Google Analytics —— Meta Pixel

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक, परीक्षा से दो घंटे पहले WhatsApp पर पहुंचा प्रश्नपत्र, FIR के बाद NSUI का हल्लाबोल

Paper Leak of IGKV: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय यानी IGKV में बीएससी एग्रीकल्चर सेकेंड ईयर के एंटोमोलॉजी यानी कीट विज्ञान के पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र की तस्वीरें व्हाट्सएप पर स्टूडेंट्स के बीच पहुंच गईं। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने संबंधित परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। वहीं विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज कराई गई है। मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम करेगी। 

यह भी पढ़ें:- केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के क्रियान्वयन की सराहना की

शुरुआती जानकारी के मुताबिक पेपर किसी अन्य स्रोत से फॉरवर्ड होकर स्टूडेंट्स तक पहुंचा था। सूत्रों के मुताबिक प्रश्नपत्र के कवर्धा से लीक होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पेपर वास्तव में कहां से बाहर आया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जानकारी के मुताबिक बीएससी एग्रीकल्चर सेकेंड ईयर की एंटोमोलॉजी की परीक्षा निर्धारित समय पर होनी थी। परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही प्रश्नपत्र की तस्वीरें व्हाट्सएप पर शेयर होने लगी। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंची तो मामले को गंभीरता से लिया गया।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि परीक्षा से पहले सुरक्षित रखे जाने वाले प्रश्नपत्र की तस्वीरें स्टूडेंट्स तक कैसे पहुंची। प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि व्हाट्सएप पर वायरल हुआ प्रश्नपत्र वही था या नहीं, जो बाद में मुख्य परीक्षा में स्टूडेंट्स को दिया गया। बताया जा रहा है कि वायरल पेपर और मुख्य परीक्षा में आए प्रश्नपत्र के बीच काफी समानता पाई गई है। ऐसे में परीक्षा की गोपनीयता और पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तेलीबांधा थाने में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि प्रश्नपत्र सबसे पहले किसके पास पहुंचा, विश्वविद्यालय की सुरक्षित व्यवस्था से बाहर कैसे आया और व्हाट्सएप पर इसे किसने आगे प्रसारित किया।

परीक्षा रद्द, दोबारा कराई जाएगी

जांच में प्रश्नपत्र के स्रोत के साथ-साथ इसे आगे भेजने वाले लोगों और इससे जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका भी सामने आने की उम्मीद है। पेपर की गोपनीयता भंग होने के बाद विश्वविद्यालय ने संबंधित परीक्षा को रद्द कर दिया है। अब एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय का कहना है कि सभी विद्यार्थियों के हित और परीक्षा की निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि दोबारा परीक्षा की तारीख को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। इधर, पेपर लीक मामले को लेकर NSUI ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता अपने साथ डायपर और पैसे लेकर पहुंचे थे। NSUI का आरोप है कि पेपर लीक जैसी घटना ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

करीब 800 स्टूडेंट्स पर असर

संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान और जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। बाद में 72 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद NSUI ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत करीब 33 महाविद्यालय संचालित होते हैं। कृषि कीट विज्ञान विभाग से जुड़े करीब 800 स्टूडेंट इस परीक्षा व्यवस्था से प्रभावित बताए जा रहे हैं। पेपर रद्द होने के बाद अब इन विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। इस पूरे मामले में अब कई सवालों के जवाब जांच से सामने आने हैं। परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र व्हाट्सएप तक कैसे पहुंचा? प्रश्नपत्र सबसे पहले किसके पास आया? क्या वायरल हुआ पेपर वही था जो परीक्षा में आया? अगर दोनों प्रश्नपत्र एक ही हैं तो गोपनीयता की व्यवस्था कहां और कैसे टूटी? और इस पूरे मामले के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है? फिलहाल FIR दर्ज हो चुकी है, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट मामले की जांच करेगी और विश्वविद्यालय ने परीक्षा भी रद्द कर दी है। अब निगाहें जांच पर हैं कि पेपर लीक की कड़ी आखिर कहां से शुरू हुई और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। (Paper Leak of IGKV)

Back to top button
error: Content is protected !!