Google Analytics —— Meta Pixel

राष्ट्रपति भवन में गूंजा बस्तर का गौरव, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मान, राष्ट्रपति ने जताई बस्तर आने की इच्छा

Tribal Delegation Meet President: बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक नेतृत्व को गुरुवार को देश के सर्वोच्च संवैधानिक मंच पर विशेष सम्मान मिला। बस्तर पंडुम-2026 के विजेताओं, परगना मांझी, मांझी-चालकी, पद्मश्री सम्मानित विभूतियों और अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिनिधियों समेत 209 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी CM विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि बस्तर पंडुम सिर्फ एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर की गौरवशाली परंपराओं, जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक पहचान का उत्सव है। 

यह भी पढ़ें:- CM विष्णुदेव साय ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात, बस्तर समेत कई मुद्दों को लेकर की चर्चा

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों ने युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार के प्रयासों और बस्तर के लोगों की सक्रिय भागीदारी से आज बस्तर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोग हिंसा के वातावरण से निकलकर शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसरों से जुड़ रहे हैं। दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं और लंबे समय तक बंद रहे स्कूलों में फिर से बच्चों की चहल-पहल लौट आई है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनजातीय समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। साथ ही महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के वंचित वर्गों के सशक्तीकरण पर विशेष बल दिया। राष्ट्रपति ने जल, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया। (Tribal Delegation Meet President)

राष्ट्रपति मुर्मू ने बस्तर की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के प्रमुख मांझी और चालकी की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि वे समाज और प्रशासन के बीच प्रभावी सेतु हैं और सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका नेतृत्व समाज में सुख, शांति और समृद्धि का आधार है। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति भवन में पहली बार बस्तर की पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में इतना बड़ा प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। राष्ट्रपति ने बस्तर पंडुम-2026 के विजेताओं, मांझी-चालकी और पद्मश्री सम्मानित विभूतियों के सम्मान में विशेष भोज का आयोजन किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने स्वयं सभी अतिथियों को भोजन परोसकर उनका सम्मान किया, जिससे पूरा प्रतिनिधिमंडल भावुक हो उठा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आग्रह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भविष्य में बस्तर दशहरा और बस्तर पंडुम में शामिल होने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा से उनका विशेष आत्मीय जुड़ाव है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की काष्ठ निर्मित प्रतिमा और बस्तर दशहरा की अनूठी परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन उन्हें विशेष रूप से आकर्षित करता है।

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि मांझी उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनके पिता भी मांझी थे, इसलिए इस परंपरागत नेतृत्व व्यवस्था से उनका आत्मीय संबंध रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि राष्ट्रपति भवन में पहली बार बस्तर की पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोगों को देखना गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि जो बस्तर कभी नक्सली हिंसा के कारण अपनी समृद्ध संस्कृति और विरासत खोता जा रहा था, वह आज नक्सलमुक्त होकर अपनी धरोहरों को सहेज रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले सालों में बस्तर छत्तीसगढ़ का सबसे विकसित संभाग बनकर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। शाह ने कहा कि बस्तर नक्सल हिंसा से निकलकर विकास की राह पर बढ़ा है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति से बस्तर के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात पूरे छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर अंचल के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत देश के सर्वोच्च संवैधानिक मंच पर सम्मानित हुई हैं। (Tribal Delegation Meet President)

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर आज शांति, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई पहचान बना रहा है। बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों ने स्थानीय कलाकारों और जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है। उन्होंने राष्ट्रपति को बस्तर आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को बस्तर की लगभग 300 साल पुरानी लोकगाथा ‘झिटकू-मिटकी’ पर आधारित विशेष कलाकृति स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की। यह कलाकृति बस्तर की जनजातीय संस्कृति, प्रेम, समर्पण, लोकआस्था और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक मानी जाती है। लोकमान्यता के मुताबिक कठिन अकाल के समय झिटकू और मिटकी के त्याग और प्रेम के कारण आज भी उन्हें बस्तर में देवतुल्य सम्मान प्राप्त है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन का भ्रमण भी किया और भारत की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक विरासत से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी प्राप्त की। राष्ट्रपति भवन में बस्तर की सांस्कृतिक गरिमा और जनजातीय परंपराओं को मिला यह सम्मान राज्य ही नहीं, पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!