Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, गरियाबंद में 4 क्विंटल गांजे के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से महाराष्ट्र जा रहा था 2 करोड़ का गांजा

Ganja Smuggling in Gariyaband: छत्तीसगढ़ में ओडिशा से गांजा लाकर दूसरे राज्यों तक पहुंचाने वाले तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। गरियाबंद जिले के देवभोग में पुलिस ने एक बार फिर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। महाराष्ट्र पासिंग मेटाडोर में ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाई जा रही करीब 4 क्विंटल गांजा की खेप जांच के दौरान पकड़ी गई। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में नवी मुंबई के पंकज मोहिते और उसके दो सहयोगियों के साथ ही कालाहांडी के पैडलर जालंधर खमारी और उसके एक सहयोगी यानी कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.50 लाख रुपए नगद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें:- स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बघेल का वार, पूर्व मंत्री भगत बोले- शायद एक्सपायरी दवा खा लिए हैं मंत्री

गरियाबंद के देवभोग क्षेत्र से होकर ओडिशा से महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और देश के दूसरे राज्यों तक गांजे की तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस के मुताबिक पिछले करीब 8 महीनों में गरियाबंद रूट पर 10 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत का गांजा जब्त किया जा चुका है और 80 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इससे पहले 18 अगस्त को भी देवभोग पुलिस ने मध्यप्रदेश के तस्करों को मेटाडोर में करीब 75 लाख रुपए कीमत का गांजा ले जाते हुए पकड़ा था। लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि ओडिशा से निकलने वाली गांजे की खेप के लिए छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इधर, 23 अगस्त को बस्तर के नगरनार थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा क्षेत्र से पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर के रजत को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। (Ganja Smuggling in Gariyaband)

पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। वह धनपुंजी आरटीओ नाका के पास बस का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। रायगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने लगातार कार्रवाई की है। 22 अगस्त को लैलूंगा पुलिस ने महिला समेत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 4.108 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए है। तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी पकड़ा गया, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर ओडिशा से गांजा लेकर लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश जा रही बोलेरो को घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जशवंत कुमार शर्मा और ज्योति जाटव के रूप में हुई है। दोनों लखनऊ के रहने वाले हैं। महिला के बैग से चार पैकेट में गांजा बरामद हुआ। 

दुर्ग में गांजा बेचते युवक गिरफ्तार

रायगढ़ में इसी अभियान के तहत पिछले 48 घंटे में अलग-अलग मामलों में 18.1632 किलो गांजा, नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बरामद कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। रेलवे स्टेशन पर कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 15.1632 किलो गांजे के साथ ओडिशा के त्रिनाथ मलिक, ओमप्रकाश राउत और सत्यव्रत मोहन्ती को गिरफ्तार किया। वहीं लैलूंगा पुलिस ने पाकरगांव के पास 3 किलो गांजे के साथ बोधराम यादव, दिलाराम चौहान और सनत साय चौहान को पकड़ा। 21 अगस्त को दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस को डुमरडीह मिलपारा के पास एक युवक के गांजा बेचने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली।आरोपी की पहचान सोम चंदेल के रूप में हुई। उसके पास मौजूद बैग से 1 किलो 602 ग्राम गांजा बरामद किया गया। (Ganja Smuggling in Gariyaband)

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गांजा जब्त

गांजा बेचकर हासिल किए गए 1,550 रुपए भी जब्त किए गए हैं। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर भी गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस से पहुंचे एक महिला और पुरुष को पकड़कर उनके पास से 21 किलो 58 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 10.50 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 43 साल की संगीता मिश्रा और 45 साल के सुशील मिश्रा के रूप में हुई। दोनों बिहार के पश्चिम चंपारण के रहने वाले हैं, जिनके बैग से कुल 10 पैकेट गांजा बरामद किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिलासपुर के रास्ते कहां पहुंचाया जाना था। 20 अगस्त को प्रेमनगर पुलिस ने भी अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर रघुनाथपुर इलाके में पुलिस ने रायगढ़ से कोरिया की ओर जा रही संदिग्ध बोलेरो का पीछा कर उसे पकड़ा।

नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर तस्करी

पुलिस ने वाहन से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद करने और एक आरोपी को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपए है। पुलिस अब इस मामले में सप्लायर, खरीदार और पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है। इससे पहले 18 अगस्त को सुकमा के कोंटा में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 308 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया था। पुलिस के अनुसार गांजा ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से पिकअप वाहन में भरकर मोटू पुल के रास्ते कोन्टा होते हुए राजस्थान ले जाया जा रहा था। कृष्ण मंदिर चौक के पास नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में नमक की बोरियों के नीचे 150 पैकेट में गांजा छिपाकर रखा गया था। (Ganja Smuggling in Gariyaband)

ओडिशा से कई राज्यों तक पहुंच रही गांजे की खेप

मौके से राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 54 लाख 14 हजार रुपए और वाहन समेत कुल जब्ती करीब 1 करोड़ 64 लाख 49 हजार 550 रुपए बताई गई है। गरियाबंद, बस्तर, सुकमा, रायगढ़, दुर्ग और बिलासपुर में सामने आए इन मामलों को एक साथ देखें तो छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का एक बड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क सामने आता है। अलग-अलग मामलों में तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों तक पहुंचाने की कोशिश करते पकड़े गए हैं। सबसे बड़ी तस्वीर गरियाबंद से सामने आ रही है, जहां पिछले आठ महीनों में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा का गांजा और 80 से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी यह संकेत देती है कि देवभोग और आसपास का रूट तस्करों के लिए लगातार महत्वपूर्ण बना हुआ है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद अलग-अलग जिलों में गांजे की बड़ी खेप पकड़े जाने से अब जांच का फोकस सिर्फ छोटे तस्करों तक सीमित न रहकर सप्लायर, पैडलर, परिवहन नेटवर्क और अंतिम खरीदारों तक पहुंचने पर है।

Back to top button
error: Content is protected !!