नकली पनीर की बड़ी फैक्टरी पर प्रशासन का छापा, हजारों किलो माल जब्त
महासमुंद। जिले में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने मिलावटी व प्रतिबंधित ‘एनालॉग पनीर’ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासनिक टीम ने भलेसर रोड स्थित ‘वैद्या फूड प्रोडक्ट्स’ पर छापा मारकर करीब तीन एकड़ में फैले परिसर से भारी मात्रा में तैयार नकली पनीर बरामद किया है।
कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने यह अचानक दबिश दी। मौके से हजारों किलोग्राम संदिग्ध पनीर मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं, प्रारंभिक कार्रवाई के तहत फैक्टरी को सील कर दिया गया है।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
जानकारी के अनुसार, इस फैक्टरी में काफी समय से प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बनाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। खास बात यह रही कि इस कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को अंतिम समय में ही सूचना दी गई। खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर पहले से सवाल उठ रहे थे, ऐसे में प्रशासन की इस सीधी कार्रवाई से विभागीय कार्यशैली पर भी चर्चा शुरू हो गई है।
व्यापारियों में मचा हड़कंप
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद नकली पनीर का निर्माण करने और पड़ोसी राज्यों से पनीर लाकर छत्तीसगढ़ व ओडिशा में सप्लाई करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह व कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल प्रशासन खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
यह भी पढ़े :- ‘दिमागी नक्सल’ मुद्दे पर BJP का कांग्रेस को जवाब, सुधांशु त्रिवेदी ने चिदंबरम को घेरा



