Google Analytics —— Meta Pixel

विश्व आदिवासी दिवस पर सियासी संग्राम, कांग्रेस ने BJP पर साधा निशाना, विकास मरकाम के बयान से गरमाई सियासत

World Tribal Day 2026: विश्व आदिवासी दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और सम्मान को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान पादप बोर्ड के चेयरमैन विकास मरकाम ने ट्वीट कर कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता में नहीं, बल्कि उसकी अखंड सांस्कृतिक एकात्मता में निहित है। हमारा संकल्प है कि समाज में समरसता, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति के गौरव को सर्वोपरि रखें। आइए, विभाजन नहीं, एकता, समरसता और राष्ट्रहित की भावना को सशक्त बनाएं। बता दें कि विश्व आदिवासी दिवस हर साल 9 अगस्त को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दुनिया के आदिवासी और मूलनिवासी समुदायों के अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं, भाषा समेत पहचान के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

यह भी पढ़ें:- धर्मांतरित महिला के अंतिम संस्कार पर विवाद, देर रात तक चला समझाइश का दौर, बस्तर में 12 ग्रामीणों ने की सनातन धर्म में वापसी

9 अगस्त 1982 को संयुक्त राष्ट्र के Working Group on Indigenous Populations की पहली बैठक हुई थी। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में संयुक्त राष्ट्र ने 1994 में 9 अगस्त को विश्व के आदिवासी लोगों का अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया। इस दिन आदिवासी समुदायों के जल, जंगल, जमीन, प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत और मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाती है। इसका मकसद आदिवासी समुदायों के साथ होने वाले भेदभाव और अधिकारों के उल्लंघन के प्रति दुनिया का ध्यान आकर्षित करना भी है। छत्तीसगढ़ में भी यह दिन खास महत्व रखता है, क्योंकि प्रदेश में बड़ी आदिवासी आबादी है और यहां आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं और प्रकृति से जुड़ा जीवन सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

इस बीच विकास मरकाम की सोशल मीडिया पोस्ट से बवाल मचा हुआ है। दरअसल, उन्होंने एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा- विश्व आदिवासी दिवस भारत के संदर्भ में प्रासंगिक नहीं है और इसे नहीं मनाया जाना चाहिए। भारत के सभी नागरिक, जिसमें जनजातियां भी शामिल हैं, भारत के देशज अर्थात मूलनिवासी हैं। इसलिए विश्व आदिवासी दिवस भारत के संदर्भ में प्रासंगिक नहीं हैं। यह दिवस मिशनरी द्वारा बढ़ाए जा रहे विभाजनकारी एजेंडे का हिस्सा हैं। यह दिवस आदिवासियों को मुख्यधारा से अलग दिखाने और अलग पहचान देने की कोशिश है। यह हमारे देश की एकता, अखंडता और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना के विपरीत हैं। यह दिवस जनता में यह भ्रम फैलाता है कि सिर्फ आदिवासी भारत के मूलनिवासी हैं, बाकी तेली, कलार, राउत, कुम्हार, कुमीं जैसी पिछड़ी जातियां और अनुसुचित जातियां बाहर से आई हैं, जो पूरी तरह गलत हैं।

उन्होंने आगे कहा कि हम भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक समरसता के साथ खड़े हैं। हम विभाजन नहीं, समरसता चाहते हैं। इस पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान को सदियों से संजोए रखने वाले आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं, जिनकी परंपराओं में प्रकृति बसती है, जिनकी संस्कृति में हमारी मिट्टी की खुशबू है, उस गौरवशाली आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मरकाम के बयान पर कहा कि ये विश्व आदिवासी दिवस न मनाने का ज्ञान दे रहे हैं। जब पूरी दुनिया आदिवासी समाज की संस्कृति, पहचान और अधिकारों के सम्मान में यह दिवस मना रही है, तब भाजपा नेताओं को इससे इतनी आपत्ति क्यों है ?

कांग्रेस ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा को आदिवासी समाज की पहचान और मुद्दे याद आते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद आदिवासी पहचान को लेकर उसका रवैया बदल जाता है। कांग्रेस ने इसे लेकर तंज कसते हुए कहा कि वोट के वक्त आदिवासी और सत्ता में आते ही वनवासी वाली स्थिति नजर आ रही है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वोट के वक्त आदिवासी पहचान याद आती है, लेकिन विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई देने के समय कौन आदिवासी ? आदिवासी मुख्यमंत्री के राज में ही आदिवासी शब्द से इतनी दूरी क्यों ? मुख्यमंत्री जी का ये दोहरा रवैया आदिवासी समाज को देखना और समझना चाहिए। ये कैसे आदिवासी मुख्यमंत्री हैं ? खुद आदिवासी समाज से आते हैं, लेकिन विश्व आदिवासी दिवस पर न बधाई संदेश, न सरकार की ओर से कोई बड़ा आयोजन। आदिवासी होना सिर्फ चेहरा दिखाने के लिए है या समाज का सम्मान करने ? चुनाव गया, आदिवासी प्रेम भी गया।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने कहा कि 2023 में वोट चाहिए था तो आदिवासी दिवस पर बधाई याद थी। सत्ता मिलते ही आदिवासी त्योहारों पर एक पोस्ट तक नहीं, क्या अब आदिवासी दिवस याद नहीं है ? भाजपा का ये दोहरा रवैया आदिवासी समाज को भी देखना और समझना चाहिए। दूसरे तिहारों पर पूरे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के बड़े-बड़े पोस्टर लग जाते हैं, सरकारी प्रचार में पैसा पानी की तरह बहाया जाता है, लेकिन विश्व आदिवासी दिवस आया तो न मुख्यमंत्री का बधाई संदेश, न प्रदेशभर में वैसा सरकारी प्रचार। ये पूरे प्रदेश के आदिवासियों के सम्मान का अपमान है। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के पुराने और नए सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पुराने पोस्ट और मौजूदा समय की स्थिति की तुलना करते हुए भाजपा नेताओं पर आदिवासी समाज को लेकर राजनीतिक सुविधा के अनुसार रुख बदलने का आरोप लगाया। (World Tribal Day 2026)

कांग्रेस ने डिप्टी CM अरुण साव का जिक्र करते हुए कहा कि 2023 में जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे, तब आदिवासी समाज भी याद था, विश्व आदिवासी दिवस भी याद था और बधाई संदेश भी समय पर आ जाता था। अब सत्ता मिल गई, डिप्टी CM की कुर्सी मिल गई तो आदिवासी समाज के लिए बधाई के दो शब्द भी नहीं ? इसी तरह कांग्रेस ने आदिवासी समाज से आने वाले मंत्री केदार कश्यप को भी निशाने पर लिया। कांग्रेस ने तंज कसते हुए सवाल किया कि अपने ही समाज को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई देने के लिए भी दिल्ली से अनुमति चाहिए क्या ? अपने आका अदानी से पहले पूछना पड़ता है क्या ? लगता है भाजपा सरकार में अब अपने ही समाज को बधाई देने के लिए भी दिल्ली से पर्ची आने का इंतजार करना पड़ता है। कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव पर भी तंज कसा है। (World Tribal Day 2026)

कांग्रेस ने कहा किरण सिंह देव को प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले आदिवासी समाज भी याद था और विश्व आदिवासी दिवस की बधाई भी दी गई थी, जब प्रदेश अध्यक्ष का ये हाल है, तो बाकी भाजपा कार्यकर्ताओं से आदिवासी सम्मान की उम्मीद कैसी ? कांग्रेस ने कांकेर सांसद भोजराज नाग और बस्तर सांसद महेश कश्यप का भी जिक्र किया। साथ ही कहा- दोनों आदिवासी समाज से आते हैं, लेकिन विश्व आदिवासी दिवस पर अपने ही समाज को बधाई देने के लिए दोनों सांसदों के पास दो शब्द तक नहीं थे। इनको सिर्फ चुनाव में आदिवासी समाज का वोट चाहिए, मंचों पर आदिवासी पहचान चाहिए और कुछ नहीं। कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा को लेकर कहा कि पिछले साल 2025 में आदिवासी दिवस याद था, इस साल 2026 आते–आते ऐसी खामोशी क्यों आ गई। आखिर एक साल में ऐसा क्या हृदय परिवर्तन हुआ मंत्री जी? हम भी समझते है। कुर्सी बचाने के लिए चुप रहने का निर्देश था क्या ?

आदिवासी सम्मान या सियासत ?

विश्व आदिवासी दिवस पर शुरू हुआ यह विवाद अब आदिवासी समाज के सम्मान, पहचान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के सवाल से जुड़ गया है। एक तरफ भाजपा नेता विकास मरकाम भारतीय संस्कृति की अखंडता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता देने की बात कर रहे हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस भाजपा पर आदिवासी समाज की पहचान और अधिकारों को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगा रही है। कांग्रेस का कहना है कि आदिवासी समाज सिर्फ चुनावी राजनीति का हिस्सा नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक संरचना का अभिन्न हिस्सा है। वहीं, भाजपा की ओर से मरकाम के बयान में सामाजिक एकता और भारतीय सांस्कृतिक एकात्मता पर जोर दिया गया है। विश्व आदिवासी दिवस के बहाने छत्तीसगढ़ में शुरू हुई यह सियासी बहस आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं। फिलहाल कांग्रेस के आरोपों और भाजपा नेताओं के बयानों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आदिवासी समाज के सम्मान और उसकी पहचान का मुद्दा राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर कितना दिखाई देता है।

Back to top button
error: Content is protected !!