Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर बवाल, बैज ने इसे युवाओं से जोड़ा, कहा- युवा नक्सली नहीं, देश का भविष्य हैं, साव बोले- ऐसे लोगों से सावधान रहें

Politics on Dimagi Naxal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में दिए गए दिमागी नक्सल वाले बयान को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री के बयान पर आपत्ति जताते हुए इसे युवाओं से जोड़ दिया। बैज ने कहा कि युवा और छात्र दिमागी नक्सली नहीं है, बल्कि देश का भविष्य हैं। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को अप्रत्यक्ष रूप से दिमागी नक्सली कहा है, जबकि युवा अपने हक की आवाज उठा रहे हैं। प्रधानमंत्री और भाजपा को उनसे माफी मांगनी चाहिए। इस पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि आज पूरे देश से सशस्त्र नक्सलवाद समाप्त हो गया है।

यह भी पढ़ें:- BJP की राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ का बढ़ा कद, रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा तो दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया की कमान

साव ने कहा कि नक्सलवादी करते क्या थे निर्दोष लोगों को मारना, विकास के कामों को रोकना, संविधान और देश के विपरीत बातें करना। समाज में विभाजन और अलगाव पैदा करने वाले लोग ही दिमागी नक्सल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा है वह सही कहा है। हमारा देश एकजुट रहे। देश आगे बढ़े। दिमागी नक्सलवाद से सावधान रहकर उनसे बचकर देश को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कुछ समय से कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं का आचरण, व्यवहार और उनके काम यह बताता है कि आजकल कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के नेता राष्ट्रीय हित के विपरीत आचरण करने लगे हैं। (Politics on Dimagi Naxal)

लाल किले से PM मोदी ने क्या कहा था ?

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित करते हुए कहा था कि 21वीं सदी में दशकों पुरानी जो चुनौतियां है, उन चुनौतियों को खत्म करना बहुत अनिवार्य है। नक्सलवाद ने लाखों युवाओं के भविष्य को तबाह कर दिया। अनेक माताओं बेटों को छीन लिया, बर्बाद कर दिया, हर मां-बाप के सपनों को चूर-चूर कर दिया। इस नक्सलवाद ने चार-चार दशक तक हिंदुस्तान के बहुत बड़े हिस्से को, बहुत बड़ी आबादी को दबोच करके रखा था, बंदूक के नोक पर दबोच करके रखा था, संविधान की धज्जियां उड़ा दी थी और देश के सामान्य नागरिकों की रक्षा में 3500 से ज्यादा हमारी पुलिस के सुरक्षाबल के जवान शहीद हो गए।

PM मोदी ने आगे कहा था कि युद्ध के अंदर जितने सैनिक मरते हैं, उससे ज्यादा हमारे पुलिस जवानों को जान की बाजी लगानी पड़ी, ताकि देश के सामान्य मानवी को सुरक्षा मिले। इस नक्सलवाद ने धरती को लहूलुहान कर दिया था। 2014 में आपने जब हमें मौका दिया, उसी दिन हमने संकल्प लिया था कि हम देश को नक्सलवाद से मुक्त करेंगे और आज मुझे खुशी है कि नक्सली नक्सली हिंसा आखिरी सांस भी शायद रहने की अब तो ताकत नहीं रही है, पूरी तरह उसे खत्म करने की दिशा में है, जहां पर कभी नक्सलवादियों की गोलियां चलती थी, जहां पर कभी धरती रक्त रंजित रहा करती थी, आज उसी नक्सल क्षेत्रों में, उसी इलाकों में, नक्सल मुक्त होने के कारण विकास, विश्वास और प्रयास का तिरंगा लहरा रहा है, लेकिन इस चुनौती को हमने कम नहीं आंकना है।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा था कि इस चुनौती से हमें और भी सावधान रहने की जरूरत है। सालों तक देश की सत्ता में नक्सली सोच के लोग गलियारों में अपनी जगह बनाकर के बैठे थे। सरकारी कमेटियों में सलाहकार के रूप में भी ये माओवादी सोच ने नीतियों को प्रभावित किया था। जंगलों में हमें हथियारी नक्सलों का खात्मा बुलाने में उस संकट से देश को मुक्त कराने में सफलता मिली है। हथियारी नक्सल तो गए, लेकिन दिमागी नक्सल मौके की तलाश में है। हिंसा अराजकता के वो रास्ते खोज रहे हैं। समाज को गलत राह पर घसीटने के लिए भांति-भांति के दांव कर रहे हैं। इन दिमागी नक्सलियों को पहचानना होगा। इन दिमागी नक्सलियों को आइसोलेट करना होगा और राष्ट्र को विकसित राष्ट्र बनाने की मुख्यधारा की ओर देश की युवा पीढ़ी को जोड़ना होगा। (Politics on Dimagi Naxal)

बयान के बाद कांग्रेस और BJP आमने-सामने

प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद अब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस जहां दिमागी नक्सलवाद शब्द को युवाओं और छात्रों से जोड़ने पर आपत्ति जता रही है, वहीं भाजपा इसे वैचारिक तौर पर देश और समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ चेतावनी के रूप में पेश कर रही है। एक तरफ दीपक बैज युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए प्रधानमंत्री और भाजपा से माफी की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ अरुण साव प्रधानमंत्री के बयान को सही ठहराते हुए कांग्रेस के राजनीतिक आचरण पर सवाल उठा रहे हैं। यानी दिमागी नक्सलवाद का मुद्दा अब सिर्फ नक्सलवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सियासत में यह कांग्रेस और भाजपा के बीच एक नए राजनीतिक टकराव की वजह बन गया है। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग ने दशकों तक नक्सलवाद का दंश झेला है। हिंसा ने न सिर्फ विकास की रफ्तार को रोका, बल्कि हजारों परिवारों से उनके अपनों को भी छीन लिया। आज जब प्रदेश नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक दौर में खड़ा है, तब दिमागी नक्सलवाद जैसे शब्दों को लेकर सियासी बहस भी तेज हो गई है। सवाल यही है कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई सिर्फ बंदूक तक सीमित है या विचारों के स्तर पर भी इसे खत्म करना जरूरी है।

Back to top button
error: Content is protected !!