Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 23 IAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के बदले कलेक्टर 

Transfer of IAS Officers: छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 23 IAS अधिकारियों का तबादला किया है। इस फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को मंत्रालय और अलग-अलग विभागों में नई जिम्मेदारी दी गई है। नगरीय प्रशासन, आदिम जाति विभाग, खाद्य, नागरिक आपूर्ति, पर्यटन और सामान्य प्रशासन विभाग में भी बदलाव किया गया है। तबादला सूची के मुताबिक आदिम जाति विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन और विकास विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। वहीं आर. संगीता को नगरीय प्रशासन विभाग से हटाकर बिना प्रभार के मंत्रालय में सचिव बनाया गया है। भुवनेश यादव को आदिम जाति विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

यह भी पढे़ं:- भाजपा में कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता, कांग्रेस केवल मुद्दा तलाश रही: श्याम बिहारी जायसवाल

कई जिलों में बदले कलेक्टर

सरकार ने जिलों की प्रशासनिक कमान में भी बदलाव किया है। रणबीर शर्मा को गरियाबंद का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं गरियाबंद के मौजूदा कलेक्टर भगवान सिंह उईके को फील्ड से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। कुंदन कुमार को कांकेर का नया कलेक्टर बनाया गया है। इससे पहले कांकेर कलेक्टर रहे नीलेश कुमार क्षीरसागर को नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह अमृत विकास तोपनो को मुंगेली का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। जयश्री जैन को सक्ती जिले का कलेक्टर बनाया गया है, जबकि तुलिका प्रजापति को कबीरधाम की नई कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कबीरधाम के मौजूदा कलेक्टर गोपाल वर्मा को भी फील्ड से हटाकर वन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। (Transfer of IAS Officers)

खाद्य, नगरीय प्रशासन और पर्यटन विभाग में भी बदलाव

वहीं तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का कलेक्टर बनाया गया है। तबादला सूची में खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। भोसकर बिलास संदिपान को नागरिक आपूर्ति निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं जगदीश सोनकर को खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। लीना कोसम को दुर्ग नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। पर्यटन विभाग में भी नई पदस्थापना की गई है। सौमिल रंजन चौबे को पर्यटन मंडल का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। वहीं पर्यटन मंडल के मौजूदा प्रबंध संचालक विवेक आचार्य की सेवाएं उनके मूल विभाग वन विभाग में वापस कर दी गई हैं। 23 IAS अधिकारियों के इस तबादले को राज्य में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव माना जा रहा है। एक तरफ जहां कई जिलों में नए कलेक्टरों की पदस्थापना की गई है, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ अधिकारियों को मंत्रालय और विभागीय जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस फेरबदल के जरिए जिलों के साथ-साथ नगरीय प्रशासन, खाद्य आपूर्ति, पर्यटन और वन विभाग के कामकाज में भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट

Back to top button
error: Content is protected !!