Google Analytics —— Meta Pixel

जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग का खूनी इतिहास, 26 साल में 99 लोगों की हत्या, कुलगाम हमले ने पुराने जख्मों को किया ताजा 

History of Targeted Killings: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के बाद घाटी में टारगेट किलिंग की घटनाएं एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। बीते 26 सालों में आतंकियों ने कई ऐसे हमलों को अंजाम दिया है, जिनमें बाहरी राज्यों से आए मजदूरों, अमरनाथ यात्रियों, पर्यटकों और गैर-मुस्लिम नागरिकों को चुन-चुनकर निशाना बनाया गया। साल 2000 से लेकर 2025 तक सामने आईं ऐसी 10 प्रमुख घटनाओं में कुल 99 लोगों की जान जा चुकी है। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि आतंकियों की रणनीति समय-समय पर बदलती रही है, लेकिन बाहरी राज्यों से आए लोगों और आम नागरिकों को निशाना बनाने का सिलसिला लगातार जारी रहा है। सबसे बड़ी घटना 1 अगस्त 2000 को हुई थी, जब पहलगाम स्थित अमरनाथ यात्रा के नुनवान बेस कैंप पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। इस हमले में अमरनाथ श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और बाहरी राज्यों से आए मजदूरों समेत 32 लोगों की मौत हो गई थी। यह उस समय जम्मू-कश्मीर में आम नागरिकों पर हुए सबसे बड़े आतंकी हमलों में से एक था, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों का जम्मू-कश्मीर में ही अंतिम संस्कार, शव गांव नहीं पहुंचने से परिजनों में नाराजगी

वहीं 11 जुलाई 2006 को श्रीनगर में पश्चिम बंगाल और गुजरात से आए पर्यटकों की बसों पर ग्रेनेड हमला किया गया। इस हमले में आठ पर्यटकों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। इस घटना ने पर्यटन उद्योग और घाटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। 10 जुलाई 2017 को अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पर अनंतनाग जिले में आतंकियों ने हमला किया। इस हमले में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। इस घटना के बाद अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर व्यापक समीक्षा की गई थी। आतंकियों ने साल 2019 में एक बार फिर प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया। 29 अक्टूबर 2019 को कुलगाम जिले के कतरासू गांव में पश्चिम बंगाल के पांच प्रवासी मजदूरों को लाइन में खड़ा कर गोली मार दी गई। इस हमले के बाद घाटी में काम कर रहे हजारों प्रवासी मजदूरों में भय का माहौल बन गया था। अक्टूबर 2021 में श्रीनगर और कुलगाम में बिहार के रेहड़ी-पटरी कारोबारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को निशाना बनाया गया। इनमें एक स्ट्रीट वेंडर की मौत हो गई थी। इस दौरान आतंकी संगठन टीआरएफ और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकियों पर इन हमलों का आरोप लगा था। इन घटनाओं के बाद बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर और छोटे कारोबारी घाटी छोड़कर अपने राज्यों को लौट गए थे।

20 अक्टूबर 2024 को टनल परियोजना की कैंप साइट पर हमला

जून 2022 में बड़गाम जिले में ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे बिहार के 17 साल के मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया कि रोजी-रोटी की तलाश में घाटी पहुंचने वाले प्रवासी मजदूर लगातार आतंकियों के निशाने पर बने हुए हैं। साल 2024 में भी आतंकी हमलों का सिलसिला जारी रहा। 7 फरवरी 2024 को श्रीनगर के हब्बा कदल इलाके में पंजाब के दो कारपेंटर अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों काम के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर गए थे। इसके कुछ महीनों बाद 9 जून 2024 को रियासी जिले में शिवखोड़ी दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की बस पर आतंकियों ने हमला कर दिया। गोलीबारी के बाद बस गहरी खाई में गिर गई, जिसमें नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इसी साल 20 अक्टूबर 2024 को गांदरबल जिले के गगनगीर स्थित जेड-मोड़ टनल परियोजना की कैंप साइट पर आतंकियों ने हमला किया। इस हमले में छह बाहरी इंजीनियर और मजदूरों के साथ एक स्थानीय डॉक्टर की मौत हो गई। यह हमला देश की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं पर काम कर रहे कर्मचारियों को निशाना बनाने की एक बड़ी घटना मानी गई। (History of Targeted Killings)

धार्मिक पहचान के आधार पर हुए बड़े हमले

हाल के सालों की सबसे चर्चित घटना 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुई। आतंकियों ने पर्यटकों से उनका नाम और धर्म पूछा। साथ ही कलमा पढ़ने के लिए कहा। इसके बाद पहचान के आधार पर गैर-मुस्लिम पर्यटकों को चुन-चुनकर गोली मार दी गई। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इस घटना की देश-विदेश में व्यापक निंदा हुई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। भारत में धार्मिक पहचान के आधार पर हुए चर्चित आतंकी हमलों में पहलगाम के अलावा 1987 का लालरू बस नरसंहार, 1987 का फतेहाबाद बस नरसंहार शामिल हैं। इन घटनाओं में हमलावरों पर आरोप है कि उन्होंने यात्रियों की पहचान या धर्म पूछकर उन्हें निशाना बनाया। गृह मंत्रालय के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 2014 से 2022 के बीच जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं में 224 नागरिकों की मौत हुई। इनमें साल 2014 में 28, 2015 में 17, 2016 में 15, 2017 में 40, 2018 में 39, 2019 में 17, 2020 में 37 और 2022 में 31 लोगों की जान गई। साल 2023, 2024, 2025 और 2026 के आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक आतंकियों के निशाने पर लगातार दूसरे राज्यों से आए प्रवासी मजदूर, गैर-मुस्लिम पर्यटक, अमरनाथ श्रद्धालु, कश्मीरी पंडित, भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि समेत जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान और अधिकारी रहे हैं। 

आतंकियों के निशाने पर कौन ?

कुलगाम हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या ने यह संकेत दिया है कि रोजगार की तलाश में घाटी जाने वाले श्रमिक आज भी आतंकियों के आसान निशाने बने हुए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और प्रवासी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर रही हैं। दो मजदूरों की हत्या ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर में प्रवासी मजदूरों और आम नागरिकों की सुरक्षा कितनी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। पिछले 26 सालों का रिकॉर्ड बताता है कि आतंकियों ने बार-बार बाहरी राज्यों से आए मजदूरों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को निशाना बनाया है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ घाटी में काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अब सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। आतंकियों की मंशा डर का माहौल पैदा करना है, लेकिन हर ऐसी घटना सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत का भी संदेश देती है। सवाल यही है कि आखिर निर्दोष नागरिक कब तक आतंक का निशाना बनते रहेंगे ? (History of Targeted Killings)

Back to top button
error: Content is protected !!