छत्तीसगढ़ में सनसनीखेज वारदात: कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता की हत्या, शव बोरी में भरकर भागने की कोशिश
धौरपुर / सरगुजा : सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सपड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक कलयुगी बेटे ने अपने ही वृद्ध माता-पिता की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शवों को बोरी में भरकर ठिकाने लगाने की फिराक में था, तभी उसके छोटे भाई के आ जाने से मंसूबे नाकाम हो गए और आरोपी मौके से फरार हो गया।
घर पहुंचते ही छोटे भाई के उड़े होश
मृतकों की पहचान हीराधार यादव और गुलाबी यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने घरेलू विवाद के दौरान माता-पिता पर धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने दोनों शवों को प्लास्टिक की बोरियों में भरकर छिपाने की तैयारी कर ली थी। इसी दौरान उसका छोटा भाई घर पहुंचा। भाई को देखते ही आरोपी हड़बड़ा गया और शवों को छोड़कर मौके से भाग निकला।
गांव में फैली दहशत, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हत्या के स्पष्ट कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है; परिजनों व आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस खौफनाक वारदात के बाद से सपड़ा गांव में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़े :- प्राकृतिक खेती से जीराफूल चावल की नई पहचान, FPO से जुड़कर 832 किसान उठा रहे लाभ



