशाल पेड़ गिर गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। वहीं चारामा नगर में जलभराव से दुकानों में पानी घुस गया और लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ। नक्सलवाद से मुक्त घोषित किए जाने के बाद अबूझमाड़ में विकास के दावों के बीच नारायणपुर जिले के सोनपुर गांव की तस्वीरें अलग कहानी बयां कर रही हैं। जिला मुख्यालय से मात्र 25 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में आज भी नदी पर पुल नहीं है। बारिश के दौरान सोनपुर नदी उफान पर आ जाती है और दर्जनों गांवों का संपर्क कट जाता है।
उफनते नाले में बहे बुजुर्ग की मौत
ग्रामीणों को राशन, दवा और वनोपज बाजार तक पहुंचाने के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। गंभीर मरीजों को कंधे पर उठाकर नदी पार कर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल कई हादसे होते हैं, लेकिन पुल का निर्माण अब तक नहीं हो सका। हालांकि जिला प्रशासन ने सरगीपाल मार्ग और कुकुर नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने तथा बारिश के बाद कार्य शुरू कराने की बात कही है। गरियाबंद जिले में उफनते सरगी नाले को पार करने की कोशिश एक बुजुर्ग के लिए जानलेवा साबित हुई। सहसपुर के थानवार यादव लोगों की चेतावनी के बावजूद नाला पार करने लगे और तेज बहाव में बह गए। लगभग 10 किलोमीटर दूर खुंटेरी गांव के पास उनका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। (Trouble Caused by Rain)
रायगढ़ में पुलिया पर बाइक सवार बहते-बहते बचा
रायगढ़ जिले की गंधरी पुलिया में पानी भरने के बावजूद एक बाइक सवार पुलिया में घुस गया। बताया गया कि नगर निगम ने हाल ही में पुलिया को आवागमन के लिए खोला था, जबकि दोनों ओर प्रतिबंध संबंधी बोर्ड भी लगाए गए थे। तेज बारिश में पुलिया पर पानी भरने से लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। राजधानी रायपुर के काठाडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में घुटनों तक पानी भर गया। घरों में पानी घुसने से लोगों का जीवन प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और महापौर से कई बार शिकायत के बावजूद जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। कोंडागांव में बारिश ने सरकारी आवासों की जर्जर स्थिति उजागर कर दी। सालों से मरम्मत नहीं होने के कारण कर्मचारी पॉलिथीन और तिरपाल डालकर रहने को मजबूर हैं। कई मकानों की छतें टपक रही हैं, लेकिन आवंटन रद्द होने के डर से कर्मचारी खुलकर शिकायत भी नहीं कर पा रहे। (Trouble Caused by Rain)
खैरागढ़ में गड्ढों ने 25 लोगों को किया घायल
खैरागढ़-राजनांदगांव निर्माणाधीन मार्ग पर बारिश के पानी में छिपे गहरे गड्ढों के कारण मंगलवार शाम करीब 20 से 25 बाइक सवार घायल हो गए। लोगों के विरोध के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की अस्थायी मरम्मत कराई। हालांकि नागरिकों का कहना है कि शहर के कई हिस्सों में अब भी ऐसे गड्ढे बने हुए हैं, जो बड़े हादसों को न्योता दे रहे हैं। कांकेर जिले के छोटे बेठिया क्षेत्र में कोटरी नदी उफान पर होने के बावजूद शिक्षकों का एक समूह नाव के सहारे स्कूल पहुंचा। शिक्षकों का कहना है कि स्कूल नहीं जाएंगे तो उपस्थिति नहीं लगेगी और वेतन प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से ऐसे क्षेत्रों में लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने की मांग की है। सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ चौकी क्षेत्र स्थित चपदा ढेकी नदी में 10 साल का बच्चाडूब गया। वह अपने भाई के साथ नदी किनारे गया था। सूचना मिलने पर DDRF की टीम ने रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन कई घंटे तक सफलता नहीं मिल सकी।
मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को किया अलर्ट
प्रदेश में लगातार बिगड़ते हालात के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जहां भी बाढ़ जैसी स्थिति बने, वहां तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए जाएं। जरूरतमंद लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाए। लगातार बारिश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश के कई हिस्सों में जलनिकासी, पुल-पुलियों, ग्रामीण संपर्क मार्गों और शहरी बुनियादी ढांचे की कमजोरियां अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। एक ओर मौसम विभाग अगले 24 घंटे को बेहद संवेदनशील मान रहा है, वहीं प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है। विशेषज्ञों और प्रशासन की सलाह है कि लोग उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न लें, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।



