Google Analytics —— Meta Pixel

IGKV पेपर लीक के मास्टरमाइंड प्रोफेसर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, 11 हजार में बेचा था प्रश्न पत्र, 7 अगस्त का पेपर भी हुआ था लीक

IGKV Paper Leak Case: रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की B.Sc. कृषि सेकंड ईयर के दूसरे सेमेस्टर की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने पेपर लीक के मास्टरमाइंड एक प्रोफेसर समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस के मुताबिक पेपर लीक का पूरा नेटवर्क दुर्ग के एक निजी कृषि कॉलेज से जुड़ा है। आरोपी प्रोफेसर ने प्रश्न पत्र वाले सीलबंद लिफाफे में सुई और नुकीले उपकरण से छोटा सा छेद किया। इसके बाद मोबाइल कैमरा लिफाफे के अंदर डालकर प्रश्न पत्र का वीडियो बना लिया। बाद में प्रश्न पत्र की सामग्री की नकल तैयार कर उसे छात्रों को 11 हजार रुपए में बेच दिया गया। इसके बाद यही पेपर सोशल मीडिया के जरिए आगे वायरल हो गया।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में धर्म परिवर्तन विवाद: धर्मांतरण के आरोप में 3 महिलाओं पर FIR दर्ज

बता दें कि IGKV से जुड़े सभी 28 कृषि कॉलेजों में 20 अगस्त को कीटशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित होनी थी। परीक्षा से पहले कवर्धा कृषि कॉलेज और विश्वविद्यालय के अधिकारियों को ई-मेल के जरिए प्रश्न पत्र लीक होने की जानकारी मिली। मामला सामने आते ही विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा स्थगित कर दी। इसके बाद विश्वविद्यालय की ओर से तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और पेपर के वायरल होने के स्रोत का पता लगाने में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को पेपर लीक का कनेक्शन दुर्ग के एक निजी कृषि कॉलेज से मिला। पुलिस के मुताबिक मामले का मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया है। 38 साल के योगेश मूल रूप से मध्यप्रदेश के सिवनी का रहने वाला है और वर्तमान में दुर्ग में रहता है। वह भारती एग्रीकल्चर कॉलेज में साल 2019 से प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। (IGKV Paper Leak Case)

17 अगस्त को लिया प्रश्न पत्र

पिछले करीब एक साल से योगेश अपने कॉलेज की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और विश्वविद्यालय से आगामी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लेने के लिए रायपुर कृषि महाविद्यालय आता था। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को योगेश उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने रायपुर के जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय पहुंचा था। इसी दौरान उसने आगामी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र भी लिए। सभी प्रश्न पत्र कॉलेज में सुरक्षित रखे जाने थे, लेकिन आरोप है कि योगेश 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्न पत्र वाला लिफाफा अपने घर ले गया। घर पहुंचने के बाद उसने लिफाफे को खोले बिना उसमें सुई और नुकीले उपकरण की मदद से छोटा छेद किया। इसके बाद मोबाइल कैमरा उस छेद के जरिए अंदर डालकर प्रश्न पत्र का वीडियो बना लिया। पुलिस के मुताबिक वीडियो से प्रश्न पत्र की सामग्री तैयार की गई और इसे आगे छात्रों तक पहुंचाया गया।

11 हजार रुपए में छात्रों को बेचा पेपर

जांच में सामने आया कि योगेश ने प्रश्न पत्र की सामग्री अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक समेत अन्य छात्रों को 11 हजार रुपए में बेच दी। इसके बाद अजय नायक ने यह पेपर त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू तक पहुंचाया। इसके बाद प्रश्न पत्र सोशल मीडिया के जरिए और लोगों तक पहुंच गया। परीक्षा से पहले पेपर वायरल होने के कारण विश्वविद्यालय को परीक्षा स्थगित करनी पड़ी। पेपर लीक की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस को दुर्ग निवासी अनुज मिंज के बारे में अहम जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ी और कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर समेत कई जिलों में पुलिस की अलग-अलग टीमें भेजी गईं। पुलिस के मुताबिक करीब 36 घंटे की लगातार जांच और पूछताछ के बाद पेपर लीक के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ और एक-एक कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

प्रोफेसर समेत ये 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में योगेश सोनकेसरिया समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अजय नायक (20), निवासी बलौदाबाजार और वर्तमान पता दुर्ग, त्रिदेव पटेल (22), निवासी महासमुंद और वर्तमान पता दुर्ग, नितिन पाण्डेय (22), निवासी बस्तर और वर्तमान पता दुर्ग, अनुज मिंज (22), निवासी जशपुर और वर्तमान पता दुर्ग, आदित्य साहू (20), निवासी बालोद और वर्तमान पता दुर्ग शामिल हैं। मामले में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल समेत अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक की साजिश में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे और प्रश्न पत्र कितने लोगों तक पहुंचा था। (IGKV Paper Leak Case)

परीक्षा से पहले लीक हुआ पेपर, अब जांच जारी

IGKV की 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्न पत्र परीक्षा से पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा स्थगित कर दी। अब पुलिस पेपर लीक के पूरे नेटवर्क, फरार आरोपियों और संभावित अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के खुलासे के बाद सबसे बड़ा सवाल परीक्षा से जुड़े गोपनीय प्रश्न पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी खड़ा हो गया है। खासकर इस बात की जांच की जा रही है कि विश्वविद्यालय से प्रश्न पत्र लेने के बाद उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और सुरक्षित रखने की प्रक्रिया में कहां चूक हुई। इसके अलावा जांच में यह बात भी सामने आई है कि 7 अगस्त को आयोजित परीक्षा का पेपर भी लीक हुआ था। पुलिस अब 7 अगस्त के पेपर लीक मामले और 20 अगस्त की कीटशास्त्र परीक्षा के पेपर लीक के बीच कनेक्शन की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या दोनों मामलों में एक ही नेटवर्क सक्रिय था और क्या गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका 7 अगस्त के पेपर लीक में भी थी। इस एंगल को लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!