Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : जंगल में पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले युवक-युवती, मचा हड़कंप

CG NEWS : सरगुजा-सूरजपुर जिले की सीमा से लगे जंगल में आज मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पेड़ पर युवक और युवती के शव एक ही फंदे से लटके मिले। दोनों शव कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में मिले हैं, जो सूरजपुर जिले की लटोरी चौकी क्षेत्र में आता है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

खुखड़ी बीनने गए ग्रामीणों ने देखा शव

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल में खुखड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर फंदे से लटके युवक-युवती के शवों पर पड़ी। दोनों शव एक ही फंदे से लटके हुए थे। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। (CG NEWS)

सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

घटनास्थल के पास मिली बाइक

पुलिस को घटनास्थल के पास एक HF Deluxe बाइक (CG 15 DG 3422) भी मिली है। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और मृतकों की पहचान का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले अन्य सामान और संभावित पहचान दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

एक ही फंदे से दोनों के शव मिलने के कारण पुलिस कई संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दोनों के बीच संबंध को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।

फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

पुलिस को शवों की स्थिति के आधार पर आशंका है कि घटना सोमवार की हो सकती है। हालांकि, मौत का सही समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक-युवती कहां के रहने वाले थे और जंगल तक कैसे पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि जंगल में दो शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। (CG NEWS)

यह भी पढ़े :- फोटो खिंचाने की चाहत पड़ी भारी, देवपहरी जलप्रपात में फंसे तीन युवक

Back to top button
error: Content is protected !!