Google Analytics —— Meta Pixel

बस्तर में मानसून के साथ बढ़ा आई फ्लू का प्रकोप, एक महीने में 600 से ज्यादा मरीज, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Eye Flu in Bastar: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मानसून के दौरान आई फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले एक महीने में जिले में 600 से ज्यादा लोग इस वायरल संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को देखते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बस्तर के मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने बताया कि मानसून के मौसम में हर साल कंजंक्टिवाइटिस के मामले बढ़ते हैं। वर्तमान में महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन आई फ्लू के कई मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स पर शिकंजा: 7 गाड़ियां जब्त, 8 पर कार्रवाई, हाथ जोड़कर मांगी माफी

उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लापरवाही बरतने पर संक्रमण तेजी से फैल सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसरों (BMO), आई सर्जनों और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि आई फ्लू के मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर उपचार किया जाए और उन्हें संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए। मरीजों की काउंसलिंग करने के साथ-साथ उन्हें समय पर दवा और आवश्यक सलाह देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। CMHO डॉ. संजय बसाक ने बताया कि जिन लोगों को आई फ्लू की शिकायत है, वे परिवार के अन्य सदस्यों से कुछ दूरी बनाए रखें। (Eye Flu in Bastar)

क्या है कंजंक्टिवाइटिस ?

संक्रमित व्यक्ति चश्मा या गॉगल्स का उपयोग करें, आंखों को साफ रखें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार समय-समय पर जांच व उपचार कराएं। बिना चिकित्सकीय सलाह के घरेलू इलाज करने से बचें। कंजंक्टिवाइटिस को आम भाषा में आई फ्लू कहा जाता है, आंख की बाहरी पारदर्शी झिल्ली में होने वाला वायरल संक्रमण है। बारिश के मौसम में बढ़ी नमी, धूल और संक्रमण के कारण यह तेजी से फैलता है। यह बीमारी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से फैल सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक समय पर इलाज, साफ-सफाई और सावधानी बरतने से यह संक्रमण सामान्यतः 7 से 15 दिनों के भीतर ठीक हो जाता है। हालांकि लापरवाही या गलत उपचार से संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि आंखों में लालिमा, जलन, पानी आना, खुजली या सूजन जैसी शिकायत हो तो घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत चिकित्सक से जांच कराएं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!