स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बघेल का वार, पूर्व मंत्री भगत बोले- शायद एक्सपायरी दवा खा लिए हैं मंत्री

Politics on Naxalism: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। एक तरफ सरकार नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और लगातार हो रही कार्रवाई को अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस पूर्ववर्ती सरकार की नक्सल नीति और बस्तर में किए गए कामों का हवाला देते हुए बीजेपी पर पलटवार कर रही है। इसी बीच सुकमा में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाकर हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिनका रोल मॉडल हिड़मा हो, वे नक्सलवाद खत्म करने की बात कैसे कर सकते हैं। विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने नक्सलवाद के मामले में कोई ठोस काम नहीं किया और 2023 में नक्सल नीति बनाने का दावा किया गया था, लेकिन जमीन पर उसका असर नजर नहीं आया।
यह भी पढ़ें:- Dhamtari News : पासबुक में एंट्री, खाते में पैसा गायब! SBI कियोस्क संचालक 1 करोड़ से ज्यादा की हेराफेरी कर फरार
गृहमंत्री ने पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से नक्सलियों को समर्थन दिया था। विजय शर्मा ने कांग्रेस से सवाल किया कि आखिर हिड़मा उनका रोल मॉडल कैसे हो सकता है और जिनके दिमाग में नक्सलवाद हो, वे नक्सलवाद खत्म करने की बात कैसे कर सकते हैं। गृहमंत्री के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बस्तर में विश्वास, विकास और सुरक्षा की नीति पर काम किया। भूपेश बघेल ने नक्सल समस्या से निपटने के लिए उनकी सरकार के दौरान अपनाई गई नीति को रेखांकित करते हुए बीजेपी सरकार के मौजूदा दावों पर सवाल उठाए। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए कहा कि यह डायलॉग उन्होंने बीजेपी से सीखा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों ने खुद का आदर्श हिड़मा जैसे लोगों को बताया है वो नक्सलवाद पर क्या बात करेंगे। (Politics on Naxalism)

जायसवाल ने कहा कि जिनके आदर्श और विचार हिड़मा जैसे हैं, जो खुद के दिमाग को दिमागी नक्सली जैसा बताते हैं, भूपेश बघेल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं, वह ऐसे सवाल न ही करें तो अच्छा है, क्योंकि उनके समय में उनके 24 नेता शहादत को प्राप्त हुए, ऐसे शहादतों के लिए भूपेश बघेल अपनी 5 साल के सरकार में कुछ नहीं किया, 5 साल की सरकार में वे सबूत को नहीं निकाल पाए, कहते थे सबूत मेरी जेब में है, लेकिन 5 साल तक जेब से सबूत को बाहर नहीं निकाल पाए, नक्सलवाद खत्म करना तो दूर उनके बारे में सोच भी नहीं पाए, बीजेपी की सरकार में आज छत्तीसगढ़ नहीं, बल्कि पूरा देश नक्सल मुक्त हुआ है। जायसवाल के बयान पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब से श्याम बिहारी जायसवाल स्वास्थ्य मंत्री बने हैं, उनका स्वास्थ्य ठीक हो गया है, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता का स्वास्थ्य बिगड़ गया है। (Politics on Naxalism)
नक्सली डंप से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
भगत ने प्रदेश में एक्सपायरी दवाओं के कथित इस्तेमाल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मंत्री को इसकी जांच करानी चाहिए कि कहीं उन्होंने भी एक्सपायरी दवा तो नहीं खा ली। उन्होंने कहा कि शायद इसी वजह से इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं। सियासी बयानबाजी के बीच सुकमा से नक्सल विरोधी अभियान से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सुकमा थाना भेज्जी क्षेत्र के भण्डारपदर और मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली इंटेलिजेंस के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का पता चला।

बरामद सामान में 1 एसएलआर, 1 .315 रायफल, 1 .410 मस्केट, 6 बीजीएल लॉन्चर, 5 नग 12 बोर रायफल और 7 भरमार बंदूक शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक कुल 23 हथियार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग हथियारों के 492 जिंदा राउंड भी बरामद हुए हैं। इनमें एके-47, एसएलआर, इंसास, .303, .315 और 12 बोर के कारतूस शामिल हैं। सुरक्षा बलों को मौके से 240 जिलेटिन स्टिक, 18 किलो गन पाउडर और 5 देशी हैंड ग्रेनेड भी मिले हैं। इसके साथ बड़ी संख्या में बीजीएल सेल और कारतूस बरामद किए गए। नक्सली डंप से मैगजीन, वर्दी, बेल्ट, बैग, सोलर प्लेट, दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी मिली है। सुकमा पुलिस के मुताबिक नक्सलियों द्वारा जंगल और दुर्गम इलाकों में पहले से छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्री के डंप की तलाश में अभियान लगातार जारी रहेगा।
बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा का भी हमला
बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को नक्सलवाद से देश आजाद हो गया। उन्होंने दिमागी नक्सली, हिड़मा को रोल मॉडल मानने वालों और झीरम की घटना से भागने वालों को सद्बुद्धि मिलने की बात कही। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब सिर्फ सुरक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि बड़ा राजनीतिक मुद्दा भी बन चुका है। बीजेपी जहां नक्सल विरोधी अभियानों, मुठभेड़ों, आत्मसमर्पण और हथियारों की बरामदगी को अपनी नीति की सफलता बता रही है, वहीं कांग्रेस विश्वास, विकास और सुरक्षा की अपनी पुरानी नीति को सामने रखकर सरकार के दावों पर सवाल उठा रही है। एक तरफ नेताओं के बीच हिड़मा, दिमागी नक्सली और नक्सल नीति को लेकर शब्दों की जंग जारी है तो दूसरी तरफ बस्तर के जंगलों में सुरक्षाबलों का अभियान लगातार चल रहा है। सुकमा में हथियारों और विस्फोटकों की इतनी बड़ी बरामदगी ने यह जरूर साफ कर दिया है कि नक्सली नेटवर्क के खिलाफ लड़ाई अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और जमीन पर ऑपरेशन लगातार जारी है।




