बलौदाबाजार में युवती से छेड़छाड़ मामला: दोषियों को मिले कठोरतम सजा, ब्यूटी पार्लर की भी हो गहन जांच: अभिषेक तिवारी

Molestation in Baloda Bazar: बलौदाबाजार में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत समरसता टोली सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष अभिषेक मिकी तिवारी ने ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण ले रही एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ के साथ पीछा करने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिले में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार की घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
यह भी पढ़ें:- वन भूमि पर खेती को लेकर बस्तर में बढ़ा विवाद, कुमली में 15 एकड़ के मक्के की फसल पर चला ट्रैक्टर, किसानों ने जताई नाराजगी
सिर्फ औपचारिक कार्रवाई नहीं, पूरे घटनाक्रम की हो गहन पड़ताल
अभिषेक तिवारी ने कहा कि पुलिस इस मामले को केवल एक सामान्य आपराधिक घटना मानकर सीमित कार्रवाई न करे, बल्कि इसकी हर पहलू से गहन जांच करे। उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपी का संबंधित ब्यूटी पार्लर में लगातार आना-जाना किन परिस्थितियों में संभव हुआ, महिलाओं के लिए संचालित संस्थान में बाहरी व्यक्तियों की पहुंच कैसे बनी और क्या इस मामले से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।
नेटवर्क या अन्य संलिप्तता मिले तो सभी पर हो कार्रवाई
उन्होंने कहा कि अगर जांच के दौरान किसी संगठित नेटवर्क, सुनियोजित गतिविधि अथवा अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो बिना किसी दबाव या भेदभाव के सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। किसी भी अपराधी को राजनीतिक, सामाजिक या अन्य किसी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। (Molestation in Baloda Bazar)
पीड़िताएं निर्भय होकर करें शिकायत
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने जिले की महिलाओं, युवतियों और उनके परिजनों से अपील की है कि अगर इस मामले या इसी प्रकार की किसी अन्य घटना में कोई महिला या युवती पीड़ित रही हो तो बिना भय के पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराएं। संगठन ने कहा कि कानून के तहत पीड़िता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और अन्य पीड़िताओं के सामने आने से जांच में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। (Molestation in Baloda Bazar)
महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर वैधानिक स्तर पर साथ
संगठन ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए वह हर वैधानिक स्तर पर उनके साथ खड़ा रहेगा। साथ ही महिलाओं, छात्राओं और अभिभावकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। संगठन ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के मुद्दे पर वह आगे भी निरंतर आवाज उठाता रहेगा।



