Google Analytics —— Meta Pixel

कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत, CM साय ने किया 20-20 लाख मुआवजे का ऐलान

CM Sai on Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले ने छत्तीसगढ़ को भी झकझोर दिया है। दरअसल, आतंकियों ने काम की तलाश में कश्मीर गए छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में सक्ती जिले के दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैना शामिल हैं। घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं सरकार के मंत्रियों और नेताओं ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने की बात कही है। CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए दुखद खबर है कि आतंकवादियों ने राज्य के उन प्रवासी मजदूरों की बेरहमी से हत्या कर दी है, जो कुलगाम में काम करने गए थे। यह बेहद दर्दनाक खबर है। 

यह भी पढ़ें:- परिवार का पेट पालने गए थे कश्मीर, आतंकियों ने छीन ली छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की जिंदगी, किसी का पति गया, किसी का पिता

CM साय ने कहा कि मारे गए लोगों में सक्ती जिले के दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैना शामिल हैं, जिनकी आतंकवादियों ने हत्या कर दी। हम इस आतंकवादी कृत्य की घोर निंदा करते हैं। छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिवारों में से प्रत्येक को 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि कश्मीर के कुलगाम में कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। यह घटना पूरे प्रदेश के लिए गहरी वेदना का विषय है। इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार: शर्मा

डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और संबंधित अधिकारियों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना और दृढ़ता के साथ खड़ी है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों द्वारा धर्म पूछकर छत्तीसगढ़ के दो श्रमिक भाइयों की निर्मम हत्या अत्यंत दुःखद, निंदनीय और कायरतापूर्ण कृत्य है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। (CM Sai on Terrorist Attack)

श्रमिक भाइयों पर कायराना आतंकी हमला निंदनीय: चौधरी

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिकों के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। मां महामाया से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में छत्तीसगढ़ के श्रमिक भाइयों पर कायराना आतंकी हमला दुःखद और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ के श्रमिकों की दुखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और दुखद है। दिवंगत श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। 

कश्मीर में दोबारा इस तरह की घटना होना बेहद गलत: चंद्राकर 

मंत्री चौधरी ने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि हमारे जवान आतंकियों को करारा जवाब देंगे। इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। दुख की इस घड़ी में ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वहीं बीजेपी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने भी दुख जताते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय विषय है, लेकिन नाम पूछकर और धर्म पूछकर इस तरह की घटनाएं कश्मीर में दोबारा होना बेहद गलत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग भी अब आतंकी घटनाओं से प्रभावित हो रहे हैं। चंद्राकर ने पहलगाम हमले के बाद हुई कार्रवाई की तरह ही इस मामले में भी सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय संवेदनशील हैं और पीड़ित परिवारों के लिए राहत पैकेज की घोषणा भी की है। (CM Sai on Terrorist Attack)

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ज़िले के केल्लाम में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ निवासी दो श्रमिक साथी दीपक रात्रे और भोपिंदर की आतंकवादियों द्वारा हत्या की खबर बेहद दुखद है। हम सब उनकी आत्मा की शांति की कामना करते हैं। ईश्वर उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दे। केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार से अनुरोध है कि इस कठिन समय में उनके परिवारजनों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए, साथ ही उनके परिवार के जीवन यापन के लिए आर्थिक सहायता सुनिश्चित करे। पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों, दीपक रात्रे और भूपेंद्र कुमार के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। मैं दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

आखिर कब तक निर्दोष लोगों को सजा ?

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में छत्तीसगढ़ के दोनों युवा श्रमिकों, दीपक रात्रे और भूपेंद्र कुमार, के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। दिवंगत दोनों युवाओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में छत्तीसगढ़ के दो युवा दीपक रात्रे एवं भूपेंद्र कुमार के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी दिवंगत दोनों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है। कुलगाम की इस आतंकी घटना ने एक बार फिर सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत को सामने ला दिया है। छत्तीसगढ़ ने अपने दो श्रमिकों को खोया है, जिनके परिवारों के सामने अब बड़ा दुख खड़ा है। सरकार ने आर्थिक सहायता का ऐलान कर पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का भरोसा दिया है, लेकिन सवाल अब भी यही है कि आखिर कब तक निर्दोष लोगों को आतंक की कीमत चुकानी पड़ेगी ?

Back to top button
error: Content is protected !!