Google Analytics —— Meta Pixel

भारतीय डाक में बड़ा डिजिटल बदलाव, अब एक क्लिक पर मिलेंगी ट्रैकिंग से बैंकिंग तक कई सुविधाएं

India Post Digital Transformation: भारतीय डाक अब तेजी से डिजिटल और आधुनिक बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को आसान और तेज बनाने के लिए उन्नत डाक मित्र और डाक सेवा मोबाइल ऐप लॉन्च किए हैं। इसके साथ ही देशभर में 14 नवीनीकृत डाकघर भवनों का भी उद्घाटन किया गया है। सरकार का कहना है कि इन पहलों से आम लोगों को डाक और वित्तीय सेवाएं पहले के मुकाबले ज्यादा आसानी और सुविधा के साथ मिल सकेंगी। केंद्रीय संचार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और केंद्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने इन डिजिटल प्लेटफॉर्म और नवीनीकृत डाकघरों का शुभारंभ किया।

एक क्लिक पर कई डाक सेवाएं

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारतीय डाक तकनीक, नीतिगत सुधार, संगठनात्मक बदलाव और आधुनिक बुनियादी ढांचे के जरिए बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। उनका कहना है कि नए ऐप डाक सेवाओं को हर उम्र के लोगों के लिए ज्यादा आसान, सुविधाजनक और उपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सरकार के मुताबिक, यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल रूप से सक्षम, नागरिक-केंद्रित और समावेशी भारत के विजन के अनुरूप किया जा रहा है। डाक मित्र ऐप को खास तौर पर शाखा डाकघरों और डाक कर्मचारियों के काम को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है। यह ऐप देश के 1.4 लाख से ज्यादा शाखा डाकघरों के लिए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा।

यह भी पढे़ं:- भारत के बढ़ते वैश्विक रिश्ते, तीन देशों के साथ सहयोग को नई धार, मॉरीशस से क्षमता निर्माण, मोरक्को से व्यापार और कंबोडिया से डिजिटल साझेदारी

एंड्रॉयड आधारित हैंडहेल्ड डिवाइस के जरिए शाखा पोस्टमास्टर कई काम पेपरलेस और रियल टाइम में कर सकेंगे। इनमें डाक और पार्सल की बुकिंग, ओटीपी के जरिए घर तक डाक पहुंचाना, कोर बैंकिंग से जुड़ी सेवाएं, बीमा सेवाएं, आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी, नकद जमा और निकासी, घर पर पीएलआई और आरपीएलआई प्रीमियम जमा करने की सुविधा शामिल हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को कई सेवाओं के लिए बार-बार डाकघर जाने की जरूरत कम होगी। दूसरा बड़ा बदलाव डाक सेवा मोबाइल ऐप के रूप में किया गया है। इस ऐप के जरिए लोगों को 24 घंटे कई डाक सेवाओं की सुविधा मिलेगी। ऐप पर यूजर डाक और पार्सल की ट्रैकिंग, डाक की बुकिंग, शिकायत दर्ज करना, नजदीकी डाकघर खोजना, पिन कोड की जानकारी लेना और वित्तीय कैलकुलेटर का इस्तेमाल कर सकेंगे।

डाकघरों का भी बदलेगा स्वरूप

खास बात यह है कि भाषिणी के माध्यम से डाक सेवा ऐप 23 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगा। इससे अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले लोगों के लिए डिजिटल डाक सेवाओं का इस्तेमाल करना आसान होगा। डिजिटल बदलाव के साथ-साथ डाक विभाग डाकघरों के पुराने ढांचे को भी आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है। इसके लिए स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA), नई दिल्ली के सहयोग से एक डिजाइन मैनुअल तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य डाकघरों को सिर्फ चिट्ठी और पार्सल भेजने की जगह न रखते हुए उन्हें ज्यादा आधुनिक, सुविधाजनक और नागरिक-केंद्रित सेवा केंद्र बनाना है। नए डिजाइन में बेहतर साइनेज, ग्राहकों के लिए सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था, अलग-अलग सेवाओं के लिए समर्पित क्षेत्र और तकनीक आधारित सुविधाओं पर जोर दिया गया है। (India Post Digital Transformation)

17 राज्यों के 40 डाकघर किए गए चिन्हित

डाकघरों के आधुनिकीकरण के शुरुआती चरण में 17 राज्यों के 40 डाकघरों को चुना गया था। इनमें से 27 डाकघरों का निर्माण पूरा हो चुका है। चार डाकघरों का पहले ही उद्घाटन किया जा चुका था, जबकि 14 नवीनीकृत डाकघरों का उद्घाटन 24 अगस्त 2026 को किया गया। बाकी डाकघरों को 31 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग अब इस योजना को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। शुरुआती चरण से मिली सीख के आधार पर चालू वित्तीय वर्ष में 60 और डाकघरों को आधुनिक बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। 24 अगस्त को जिन 14 नवीनीकृत डाकघरों का उद्घाटन किया गया, उनमें बिहार का पाटलिपुत्र, दिल्ली का वसंत कुंज, हरियाणा का सेक्टर-56 गुरुग्राम, कोलकाता का कंकुरगाछी, मध्य प्रदेश के विदिशा और सांची, मेघालय का शिलांग, मुंबई का कांदिवली वेस्ट, नागपुर के शंकर नगर और अयोध्या नगर, लखनऊ के निराला नगर, गोमती नगर और इंदिरा नगर तथा प्रयागराज का डाकघर शामिल है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे डाकघर

नवीनीकृत डाकघरों में भारतीय डाक की एक अलग और आधुनिक पहचान के साथ बेहतर लेआउट तैयार किया गया है। यहां ग्राहकों की सुविधा और सेवाओं की गति बढ़ाने पर जोर दिया गया है, जहां संभव होगा, वहां 24×7 सेवाएं, एटीएम, कार्यालय समय के बाद बुकिंग और स्मार्ट पार्सल सेवाएं जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। डाक विभाग का कहना है कि डिजिटल ऐप और आधुनिक डाकघर मिलकर देश के अंतिम छोर तक सेवाएं पहुंचाने में मदद करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि डाक मित्र के जरिए डाक कर्मचारी घर-घर सेवाएं पहुंचा सकेंगे, जबकि डाक सेवा ऐप लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर कई सेवाएं उपलब्ध कराएगा। (India Post Digital Transformation)

भारतीय डाक का यह बदलाव डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है। यानी दशकों पुराने डाक नेटवर्क को अब डिजिटल तकनीक और आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ जोड़ा जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि भारतीय डाक की पारंपरिक विश्वसनीयता बरकरार रखते हुए सेवाओं को तेज, आसान, डिजिटल और नागरिकों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाया जाए। यानी चिट्ठी और पार्सल पहुंचाने वाली भारतीय डाक अब डिजिटल दौर के साथ कदमताल कर रही है। डाक मित्र से डाक कर्मचारियों का काम आसान होगा, तो डाक सेवा ऐप से आम लोगों को कई सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी। आधुनिक डाकघरों और डिजिटल सेवाओं के जरिए विभाग की कोशिश साफ है पुराने भरोसे को कायम रखते हुए डाक सेवा को नए जमाने की रफ्तार देना।

Back to top button
error: Content is protected !!