Google Analytics —— Meta Pixel

Dhamtari News : पासबुक में एंट्री, खाते में पैसा गायब! SBI कियोस्क संचालक 1 करोड़ से ज्यादा की हेराफेरी कर फरार

धमतरी में ग्रामीणों की जमा रकम बैंक खाते में जमा नहीं करने का मामला, आरोपी संचालक फरार; पुलिस जांच में जुटी

Dhamtari News : धमतरी जिले के ग्राम कोर्रा में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से जुड़े कियोस्क सेंटर के संचालक पर ग्रामीणों से जमा कराई गई रकम में कथित हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कियोस्क संचालक केशव साहू ने ग्राहकों से नकद राशि तो जमा कराई, लेकिन उसे उनके बैंक खातों में जमा नहीं किया। ग्राहकों को भरोसे में रखने के लिए पासबुक में हाथ से रकम जमा होने की एंट्री कर दी जाती थी।

मामला सामने आने के बाद से कियोस्क संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और उसकी तलाश में टीम जुटी हुई है। (Dhamtari News)

पासबुक में रकम दर्ज, खाते में नहीं हुई जमा

मामला भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोर्रा का है। पुलिस के अनुसार, कियोस्क सेंटर पर ग्रामीण बैंक में रकम जमा कराने के लिए नकद राशि देते थे। आरोप है कि संचालक रकम बैंक खाते में जमा करने के बजाय पासबुक में पेन से एंट्री कर देता था।

जब कुछ खाताधारकों ने अपने बैंक खातों का रिकॉर्ड और पासबुक में दर्ज राशि का मिलान किया, तो उन्हें अंतर का पता चला। पासबुक में जमा रकम दर्ज थी, लेकिन बैंक खाते में वह राशि मौजूद नहीं थी। इसके बाद खाताधारकों ने पुलिस से शिकायत की।

प्रारंभिक जांच में 1 करोड़ 75 हजार की गड़बड़ी

धमतरी के एएसपी डीसी पटेल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में करीब 1 करोड़ 75 हजार रुपये की राशि में गड़बड़ी सामने आई है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

पुलिस बैंक से संबंधित दस्तावेज, खातों का रिकॉर्ड और लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद वास्तविक रकम और प्रभावित खाताधारकों की संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

2013 से 2025 तक रकम जमा कराने का आरोप

जानकारी के अनुसार, कियोस्क संचालक पर वर्ष 2013 से 2025 के बीच ग्रामीणों से नकद राशि जमा कराने और कथित तौर पर उसे बैंक खातों में जमा नहीं करने का आरोप है। इससे पहले मिली शिकायत में 10 खाताधारकों की 68.35 लाख रुपये से अधिक की रकम फंसे होने की बात सामने आई थी।

बाद में अन्य खाताधारकों के बैंक रिकॉर्ड और लेनदेन की जांच शुरू की गई। इसके बाद कथित गड़बड़ी की रकम बढ़कर करीब 1 करोड़ 75 हजार रुपये होने की जानकारी सामने आई।

बैंक रिकॉर्ड और खातों की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मामले में कुल कितने ग्राहक प्रभावित हुए हैं और वास्तविक हेराफेरी की रकम कितनी है। बैंकिंग रिकॉर्ड, ग्राहकों की शिकायतों और कियोस्क सेंटर से जुड़े लेनदेन की जांच की जा रही है।

पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (Dhamtari News)

यह भी पढ़े :-

Back to top button
error: Content is protected !!