Google Analytics —— Meta Pixel

आंखों से बार-बार पानी आने की वजहें और जानें कब डॉक्टर से मिलना है जरूरी

अक्सर धूल, धुआं, तेज रोशनी, ठंडी हवा या थकान के कारण आंखों से पानी आना एक सामान्य प्रक्रिया है—यह आंखों का खुद को साफ रखने का प्राकृतिक तरीका होता है। हालांकि, यदि आंखों से बार-बार या लगातार पानी आ रहा है, तो इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। समय पर सही कारण का पता लगाकर उचित इलाज कराना बेहद जरूरी है।

क्यों बहते हैं आंखों से आंसू?

हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, आंखों से बार-बार पानी आने की मुख्य वजहें निम्नलिखित हो सकती हैं:

ड्राई आई सिंड्रोम: आंखों में पर्याप्त नमी न रहने से जलन होती है, जिसके जवाब में आंखें अत्यधिक आंसू बनाने लगती हैं।

संक्रमण व एलर्जी: आंख का इंफेक्शन, एलर्जी और साइनस की समस्या से भी पानी आता है।

पलकों से जुड़ी दिक्कतें: पलकों में सूजन, पलक का अंदर या बाहर की ओर मुड़ना या पलक का बाल आंख में चुभना।

अश्रु नलिका (Tear Duct) का बंद होना: आंसू निकालने वाली नली ब्लॉक होने पर आंसू सामान्य रूप से बाहर नहीं निकल पाते और बहने लगते हैं।

अन्य कारण: आंख में चोट लगना, किसी दवा का दुष्प्रभाव या मेडिकल ट्रीटमेंट।

डॉक्टर से कब करें संपर्क?

यदि समस्या कई दिनों तक बनी रहती है या बार-बार होती है, तो नेत्र रोग विशेषज्ञ (आई स्पेशलिस्ट) को तुरंत दिखाएं। विशेष रूप से निम्नलिखित लक्षणों पर तुरंत ध्यान दें:

  • आंखों में तेज दर्द, अत्यधिक लालिमा या सूजन होना
  • धुंधला दिखाई देना या रोशनी से परेशानी होना
  • आंख में चोट लगने के बाद लगातार पानी बहना
  • पानी के साथ चिपचिपा पदार्थ (डिस्चार्ज) निकलना या आंखें खोलने में तकलीफ होना

विशेषज्ञ की सलाह: किसी भी स्थिति में बिना डॉक्टरी परामर्श के खुद से आंखों में कोई आई ड्रॉप या दवा न डालें।

यह भी पढ़े :- बिहार के लखीसराय में मंदिर के बाहर भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, करंट फैलने की अफवाह से मची अफरा-तफरी

Back to top button
error: Content is protected !!