अवैध संबंध, वीडियो और ब्लैकमेलिंग… पति-पत्नी ने रची युवक की हत्या की खौफनाक साजिश, पढ़े पूरी खबर
चिल्फी पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी चिल्फी थाना पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान होकर दोनों आरोपियों ने युवक की हत्या की साजिश रची थी।
मामला डिंडौरी चौकी क्षेत्र का है। घानाघाट निवासी 24 वर्षीय अरुण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल का शव 30 जुलाई की रात गांव में एक घर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में चिल्फी थाना पुलिस और डिंडौरी चौकी की संयुक्त टीम ने मामले की जांच करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की।
महाराष्ट्र में बने थे अवैध संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब तीन साल पहले मृतक अरुण पटेल, आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल मजदूरी करने महाराष्ट्र गए थे। वहां तीनों एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान अरुण पटेल और मनीषा पटेल के बीच अवैध संबंध बन गए। बताया गया कि इसी दौरान मृतक ने दोनों के बीच संबंधों से जुड़ा एक वीडियो बना लिया था।
वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान थी महिला
पुलिस के अनुसार, गांव लौटने के बाद अरुण पटेल कथित वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मनीषा पटेल को परेशान कर रहा था। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति मुकेश पटेल को दी। इसके बाद दोनों ने अरुण को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो पति-पत्नी ने उसकी हत्या की साजिश रच दी।
जांच के बाद हुआ हत्या का खुलासा
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में पति-पत्नी की भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में सनसनीखेज वारदात: कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता की हत्या, शव बोरी में भरकर भागने की कोशिश



