कुलगाम आतंकी हमले पर पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला का विवादित बयान, बोले- पूर्ण राज्य का दर्जा मांगते ही क्यों होते हैं ऐसे हमले ?

Farooq on Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम इलाके में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत हो गई। आतंकियों ने शुक्रवार को गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे केलम इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। इस बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला ने घटना को लेकर विवादित बयान दिया है।
यह भी पढ़ें:- कुलगाम आतंकी हमले पर छत्तीसगढ़ में सियासत, कांग्रेस ने की मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ मुआवजा देने की मांग
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि बहुत अफसोस है। किसने मारा है, यह नहीं पता है। इसकी ईमानदारी से तहकीकात होनी चाहिए। मुझे नहीं पता कि यह उसी समय क्यों होता है, जब हम राज्य का दर्जा मांग रहे होते हैं। अब्दुल्ला ने कहा कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किसने किया और इसके पीछे कौन लोग हैं। उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान के लिए ईमानदारी से जांच होनी चाहिए। वहीं डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने भी कहा कि हम जब-जब राज्य का दर्जा बहाल करने की बात करते हैं, कोई न कोई ऐसा हादसा हो जाता है, जिससे जम्मू-कश्मीर के लोगों के राज्य दर्जा की मांग, धरी की धरी रह जाती है। मैं प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से अनुरोध करना चाहूंगा कि आप जम्मू-कश्मीर को लेकर कोई हाई-लेवल कमेटी बनाइए, जो हादसा पहलगाम में हुआ, अनंतनाग में हुआ, कुलगाम में हुआ, इन सभी की जांच होनी चाहिए। कौन वो लोग हैं, जो नहीं चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में शांति आए। इसकी पहचान होनी चाहिए। अगर पाकिस्तान है तो पाकिस्तान के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।
बीजेपी ने बयान पर जताई आपत्ति
डिप्टी CM सुरिंदर ने आगे कहा कि बार-बार हो रहे आतंकी हमलों से सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के उन दावों का जिक्र किया, जिनमें अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद आतंकवाद खत्म होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि पहले पहलगाम और अनंतनाग में भी ऐसी घटनाएं हुईं और अब रोजी-रोटी कमाने आए दो प्रवासी मजदूरों की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसे हमलों की लगातार निंदा करते-करते लोग थक चुके हैं। साल 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने और जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा खत्म कर इसे केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय आतंकवाद खत्म होने का वादा किया गया था, लेकिन 6 साल बाद भी ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। इधर, फारूक अब्दुल्ला के बयान पर बीजेपी ने निशाना साधा है। भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला ने कुलगाम में हुए आतंकी हमले पर बहुत ही गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया है। उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। ये राष्ट्र पर हमला है, ये इंसानियत पर हमला है। ऐसे समय में सभी राजनीतिक दलों को एक होकर आतंकवाद के खिलाफ बोलना है। (Farooq on Terror Attack)



