Google Analytics —— Meta Pixel

पुलिस जांच में 7 अगस्त को हुए पेपर लीक के खुलासे के बाद IGKV का बड़ा फैसला, प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा भी की रद्द

IGKV on Paper Leak: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दुर्ग के निजी कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर और पेपर लीक कांड के मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के लिए 100 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवानों की टीम लगाई गई थी। पुलिस ने करीब 36 घंटे की लगातार जांच के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। मामले का खुलासा डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और सेंट्रल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने किया। कार्रवाई तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के मुताबिक पेपर लीक का मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया दुर्ग के भारती एग्रीकल्चर कॉलेज में प्रोफेसर है। वह परीक्षा से दो-तीन दिन पहले रायपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय से प्रश्न पत्र लेकर दुर्ग जा रहा था। इसी दौरान प्रश्न पत्र उसके कब्जे में था।

यह भी पढे़ं:- IGKV पेपर लीक के मास्टरमाइंड प्रोफेसर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, 11 हजार में बेचा था प्रश्न पत्र, 7 अगस्त का पेपर भी हुआ था लीक

आरोप है कि योगेश ने प्रश्न पत्र वाले सीलबंद लिफाफे को खोले बिना इंडोस्कोप कैमरे और नुकीले उपकरण की मदद से प्रश्न पत्र को स्कैन किया। इसके बाद उसने पेपर की सामग्री तैयार की और उसे छात्रों तक पहुंचाया। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी प्रोफेसर ने एक पेपर 11 हजार रुपए और दूसरा पेपर 12 हजार रुपए में बेचा था। पेपर खरीदने वाले आरोपी भी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज के छात्र हैं। शुरुआत में पुलिस 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र यानी इंटोमोलॉजी परीक्षा के पेपर लीक की जांच कर रही थी, लेकिन पूछताछ के दौरान सामने आया कि एक नहीं, बल्कि दो पेपर लीक किए गए थे। पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त को होने वाली प्लांट पैथोलॉजी की परीक्षा का पेपर भी लीक हुआ था। इसके अलावा 20 अगस्त की इंटोमोलॉजी यानी कीटविज्ञान परीक्षा का पेपर भी परीक्षा से पहले लीक हो गया था। अब पुलिस दोनों पेपर लीक मामलों के बीच कनेक्शन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

100 से ज्यादा पुलिसकर्मी जांच में जुटे

पेपर लीक मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस ने बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। आरोपियों की तलाश और तकनीकी जांच के लिए 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों की टीम बनाई गई थी। रायपुर के साथ-साथ दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर समेत कई जिलों में पुलिस की टीमें भेजी गईं। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और करीब 36 घंटे में पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रोफेसर के अलावा पेपर खरीदने वाले छात्र भी शामिल हैं। वहीं, 2 आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। (IGKV on Paper Leak)

सितंबर के पहले हफ्ते में दोबारा होगी परीक्षा

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों पेपर कितने छात्रों तक पहुंचे और इस पूरे नेटवर्क में आरोपियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं। वहीं पेपर लीक मामले में पुलिस के खुलासे के बाद विश्वविद्यालय ने बड़ा फैसला लिया है। 7 अगस्त को आयोजित प्लांट पैथोलॉजी की परीक्षा को भी रद्द कर दिया गया है। इससे पहले 20 अगस्त को होने वाली इंटोमोलॉजी यानी कीटविज्ञान की परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद उसे भी रद्द किया जा चुका है। पुलिस जांच में दोनों परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने यह कदम उठाया है। IGKV के मुताबिक अब 7 अगस्त की प्लांट पैथोलॉजी और 20 अगस्त की इंटोमोलॉजी परीक्षा सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा परिणाम जारी करने के निर्धारित कार्यक्रम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। विश्वविद्यालय का दावा है कि 10 सितंबर से पहले परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जाएगा। यानी पेपर लीक के कारण दो परीक्षाएं रद्द होने के बावजूद IGKV परीक्षा परिणाम घोषित करने की समय-सीमा को प्रभावित नहीं होने देने की तैयारी में है।

Back to top button
error: Content is protected !!