Google Analytics —— Meta Pixel

विश्व आदिवासी दिवस पर नहीं थम रही सियासत, पूर्व CM भूपेश बघेल और PCC चीफ दीपक बैज का सरकार पर वार

Politics on World Tribal Day: छत्तीसगढ़ में विश्व आदिवासी दिवस, आदिवासी समाज के सम्मान और पहचान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार और भाजपा के आदिवासी नेताओं पर विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई संदेश नहीं देने को लेकर निशाना साधा। पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने वाले, प्रकृति और संस्कृति के सच्चे संरक्षक आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने सदियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, भाषा, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया है।

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तानी गृहमंत्री नकवी के सिस्टम कोलैप्स के बयान से तख्तापलट की चर्चा, क्या आसिम मुनीर के हाथ में आएगी पूरी सत्ता ?

बघेल ने कहा कि उनका इतिहास साहस, बलिदान और संघर्ष की गौरवशाली गाथाओं से भरा है। हम संकल्प लें कि आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हमेशा मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी सरकार में विश्व आदिवासी दिवस को धूमधाम से मनाया जाता था, लेकिन बीजेपी सरकार ने बधाई तक नहीं दी। PCC चीफ दीपक बैज ने भी विश्व आदिवासी दिवस को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आदिवासी दिवस के कार्यक्रमों में सभी लोगों ने मिलकर हिस्सा लिया और इस दिन को मनाया, लेकिन सवाल यह है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के आदिवासी नेता, चुने हुए मंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से बधाई संदेश क्यों नहीं आया। (Politics on World Tribal Day)

भाजपा के नेताओं ने बधाई क्यों नहीं दी ?: बैज

बैज ने कहा कि साल 2023 से पहले जब भाजपा की सरकार नहीं थी, तब यही नेता आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई देते थे। अब सत्ता में आने के बाद कई नेताओं की ओर से बधाई संदेश नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और भाजपा के आदिवासी नेताओं को इसका जवाब देना चाहिए। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज की एकता और अखंडता को तोड़ना चाहती है और सवाल उठाया कि क्या इसी वजह से विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई संदेश नहीं दिए जा रहे हैं। बैज ने भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वे आदिवासी समाज से नहीं आते, इसके बावजूद उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई दी। बैज ने इसे भाईचारे और एकता की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक, देश की राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं की ओर से आदिवासी दिवस पर बधाई संदेश नहीं आना सवाल खड़ा करता है।

वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस लगातार सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर हमला बोल रही है। कहा- रायगढ़ से भाजपा सांसद राधेश्याम राठिया स्वयं आदिवासी समाज से आते हैं, जिस आदिवासी कोटे ने संसद तक पहुंचाया, उसी समाज के सबसे बड़े दिन विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई के लिए दो शब्द तक नहीं। भाजपा में नियम बनते जा रहा है, चुनाव में आदिवासी-आदिवासी जपो, सत्ता मिलते ही चुप्पी साध लो। एक वीडियो जारी करते हुए लिखा- मुख्यमंत्री जी पूरा छत्तीसगढ़ विश्व आदिवासी दिवस बड़े गर्व और धूमधाम से मना रहा था। आपने बधाई नहीं, आपने उत्सव में सम्मिलित नहीं हुए तो क्या हुआ ? आदिवासी समाज अपनी संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान का उत्सव मनाने के लिए किसी सत्ता की बधाई का मोहताज नहीं है। विश्व आदिवासी दिवस पर भाजपा के नेताओं की चुप्पी संयोग नहीं, 2023 से पहले बधाई देने वाले भाजपा नेता सत्ता मिलते ही आदिवासी समाज को भूल गए। (Politics on World Tribal Day)

Back to top button
error: Content is protected !!