Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 31 IPS अफसरों का ट्रांसफर, GP सिंह को पुलिस अकादमी की कमान, काबरा को रेल-ट्रैफिक का अतिरिक्त प्रभार

IPS Transfer in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। साय सरकार ने 31 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। सरकार के इस आदेश के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था, रेल, यातायात, तकनीकी सेवाओं और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तक कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। 1992 बैच के IPS अधिकारी पवन देव को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन, रायपुर के अध्यक्ष और प्रबंध संचालक पद से हटाकर नगर सेना, नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में PM आवास के आंकड़ों पर सियासी घमासान, डिप्टी CM विजय शर्मा की चुनौती पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा- बहस के लिए तैयार

वहीं 1994 बैच के IPS अधिकारी एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक (MD) नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ IPS अधिकारी गुरजिंदर पाल सिंह (GP सिंह) को महानिदेशक प्रशिक्षण के साथ-साथ राज्य पुलिस अकादमी के महानिदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधिकारियों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास के लिहाज से यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानी जा रही है। वहीं प्रदीप गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन और चयन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।ॉ1997 बैच के IPS अधिकारी दीपांशु काबरा को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, रेल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, यातायात का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रेल सुरक्षा और राज्य में यातायात व्यवस्था से जुड़े दोनों महत्वपूर्ण दायित्व अब उनके मौजूदा कार्यभार के साथ जुड़ गए हैं।

विवेकानंद को वित्त और योजना की जिम्मेदारी

IPS अधिकारी विवेकानंद को वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, वित्त और योजना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही पुलिस विभाग में वित्तीय और योजना से जुड़े कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी भी उनके पास होगी। IPS अधिकारी अमित कुमार को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की जिम्मेदारी भी दी गई है। राज्य में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई और नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। IPS अधिकारी डॉ. आनंद छाबड़ा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके कार्यक्षेत्र में डायल-112 और दूरसंचार से जुड़े दायित्व भी शामिल किए गए हैं।

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा में भी बदलाव

तकनीकी संसाधनों, आपातकालीन पुलिस सहायता और संचार व्यवस्था को देखते हुए यह भी पुलिस विभाग का एक महत्वपूर्ण प्रभार है।IPS अधिकारी ओमप्रकाश पाल को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था/सुरक्षा) की जिम्मेदारी दी गई है। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की निगरानी और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में उनका अहम दायित्व रहेगा। वहीं अंकित कुमार गर्ग को राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (State Forensic Science Laboratory) के संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 2011 बैच के IPS अधिकारी अजातशत्रु बहादुर सिंह को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में गुप्तवार्ता और विशेष शाखा के DIG पद से हटाकर नगर सेना, SDRF और अग्निशमन सेवाओं के DIG एवं निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव के साथ आपदा प्रबंधन, राहत समेत बचाव और अग्निशमन सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य उनके अधीन होंगे।

छह दिन पहले 22 IAS का हुआ था तबादला

छत्तीसगढ़ में यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय हुआ है, जब करीब छह दिन पहले ही राज्य सरकार ने 22 IAS अधिकारियों और एक IFS अधिकारी के तबादले किए थे। उस फेरबदल में छह जिलों के कलेक्टर भी बदले गए थे। अब पुलिस विभाग में 31 IPS अधिकारियों की नई पदस्थापना को प्रशासनिक स्तर पर एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी संबंधित अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। नई जिम्मेदारियां संभालने के साथ पुलिस विभाग के कई महत्वपूर्ण विंग में अब कामकाज का नया ढांचा देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ पुलिस में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद अब कई महत्वपूर्ण विभागों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी। सरकार के इस फैसले से प्रशासनिक कामकाज में नई जिम्मेदारियां और समन्वय का नया ढांचा देखने को मिलेगा। खास तौर पर कानून-व्यवस्था, पुलिस प्रशिक्षण, रेल-यातायात, तकनीकी सेवाओं और नशे के खिलाफ अभियान पर इसका सीधा असर पड़ने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारियों के साथ ये अधिकारी विभागीय चुनौतियों से किस तरह निपटते हैं।

देखें पूरी लिस्ट

Back to top button
error: Content is protected !!