कुलगाम आतंकी हमले पर छत्तीसगढ़ में सियासत, कांग्रेस ने की मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ मुआवजा देने की मांग

Baij on Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस घटना को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। PCC चीफ दीपक बैज ने कुलगाम आतंकी हमले को लेकर सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है, जिसके कारण लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। बैज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोई योजना सरकार के पास नहीं है। आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, इसलिए लोग दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की कश्मीर में हत्या हुई। इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है।
यह भी पढ़ें:- कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत, CM साय ने किया 20-20 लाख मुआवजे का ऐलान
PCC चीफ बैज ने कुलगाम हमले में मारे गए दोनों मजदूरों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार को पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद करनी चाहिए। बैज ने इस घटना के पीछे साजिश की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि केंद्र सरकार के खिलाफ बन रहे माहौल से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पूरे मामले की गंभीर जांच की मांग की। वहीं भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा था कि पहलगाम हमले के बाद जिस तरह की कार्रवाई की गई थी, उसी तरह की कार्रवाई कुलगाम हमले के बाद भी होनी चाहिए। इस पर बैज ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार ने क्या कार्रवाई की, इसका जवाब देश की जनता मांग रही है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि कार्रवाई आधे में रोक दी गई और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद इसे रोक दिया गया। (Baij on Terrorist Attack)
CM विष्णुदेव साय ने किया पलटवार
बैज ने कहा कि पहलगाम हमले में केंद्र सरकार ने किया ही क्या। ऑपरेशन सिंदूर चला के आधे-अधूरे में रोक दिया। ट्रंप का स्टेटमेंट आने के बाद उसे रोक दिया गया, नतीजा क्या आया देश की जनता आज भी जवाब मांग रही हैं। सरकार की स्तिथि ठीक नहीं हैं, जेन जी के विरोध के बाद तो सरकार फेल हो गई है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार की कोई कमी नहीं है और प्रदेश में लगातार रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और जी राम जी जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को रोजगार मिल रहा है। साथ ही नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद भी प्रदेश में काम के अवसर बढ़े हैं। CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में काम की कमी है, ऐसा कहना सही नहीं है। यहां रोजगार के कई अवसर उपलब्ध हैं। (Baij on Terrorist Attack)
कांग्रेस को अपना नजरिया बदलने की जरूरत: CM साय
कांग्रेस की ओर से आतंकी हमले को लेकर साजिश की आशंका जताने पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस को हर मामले में भाजपा और आरएसएस की साजिश नजर आती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपना नजरिया बदलने की जरूरत है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कुलगाम हमले को राष्ट्रीय मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि कश्मीर में नाम पूछकर और धर्म की पहचान कर हमला करने की घटनाएं दोबारा होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग प्रभावित हो रहे हैं, यह गलत है। पहलगाम में जिस तरह की कार्रवाई हुई थी, उसी तरह की कार्रवाई की मांग करता हूं। हमारे मुख्यमंत्री भी इस मामले को लेकर संवेदनशील हैं। कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के मजदूरों की मौत के बाद अब मुद्दा सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि प्रदेश में रोजगार, पलायन और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय भी बन गया है। कांग्रेस जहां इसे सरकार की नीतियों से जोड़ रही है, वहीं भाजपा इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बताते हुए आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।



