Google Analytics —— Meta Pixel

मकई की बोरियों में छिपा था 56 किलो ड्रग्स, सऊदी अरब भेजने की थी साजिश, जानिए क्या है मेथंफेटामाइन ?

Methamphetamine Trafficking News: राजस्व आसूचना निदेशालय यानी DRI ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत से सऊदी अरब तक मेथंफेटामाइन की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है। DRI ने नवा शेवा बंदरगाह पर एक निर्यात खेप से करीब 56 किलोग्राम मेथंफेटामाइन पाउडर बरामद किया है। इस मामले में निर्यातक और ट्रांसपोर्टर/फ्रेट फॉरवर्डर को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक DRI को इस तस्करी को लेकर खुफिया सूचना मिली थी। इसके आधार पर 16 और 17 अगस्त 2026 को नवा शेवा बंदरगाह पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान निर्यात के लिए भेजी गई खेप को रोका गया। इसमें कुल 351 बोरियां थीं।

यह भी पढ़ें:- दिमागी नक्सली विवाद ने पकड़ा तूल, बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने, बस्तर शांति समिति ने चिदंबरम से की माफी की मांग

जांच में सामने आया कि इन बोरियों में से एक में मेथंफेटामाइन को बड़ी चालाकी से मकई के साथ मिलाकर छिपाया गया था। खेप को इस तरह तैयार किया गया था कि पहली नजर में यह सामान्य कृषि उत्पाद की खेप लगे और प्रतिबंधित पदार्थ जांच से बच सके। DRI ने बरामद करीब 56 किलो मेथंफेटामाइन को स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया है। कार्रवाई के बाद DRI ने खेप से जुड़े लोगों की जांच शुरू की। जांच में निर्यातक के साथ-साथ ट्रांसपोर्टर/फ्रेट फॉरवर्डर की भूमिका भी सामने आई। बताया गया कि ट्रांसपोर्टर/फ्रेट फॉरवर्डर निर्यात खेप को बंदरगाह तक पहुंचाने और सीमा शुल्क से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए विदेशी खरीदार के साथ संपर्क में था।

तस्करी के लिए अपनाया गया तरीका

जांच के आधार पर दोनों की कथित भूमिका सामने आने के बाद निर्यातक और ट्रांसपोर्टर/फ्रेट फॉरवर्डर को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। DRI के मुताबिक इस मामले में तस्करों ने प्रतिबंधित पदार्थ को सीधे अलग पैकेट में रखने के बजाय मकई के साथ मिलाकर छिपाने की कोशिश की। मकसद था कि पूरी खेप सामान्य कृषि उत्पाद जैसी दिखाई दे और नियमित जांच के दौरान मेथंफेटामाइन का पता न चल सके। यह तरीका तस्करी के लिए अपनाई गई एक सुनियोजित कार्यप्रणाली की ओर इशारा करता है, जिसमें प्रतिबंधित पदार्थ को वैध सामान के साथ मिलाकर सीमा शुल्क जांच से बचाने की कोशिश की गई। (Methamphetamine Trafficking News)

क्या है मेथंफेटामाइन ?

मेथंफेटामाइन एक बेहद शक्तिशाली सिंथेटिक नशीला पदार्थ है। इसके इस्तेमाल से गंभीर शारीरिक और मानसिक नुकसान हो सकता है। इसके सेवन से हृदय गति और ब्लड प्रेशर बढ़ना, बेचैनी, घबराहट, भ्रम और मानसिक विकार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक या बार-बार इस्तेमाल करने पर इसकी लत लगने की गंभीर संभावना रहती है और व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी सामान्य कार्यक्षमता पर भी बुरा असर पड़ सकता है। DRI की इस कार्रवाई से एक बार फिर सामने आया है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह प्रतिबंधित पदार्थों को छिपाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हालांकि इस मामले में खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई से करीब 56 किलो मेथंफेटामाइन की तस्करी की कोशिश को समय रहते रोक दिया गया। (Methamphetamine Trafficking News)

Back to top button
error: Content is protected !!