पाकिस्तानी गृहमंत्री नकवी के सिस्टम कोलैप्स के बयान से तख्तापलट की चर्चा, क्या आसिम मुनीर के हाथ में आएगी पूरी सत्ता ?

Pakistani Home Minister Naqvi: एक तरफ पाकिस्तान गहरे आंतरिक संकट, बगावत और बदहाल अर्थव्यवस्था के दौर से गुजर रहा है। वहीं दूसरी तरफ देश के हुक्मरेानों के बयानों ने सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान के मौजूदा हालात किसी बड़े सैन्य तख्तापलट की ओर इशारा कर रहे हैं? पाकिस्तान के गृहमंत्री के एक कबूलनामे और खुफिया बैठकों से सामने आ रही रिपोर्ट्स के बाद यह सवाल सबसे बड़ा बन गया है कि क्या फील्ड मार्शल आसिम मुनीर जल्द ही देश की सीधी सत्ता अपने हाथ में ले सकते हैं ? दरअसल, इस्लामाबाद में आयोजित पाकिस्तान इकोनॉमिक समिट के दौरान देश के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने एक ऐसा बयान दिया, जिसने पूरे राजनीतिक तंत्र को हिलाकर रख दिया।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान में एक साथ चार मोर्चों पर संकट, बलूचिस्तान से PoK तक बगावत, आर्थिक तंगी और आंतरिक कलह से चरमराया देश
गृहमंत्री नकवी ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान का दशकों पुराना सियासी ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है। पिछले 21 सालों से रिश्वतखोरी का घोटाला चल रहा है, जिसमें जज, नौकरशाह, नेता और बैंकर सभी शामिल हैं। जब तक देश के नेता व्यवस्था ठीक नहीं करते, तब तक फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की मेहनत का फायदा नहीं होगा। पाकिस्तान की राजनीति में नकवी को फौज का सिविलियन चेहरा माना जाता है। वे आर्मी चीफ आसिम मुनीर के बेहद करीबी माने जाते हैं और विश्लेषकों का मानना है कि वे वही बोल रहे हैं, जो रावलपिंडी स्थित आर्मी हेडक्वार्टर बुलवाना चाहता है। इस बयान को सीधे तौर पर एक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। फेडरल बोर्ड ऑफ रेवेन्यू के पूर्व चेयरमैन सैय्यद शब्बर जैदी का भी मानना है कि पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार इतने ऊंचे स्तर पर यह स्वीकार किया गया है कि देश का गवर्नेंस सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। मौजूदा सरकार और 1973 का संविधान आवाम की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
तख्तापलट की चर्चा कितनी गंभीर ?
पाकिस्तान के इतिहास का यह एक पुराना और जाना-पहचाना पैटर्न रहा है कि देश पर संकट जितना गहराता है, सेना प्रमुख खुद को उतना ही अनिवार्य साबित करते हैं। देश में अब तक चार बार फौजी जनरलों द्वारा तख्तापलट किया जा चुका है। 1958 में जनरल अयूब खान ने प्रशासनिक खींचतान का हवाला देकर सैन्य तानाशाही स्थापित की थी। 1969 में जनदबाव के चलते अयूब खान ने जनरल याह्या खान को सत्ता सौंपी। 1977 में चुनावी धांधली के आरोपों के बीच जनरल जिया-उल-हक ने तख्तापलट किया। 1999 में कारगिल युद्ध की हार और आंतरिक उथल-पुथल के बीच जनरल परवेज मुशर्रफ सत्ता पर काबिज हुए। बीते कुछ समय से फील्ड मार्शल आसिम मुनीर सिर्फ रक्षा मामलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे जनसंख्या नियंत्रण और मानसून प्रबंधन जैसे विशुद्ध सिविलियन मुद्दों पर भी उच्चस्तरीय बैठकें कर रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक हलकों तक यह सवाल उठने लगा है कि क्या आपदा प्रबंधन देखना आर्मी चीफ का काम है? (Pakistani Home Minister Naqvi)
आसिम मुनीर के बढ़ते प्रभाव पर नजर
पाक आर्मी के पूर्व अफसर आदिल रजा ने खुफिया एजेंसी आईएसआई की एक लंबी बैठक के हवाले से दावा किया है कि शीर्ष सैन्य नेतृत्व मान चुका है कि मौजूदा सिस्टम ढह चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार आसिम मुनीर पाकिस्तान के राष्ट्रपति बन सकते हैं और मोहसिन नकवी को नया प्रधानमंत्री बनाया जा सकता है। पाकिस्तानी राजनीतिक एक्सपर्ट्स का मानना है कि मुनीर को या तो सेना को वापस बैरकों में भेजना चाहिए या फिर परदे के पीछे से सरकार चलाने के बजाय सीधे मार्शल लॉ लागू कर देश का सामना करना चाहिए। जानकारों का कहना है कि व्यावहारिक रूप से मुनीर पहले से ही तानाशाही चला रहे हैं और वर्तमान सरकार उनकी सिर्फ एक कठपुतली मात्र है। राजनीतिक विश्लेषकों और रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आसिम मुनीर पर्दे के पीछे से सरकार चलाने के बजाय सीधे तौर पर मार्शल लॉ लागू कर सकते हैं। 2025 में पाकिस्तान के संविधान में हुए बड़े बदलावों के बाद मुनीर की सैन्य शक्ति और संस्थागत स्थिति और मजबूत हुई। उन्हें सेना के साथ-साथ वायुसेना और नौसेना पर भी व्यापक कमान दी गई और उन्हें आजीवन कानूनी संरक्षण मिलने की व्यवस्था की गई।
आंतरिक उथल-पुथल पर अलग-अलग नजरिए
आलोचकों ने इसे सेना के प्रभाव को संवैधानिक रूप देने की कोशिश बताया। इसी वजह से पाकिस्तान के राजनीतिक विश्लेषक अब यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या मुनीर को सत्ता पर कब्जे के लिए पारंपरिक सैन्य तख्तापलट की जरूरत भी पड़ेगी या मौजूदा संवैधानिक ढांचा ही उन्हें पर्याप्त प्रभाव दे चुका है। पाकिस्तान में मची इस आंतरिक उथल-पुथल को भारतीय रणनीतिकार अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। यह भारत के लिए चिंता और मौका दोनों है। भारतीय रणनीतिकारों के मुताबिक पाकिस्तान में जब भी आंतरिक परेशानियां बढ़ती हैं, वहां का हुक्मरान तबका जनता का ध्यान भटकाने के लिए भारत पर किसी न किसी रूप में हमले का षड्यंत्र रचता है। इससे निपटने के लिए भारत को पूरी तरह सतर्क रहने की आवश्यकता है। भारत को एक बड़े पाकिस्तानी दुस्साहस के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए, क्योंकि आंतरिक दबाव से उबरने के लिए पाकिस्तानी सेना अक्सर आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश करती है। (Pakistani Home Minister Naqvi)
भारत के लिए इस उठापटक के क्या मायने हैं ?
कूटनीतिक मोर्चे पर यह भारत के लिए एक बड़ा अवसर है। विशेषज्ञों का कहना है कि PoK और अन्य प्रांतों के लोग अब पाकिस्तान की दमनकारी नीतियों से तंग आ चुके हैं और वे खुद को इस्लामाबाद से दूर महसूस कर रहे हैं। वॉशिंगटन स्थित गिलगिट-बाल्टिस्तान स्टडीज के फाउंडर सेंगे हसीब सेरिंग जैसे विचारक यह मांग कर रहे हैं कि भारत को PoK के नागरिकों पर हो रहे अत्याचारों और मानवाधिकार हनन का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय न्यायालय और वैश्विक मंचों पर प्रमुखता से उठाना चाहिए। ऐसे में सीमा पर तनाव, आतंकी गतिविधियों या किसी अचानक सैन्य कार्रवाई का खतरा बढ़ सकता है। दूसरी ओर पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में बढ़ता असंतोष और बलूचिस्तान समेत दूसरे इलाकों में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नाराजगी भारत के लिए रणनीतिक अवसर भी पैदा करती है। भारत के लिए जरूरी होगा कि वह पाकिस्तान के आंतरिक घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे, सीमा सुरक्षा मजबूत रखे और किसी भी उकसावे का जवाब देते हुए क्षेत्रीय स्थिरता को प्राथमिकता दे। यानी पाकिस्तान का संकट भारत के लिए चिंता भी है और रणनीतिक अवसर भी।
संकट बढ़ा तो सेना की भूमिका और बढ़ सकती है
पाकिस्तान के सामने एक साथ कई संकट हैं। बलूचिस्तान में विद्रोह, खैबर-पख्तूनख्वा में आतंकवाद, PoK में आंदोलन और आर्थिक दबाव सरकार की क्षमता की परीक्षा ले रहे हैं। इसी बीच पाकिस्तान के गृहमंत्री का यह कहना कि मौजूदा सिस्टम कोलैप्स हो चुका है, राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण संकेत है। दूसरी ओर, आसिम मुनीर के बढ़ते संवैधानिक और सैन्य अधिकारों ने सेना की भूमिका को पहले से ज्यादा मजबूत किया है। इसलिए फिलहाल तस्वीर को तख्तापलट होने वाला है कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन पाकिस्तान में सैन्य वर्चस्व और सत्ता के केंद्रीकरण की बहस जरूर तेज हो गई है। अगर आने वाले महीनों में राजनीतिक व्यवस्था सुरक्षा और आर्थिक संकट से निपटने में विफल रहती है तो सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या पाकिस्तान लोकतांत्रिक सरकार के जरिए संकट से निकलेगा या एक बार फिर सत्ता का रास्ता रावलपिंडी की ओर जाएगा ? (Pakistani Home Minister Naqvi)



