Google Analytics —— Meta Pixel

राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में, 17 टोलियां परेड में होंगी शामिल

मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय फहराएंगे तिरंगा; घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड होंगे मुख्य आकर्षण

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी रायपुर में तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

मुख्य समारोह से पहले गुरुवार को पुलिस परेड ग्राउंड में ‘फुल ड्रेस रिहर्सल’ का आयोजन किया गया। इस दौरान परेड, सुरक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक व अन्य आयोजनों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि मुख्य समारोह में किसी तरह की चूक न रहे।

परेड में दिखेगी 17 टोलियों की कदमताल

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस परेड में कुल 17 टोलियां (टुकड़ियां) हिस्सा ले रही हैं। इनमें प्रमुख केंद्रीय बल—BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB—शामिल हैं। इस बार परेड का विशेष आकर्षण बिहार पुलिस की टुकड़ी का शामिल होना रहेगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष व महिला टुकड़ियों और जेल पुलिस के जवान भी एक साथ कदमताल करते नज़र आएंगे। समारोह में नगर सेना (होमगार्ड) और NCC की टुकड़ियां भी परेड में भाग लेंगी।

डॉग स्क्वायड और घुड़सवार दल होंगे आकर्षण का केंद्र

समारोह में सुरक्षा बलों के घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड द्वारा अपने खास कौशल व हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया जाएगा, वहीं अनुशासित घुड़सवार दल की प्रस्तुति भी दर्शकों को रोमांचित करेगी।

सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम

मुख्य समारोह को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें लगातार ग्राउंड का जायजा लेकर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं।

यह भी पढ़े :- CG NEWS : मवेशी चराने गए ग्रामीण को भालू ने नोचा, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत

Back to top button
error: Content is protected !!