Google Analytics —— Meta Pixel

भूपेश बघेल से नजदीकी, TS सिंहदेव से रिश्ता, PCC की रेस के बीच विंकी बाबा के बयान से बढ़ी सियासी हलचल

Winky Baba on Bhupesh: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जारी संगठनात्मक बदलाव और नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच सूरजपुर से कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव के भाई बिंदेश्वर शरण सिंहदेव उर्फ विंकी बाबा के बयानों ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से यह चर्चा चल रही है कि विंकी बाबा अब टीएस सिंहदेव खेमे से अलग होकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीब आ गए हैं। हाल के दिनों में भूपेश बघेल का विंकी बाबा के गृह निवास पहुंचना और दोनों नेताओं का सार्वजनिक मंचों पर साथ नजर आना इन अटकलों को और हवा दे रहा है। इसे टीएस सिंहदेव के लिए सियासी झटके के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि जब विंकी बाबा से खेमा बदलने और राजनीतिक निष्ठा को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर फिर घमासान, उमेश पटेल के समर्थन में पोस्ट करने पर कांग्रेस नेता को नोटिस, साव बोले- लड़ाई का मजा ले रही जनता

उन्होंने कहा कि पार्टी और संगठन में अंतिम फैसला हाईकमान करता है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति और संगठन में बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर विंकी बाबा ने किसी भी नेता का नाम लेने से परहेज किया। बता दें कि उनके बड़े भाई टीएस सिंहदेव भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नेताओं में माने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई ऐसे अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने सालों तक संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए मेहनत की है। ऐसे नेताओं के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ पार्टी को मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी पद से ज्यादा महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं का सम्मान और जमीन पर काम करना है। (Winky Baba on Bhupesh)

भूपेश बघेल के नेतृत्व की तारीफ

विंकी बाबा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि साल 2013 में जब भूपेश बघेल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे, तब उन्होंने सूरजपुर जिलाध्यक्ष के रूप में उनके साथ करीब छह साल तक काम किया। कार्यकर्ताओं के संघर्ष और मेहनत के दम पर ही वर्ष 2018 में कांग्रेस की प्रदेश में बहुमत वाली सरकार बनी थी। विंकी बाबा ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को खनन और उद्योगों से जुड़े समझौते इस तरह करने चाहिए, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में उद्योग स्थापित हों और स्थानीय युवाओं को रोजगार का सीधा लाभ मिले। (Winky Baba on Bhupesh)

पद से ज्यादा जनता का विश्वास जरूरी: विंकी बाबा

अपने राजनीतिक भविष्य और पार्टी निष्ठा को लेकर विंकी बाबा ने कहा कि जनसेवा उनके परिवार की परंपरा रही है। उनके पिता ने चार दशक तक क्षेत्र की सेवा की है। उन्होंने कहा कि उनके लिए कोई पद या राजनीतिक समीकरण से ज्यादा महत्वपूर्ण जनता का हित और उनका विश्वास है। उन्होंने साफ किया कि वे हमेशा जनता के अधिकारों और क्षेत्र के मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे। विंकी बाबा के इन बयानों के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन बदलाव और प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चल रही कवायद के बीच विंकी बाबा के बयान ने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है। उन्होंने भले ही खेमा बदलने की अटकलों पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन भूपेश बघेल के नेतृत्व की तारीफ और संगठन को लेकर उनके विचारों ने नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा शुरू कर दी है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि कांग्रेस हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष को लेकर क्या फैसला करता है और आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर की सियासी तस्वीर किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Back to top button
error: Content is protected !!