4 करोड़ कैश बरामद! रायपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठग गिरोह को दबोचा

रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 7 आरोपियों को पुणे के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट से गिरफ्तार किया गया, जबकि 2 महिला आरोपियों को इससे पहले नागपुर से पकड़ा गया था। आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, 17 मोबाइल फोन, काले कागज के नोटनुमा बंडल, कांच की प्लेट, रासायनिक सामग्री और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह वर्ष 2005 से सक्रिय था और देश के अलग-अलग राज्यों में 100 से अधिक लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। गिरोह के सदस्य लोगों को निवेश, विदेशी फंड और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठते थे।
1.13 करोड़ रुपये की ठगी से खुला मामला
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति से 1 करोड़ 13 लाख रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 330/26 के तहत धारा 318(4) और 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया। मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय और दीपिका पॉलीवाल को नागपुर से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए।
मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों से मिला गिरोह का सुराग
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। चैट, संपर्क नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच में पता चला कि गिरोह के कई सदस्य पुणे में सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस टीम पुणे रवाना हुई और करीब एक सप्ताह तक संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
रकम दोगुनी करने का झांसा देकर बुलाया था
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के समय आरोपी वाराणसी के एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर रिसॉर्ट में बुलाए हुए थे। पीड़ित अपने साथ करोड़ों रुपये लेकर वहां पहुंचा था और आरोपियों के झांसे में आकर रकम उन्हें सौंप चुका था। इसी दौरान पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, अन्य आरोपियों और ठगी से जुड़े लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
फाइव स्टार होटलों में बनाते थे शिकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य लोगों को विश्वास में लेने के लिए खुद को प्रभावशाली लोगों और बड़े निवेशकों से जुड़ा हुआ बताते थे। इसके बाद पीड़ितों को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, राजस्थान, गुजरात समेत देश के अन्य बड़े शहरों के फाइव स्टार होटलों में बुलाया जाता था।
गिरोह कथित तौर पर ‘वॉश-वॉश ब्लैक करेंसी स्कैम’ के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। आरोपियों द्वारा काले रंग के नोटों को विशेष केमिकल और विदेशी तकनीक के जरिए असली भारतीय मुद्रा में बदलने का झूठा प्रदर्शन किया जाता था। पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए पहले से तैयार असली नोटों का इस्तेमाल किया जाता था।
इसके बाद विदेशी केमिकल, परीक्षण, अधिकारियों की अनुमति और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर पीड़ितों से अलग-अलग किश्तों में करोड़ों रुपये वसूले जाते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मुख्य आरोपी बताए गए
पुलिस के अनुसार, गिरोह के प्रमुख सदस्यों में ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन, शेट्टी, रेड्डी और मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर शामिल हैं। पुलिस इन आरोपियों के नेटवर्क और देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज ठगी के मामलों से उनके संबंधों की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क काफी पुराना और व्यापक है। ऐसे में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में ठगी के और मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
यह भी पढ़े :- रक्षाबंधन से पहले बहनों को ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, महतारी वंदन की 30वीं किस्त जारी



