CDTH बलौदाबाजार : चंदा देवी तिवारी अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वेदप्रकाश वर्मा की नियमित सेवाएं शुरू, पहले दिन 53 मरीजों का परीक्षण
जिले में हृदय रोगियों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा
बलौदाबाजार : चंदा देवी तिवारी अस्पताल में प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वेद प्रकाश वर्मा ने नियमित चिकित्सा सेवाएं शुरू कर दी हैं। सेवा के पहले ही दिन उन्होंने 53 मरीजों का परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया।
यह भी पढ़े :- भाजपा की नई केंद्रीय टीम का ऐलान: वसुंधरा राजे उपाध्यक्ष और स्मृति ईरानी को महामंत्री पद की जिम्मेदारी
डॉ. वेद प्रकाश वर्मा की नियमित सेवाएं शुरू होने पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं आमजनों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। नागरिकों ने जिले में हृदय रोगियों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल के लिए अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. नितिन तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया।

हार्ट अटैक की स्थिति में समय पर उपचार बड़ी चुनौती
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. नितिन तिवारी ने कहा कि पिछले लगभग 10 वर्षों में यह देखने में आया है कि जिले के हृदय रोगियों को हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में उपचार के लिए रायपुर अथवा बिलासपुर जाना पड़ता था। अस्पताल तक पहुंचने में लगने वाले समय के कारण कई बार मरीजों को गोल्डन ऑवर में आवश्यक उपचार नहीं मिल पाता था, जिससे गंभीर परिणाम सामने आते थे।

कैथ लैब और विशेषज्ञ कार्डियोलॉजिस्ट की सुविधा की पहल
उन्होंने बताया कि इसी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए चंदा देवी तिवारी अस्पताल में कैथ लैब की शुरुआत तथा विशेषज्ञ कार्डियोलॉजिस्ट की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की गई है। इसका उद्देश्य जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है।

स्थानीय स्तर पर आधुनिक हृदय चिकित्सा की सुविधा
डॉ. नितिन तिवारी ने कहा कि अस्पताल में कार्डियक सेवाओं के विस्तार से जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक हृदय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में मरीजों को दूर-दराज के शहरों तक ले जाने में लगने वाला बहुमूल्य समय भी बचाया जा सकेगा।
समय पर लें चिकित्सकीय परामर्श
अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि हृदय संबंधी किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति में चिकित्सकीय परामर्श लेने में देरी न करें और आवश्यकता होने पर तत्काल उपचार कराएं।



