Google Analytics —— Meta Pixel

‘दिमागी नक्सल’ मुद्दे पर BJP का कांग्रेस को जवाब, सुधांशु त्रिवेदी ने चिदंबरम को घेरा

Dimagi Naxal : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ (Dimagi Naxal) वाले बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया था, लेकिन पिछले 24 घंटे में ‘दिमागी नक्सल’ खुद सामने आ गए।

सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि चिदंबरम ने खुद को ‘दिमागी नक्सल’ (Dimagi Naxal) कहे जाने पर गर्व जताया है। उन्होंने कहा कि चिदंबरम के कार्यकाल के दौरान नक्सलवाद से जुड़ी हिंसा में हजारों निर्दोष लोगों की जान गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान देश के करीब 180 जिले नक्सल प्रभावित थे।

‘नक्सलवाद आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा’

बीजेपी सांसद ने कहा कि नक्सलवाद देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए लंबे समय तक बड़ा खतरा रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 13 अप्रैल 2006 के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने नक्सलवाद को भारत की आंतरिक सुरक्षा के सामने मौजूद सबसे बड़े खतरों में से एक बताया था।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए इस चुनौती को काफी हद तक खत्म करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि पार्टी मनमोहन सिंह की बात को सही मानती है या पी. चिदंबरम के मौजूदा रुख को?

15 अगस्त को पीएम मोदी ने क्या कहा था?

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद और माओवाद को लेकर कहा था कि इनसे देश के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा था कि वर्ष 2014 में सरकार ने देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का संकल्प लिया था और अब यह समस्या अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है।

प्रधानमंत्री ने साथ ही ‘दिमागी नक्सल’ का जिक्र करते हुए कहा था कि ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है। पीएम मोदी के इसी बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

यह भी पढ़े :- आंखों से बार-बार पानी आने की वजहें और जानें कब डॉक्टर से मिलना है जरूरी

Back to top button
error: Content is protected !!