‘देश हित में जो भी हो…’: पैलेट गन विवाद के बीच बोले CRPF DG- निडर होकर करें ड्यूटी, मैं देख लूँगा

नई दिल्ली : संसद मार्च के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर उपजे विवाद के बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक (DG) जी. पी. सिंह ने जवानों का हौसला बढ़ाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश और जनहित में निडर होकर ड्यूटी निभाएं, बतौर डीजी हर जिम्मेदारी और जवाबदेही लेने के लिए वह खुद तैयार हैं।
गौरतलब है कि विवाद के केंद्र में आई रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), सीआरपीएफ की ही एक विशेष दंगा-रोधी इकाई है। ऐसे में महानिदेशक के इस बयान को जवानों का मनोबल और विश्वास बनाए रखने के एक बड़े प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
स्थापना दिवस पर जवानों को दिया भरोसा
सीआरपीएफ के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए महानिदेशक जी. पी. सिंह ने कहा,
“सीआरपीएफ के डीजी के तौर पर मैं आपमें से प्रत्येक जवान को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि लॉ एंड ऑर्डर या ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान जनहित, बल के हित और राष्ट्र हित में लिया गया आपका हर फैसला मेरा फैसला है। आप पूरी ईमानदारी और निडरता से अपना काम करें, जो भी जवाबदेही या जिम्मेदारी होगी, उसे डायरेक्टर जनरल के रूप में मैं लूंगा।”
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में नीट (NEET) पेपर लीक के विरोध में संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा कार्रवाई की गई थी। इस दौरान हुए उपद्रव को नियंत्रित करने के प्रयास में कई लोग घायल हो गए थे, जिनमें से कुछ को पैलेट (छर्रे) लगने की बात सामने आई थी। इस घटना के बाद से ही सुरक्षा बलों की भूमिका को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
यह भी पढ़े :- दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बड़ी समीक्षा बैठक, संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक मंथन, लंबित नियुक्तियों पर चर्चा



