Google Analytics —— Meta Pixel

मुख्यमंत्री साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा पर अमर्यादित टिप्पणी, FIR दर्ज

इंस्टाग्राम पर कथित आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी का मामला, सिविल लाइन पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने इंस्टाग्राम पेज संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मामले में रायपुर निवासी राष्ट्रवादी विचारक वीरेंद्र दुबे ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत में बताया गया है कि इंस्टाग्राम पर ‘सागर निर्मलकर’ नाम की आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया गया था। आरोप है कि इस वीडियो के कमेंट बॉक्स में @quail.3131469 नाम की आईडी से मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के खिलाफ कथित तौर पर अश्लील और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया।

अभद्र टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित दोनों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की नीतियों और कार्यों की आलोचना करने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी के खिलाफ अभद्र या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच

FIR दर्ज होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और कमेंट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस दोनों सोशल मीडिया अकाउंट के संचालकों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य डिजिटल जानकारी को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट के संचालकों की पहचान समेत पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में 31 IPS अफसरों का ट्रांसफर, GP सिंह को पुलिस अकादमी की कमान, काबरा को रेल-ट्रैफिक का अतिरिक्त प्रभार

Back to top button
error: Content is protected !!