Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी के दिमागी नक्सल वाले बयान पर सियासत तेज, कांग्रेस-AAP समेत विपक्ष ने पूछा- कौन हैं दिमागी नक्सल ?

Opposition on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में दिए गए दिमागी नक्सल वाले बयान पर विपक्षी दल हमलावर हो गई है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, शिवसेना (UBT) समेत विपक्ष के कई नेताओं ने प्रधानमंत्री के बयान पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर दिमागी नक्सल की परिभाषा क्या है और किन लोगों को इस श्रेणी में रखा जा रहा है ? कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि दो-तीन साल पहले PM मोदी अपने राजनीतिक विरोधियों को अर्बन नक्सल कहते थे, तब संसद में ये पूछा गया कि अर्बन नक्सल की परिभाषा क्या है? तो गृहमंत्री से जवाब आता है कि अर्बन नक्सल कोई चीज नहीं है, कोई परिभाषा नहीं है। अब प्रधानमंत्री लाल किले से दिमागी नक्सल की भाषा अपने राजनीतिक विरोधियों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- PM मोदी के बयान के बाद विपक्ष के नेताओं ने अपनाया टैग, चिदंबरम से केजरीवाल-महबूबा से लेकर महुआ तक ने कहा- मैं दिमागी नक्सल हूं

उन्होंने आगे कहा कि हकीकत ये है कि जो मुद्दा और मांग अर्बन नक्सल उठाते हैं, उसे प्रधानमंत्री स्वीकार करते हैं। जातिगत जनगणना को लेकर उन्होंने अर्बन नक्सल सोच ठहराया था, लेकिन एक साल पहले उन्होंने जाति आधारित जनगणना की घोषणा की। पहले आप गाली दें, अर्बन नक्सल कहो, दिमागी नक्सल कहो, लेकिन बाद में जो आपके राजनीतिक विरोधी कह रहे हैं उनकी मांगों को मानो। 12 साल बाद भी उनके राजनीतिक भाषण में कोई नई बात नहीं थी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि पहले भी जिन लोगों को जमीनी नक्सल कहा, उन्हीं किसानों की बात माननी पड़ी, नौजवानों को नक्सल कहा और फिर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेना पड़ा। पहले तो वे हाथ-पैर मारते हैं, लेकिन बाद में उन्हीं की बात मान लेते हैं।

आप किसे दिमागी नक्सल कह रहे हैं ?: शुक्ला 

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि पहले तो दिमागी नक्सल की परिभाषा बताई जाए कि ये क्या है? आप किसे दिमागी नक्सल कह रहे हैं ? ये तमाम उन युवाओं का अपमान है, तमाम उन सोचने वालों का अपमान है, तमाम उन बुद्धिजीवियों का अपमान है, जो देश के लिए और समाज के लिए सोचते हैं। पहले भी उन्होंने अर्बन नक्सल का टैग दिया था, लेकिन अब दिमागी नक्सल बता दिया। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री को पहले ये बताना चाहिए कि दिमागी तौर पर नक्सल कौन लोग हैं। क्या भाजपा और RSS में वे लोग मौजूद हैं? क्या ये वे लोग हैं जो सड़क पर जबरदस्ती जय श्री राम के नारे लगवाते हैं? क्या ये वे लोग हैं जो लोगों को जबरदस्ती ट्रेन से उतारकर मारते हैं? क्या ये वे लोग हैं जो मज़हब को लेकर राजनीति करते हैं? प्रधानमंत्री को बताना चाहिए। (Opposition on PM Modi)

ये पढ़े लिखों को अर्बन नक्सल बोलते हैं: कीर्ति आजाद

TMC सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि प्रधानमंत्री का कमाल है, जो पढ़ा लिखा है वो नक्सल है और जो अनपढ़ और अज्ञानी है, वो देशभक्त है। 6 लाख सरकारी स्कूलों में से 1.5 लाख सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। 1 लाख ऐसे स्कूल हैं, जहां लड़कियों के लिए बाथरूम नहीं हैं। 1.25 लाख स्कूलों में सिर्फ एक ही शिक्षक है, तभी ये पढ़े लिखों को अर्बन नक्सल बोलते हैं। जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा कि किसे पहचानने की आवश्यकता है ये तो PM मोदी ही बताएंगे कि कौन दिमागी तौर पर नक्सली है या पागल है। हो सकता है कि ऐसे बहुत सारे लोग भाजपा में ही हों। शिवसेना (UBT) प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि मैं दिमागी नक्सल नहीं हूं। मैं दिमागी भारतीय हूं, मैं दिमागी राष्ट्रवादी हूं, मैं दिमागी सनातनी हूं, मैं दिमागी हिंदू हूं और मैं दिमागी मातृभूमि का बालक हूं। (Opposition on PM Modi)

असली दिमागी नक्सली तो खुद BJP के लोग हैं: संजय सिंह 

दुबे ने कहा कि अब किसी को लगता है कि मैं दिमागी नक्सल हूं, तो वो होगा। प्रधानमंत्री जी ने कहा तो इसका यह मतलब नहीं कि आप लोग मान लो कि मैं दिमागी नक्सल हूं। अरे, कोई होगा नक्सल, भारत के बाहर बैठा होगा, भारत के बाहर बैठ कर भारत के खिलाफ षडयंत्र रचने वाला भी नक्सली हो सकता है। भारत में रहने वाला हर व्यक्ति देशभक्त होना चाहिए, राष्ट्रवादी होना चाहिए। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि असली दिमागी नक्सली तो खुद BJP के लोग हैं, जो पूरे देश में नफरत फैला रहे हैं और झगड़े भड़का रहे हैं। इस बीच ओडिशा के भुवनेश्वर में ADG, एंटी-नक्सल ऑपरेशन्स संजीव पांडा ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री ने सभी राज्यों को 31 मार्च 2026 तक नक्सली हिंसा से मुक्त होने का लक्ष्य दिया है। ओडिशा में CRPF और BSF जैसे संगठनों के सहयोग से यह लक्ष्य समय-सीमा से पहले ही हासिल कर लिया गया, जिससे ओडिशा नक्सल-मुक्त हो गया। पिछले दो सालों में सुरक्षाबलों ने 27 कट्टर नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें सेंट्रल कमेटी के दो सदस्य भी शामिल हैं। नक्सलवाद के खिलाफ इस लड़ाई में हमारे 239 सुरक्षाकर्मियों ने अपनी जान गंवाई और उनके बलिदान की वजह से ही माओवादियों को मुख्यधारा में लाने में सफलता मिली है। 

PM मोदी ने लाल किले से क्या कहा था ?

उन्होंने कहा कि ओडिशा में 70 माओवादियों ने सरेंडर किया है और उन्हें सरेंडर पैकेज के तहत सुविधाएं देकर मुख्यधारा से जोड़ा गया है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि नक्सलवाद, माओवाद लाखों युवाओं के भविष्य को तबाह कर दिया, अनेक माताओं के दुधमल नौजवानों को छीन लिया, बर्बाद कर दिया और मां-बाप के सपनों को चूर-चूर कर दिया। इस नक्सलवाद ने चार दशक तक हिंदुस्तान के बहुत बड़े हिस्से को, वहां की बड़ी आबादी को दबोचकर रखा था, बंदूक की नोंक पर दबोचकर रखा ता और संविधान की धज्जियां उड़ा दी थीं और देश के सामान्य नागरिकों की रक्षा में 3500 से ज्यादा हमारे पुलिस सुरक्षा बल के जवान शहीद हो गए। युद्ध के अंदर जितने सैनिक मरते हैं, उससे ज्यादा हमारे पुलिस-जवानों को जान की बाजी लगानी पड़ी, ताकि देश के सामान्य मानवी को सुरक्षा मिले। हथियारी नक्सल तो गए, लेकिन दिमागी नक्सल मौके की तलाश में हैं, हिंसा और अराजकता के वे रास्ते खोज रहे हैं। समाज को गलत राह पर घसीटने के लिए, भांति-भांति के दांव खेल रहे हैं, इन दिमागी नक्सलों को पहचानना होगा। इन दिमागी नक्सलियों को आइसोलेट करना होगा और राष्ट्र को विकसित राष्ट्र बनाने की मुख्यधारा की ओर देश की युवा पीढ़ी को जोड़ना होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!