Google Analytics —— Meta Pixel

रेल यात्रियों के खाने-पानी की क्वालिटी पर रेलवे अलर्ट, खाना कैसा? पानी कितना साफ? रेलवे रखेगा हर चीज पर नजर

Railways Alert on Quality: रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों को मिलने वाली खान-पान सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए रेलवे ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला किया है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने IRCTC कार्यालय पहुंचकर वॉर रूम के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक, रसोई की निगरानी और खान-पान सेवाओं में सामने आने वाली कमियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में खास तौर पर इस बात पर जोर दिया गया कि यात्रियों की शिकायतों को सिर्फ दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनकी गंभीरता से निगरानी की जाए और समय पर समाधान भी सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए रेल मदद पर आने वाली शिकायतों की बारीकी से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें:- भारतीय डाक में बड़ा डिजिटल बदलाव, अब एक क्लिक पर मिलेंगी ट्रैकिंग से बैंकिंग तक कई सुविधाएं

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने यात्रियों के लिए रेल मदद सिस्टम को और आसान समेत ज्यादा स्वचालित बनाने के निर्देश दिए। उद्देश्य यह है कि यात्री एक क्लिक के जरिए अपनी समस्या संबंधित विभाग तक पहुंचा सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायत मिलने के बाद जरूरत पड़ने पर यात्री से सीधे संपर्क भी किया जाए, ताकि समस्या को सही तरीके से समझकर उसका समाधान किया जा सके। यानी शिकायतों के निपटारे में केवल कागजी कार्रवाई के बजाय वास्तविक फीडबैक और फॉलोअप पर जोर रहेगा। रेलवे की खान-पान सेवाओं से जुड़ी रसोई की निगरानी के लिए कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वर्तमान में रसोई के कामकाज की निगरानी के लिए चार कैमरा फीड उपलब्ध हैं। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए कच्चे माल के स्टोरेज एरिया में अतिरिक्त कैमरे लगाने और एक PTZ कैमरा लगाने के निर्देश दिए हैं। 

रोटी और पराठे की गुणवत्ता पर भी नजर

PTZ कैमरे की मदद से अलग-अलग दिशा और हिस्सों पर ज्यादा बारीकी से नजर रखी जा सकेगी। कैमरा फीड के जरिए रसोई की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और खाना तैयार करने की प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी। अगर किसी रसोई में स्थिति खराब मिलती है तो संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने के साथ सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान दक्षिण मध्य रेलवे के अनंतपुर स्थित एक रसोई में निरीक्षण और वीडियो निगरानी के आधार पर सुधार की जरूरत भी सामने आई। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने रोटी और पराठा बनाने की प्रक्रिया की भी विशेष समीक्षा करने के निर्देश दिए। इनकी तैयारी से लेकर पकाने और यात्रियों तक पहुंचने तक की पूरी प्रक्रिया को देखा जाएगा, ताकि गुणवत्ता में एकरूपता बनी रहे और किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई हो सके। (Railways Alert on Quality)

AI से चूहे और कॉकरोच की भी निगरानी

खान-पान सेवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए रेलवे में तृतीय-पक्ष निरीक्षण एजेंसियों की भी मदद ली जाती है। समीक्षा के दौरान इन एजेंसियों की भूमिका और कामकाज पर भी चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों और की गई कार्रवाई का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जाना चाहिए। लगातार खराब प्रदर्शन करने वाली एजेंसियों की समीक्षा कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर ऐसी एजेंसियों को सूची से हटाने का कदम भी उठाया जा सकता है। रेलवे खान-पान सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI आधारित निगरानी प्रणालियों के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई। इन प्रणालियों की मदद से रसोई में चूहे, कॉकरोच और दूसरी कमियों का पता लगाया जा सकता है। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि AI सिस्टम से किसी समस्या का पता चलने के बाद कार्रवाई भी होनी चाहिए। सिर्फ समस्या की पहचान करके छोड़ने के बजाय संबंधित एजेंसी को चेतावनी, नोटिस और जरूरत पड़ने पर रोकथाम से जुड़ी कार्रवाई करनी होगी।

पेयजल व्यवस्था की जांच शुरू

रेलवे का कहना है कि इन सभी उपायों का मकसद यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित खान-पान सेवा उपलब्ध कराना है। साथ ही निरीक्षण व्यवस्था को तकनीक आधारित, जवाबदेह और परिणाम केंद्रित बनाना है। वहीं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भारतीय रेलवे ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत स्टेशनों पर मौजूद पानी की टंकियों, फिल्टर, वाटर कूलर, पाइपलाइन, नल और पानी वितरण केंद्रों की जांच और सफाई की जाएगी। रेलवे का उद्देश्य सिर्फ पानी की टंकियों की सफाई करना नहीं है, बल्कि पूरी पेयजल व्यवस्था की जांच कर कमियों को समय रहते दूर करना है। इसके लिए क्षेत्रीय रेलवे को स्टेशनों पर पेयजल से जुड़े सभी संसाधनों का व्यापक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पानी की टंकियों की सफाई और सैनिटाइजेशन

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर मौजूद भूमिगत और ओवरहेड टैंक, PVC टैंक, जल बूथ, नल और पानी वितरण केंद्रों की जांच की जाएगी। पानी की टंकियों को खाली कर उनकी पूरी तरह सफाई की जाएगी और इसके बाद उन्हें कीटाणुरहित किया जाएगा। टंकियों के वेंट और ओवरफ्लो पाइप को भी सुरक्षित किया जाएगा, ताकि इनमें पक्षियों, जानवरों या शैवाल के कारण गंदगी न पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अगर कोई टैंक, पाइपलाइन या फिल्टर खराब पाया जाता है तो उसकी मरम्मत की जाएगी। जरूरत पड़ने पर खराब उपकरणों को बदला भी जाएगा। रेलवे यह भी सुनिश्चित करेगा कि पीने के पानी और गैर-पीने योग्य पानी की पाइपलाइन आपस में न जुड़ी हों। इसके अलावा पानी की सप्लाई वाली पाइपलाइनों में लीकेज की जांच की जाएगी, ताकि पानी की बर्बादी के साथ-साथ किसी तरह के संक्रमण का खतरा भी कम किया जा सके, जिन स्टेशनों पर पीने के पानी के लिए हैंडपंप और बोरवेल का इस्तेमाल होता है, वहां भी पानी की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

वाटर कूलर और RO-UV सिस्टम की भी जांच

रेलवे बोर्ड ने वाटर कूलर और जल शोधन प्रणाली की भी व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। वाटर कूलर के अंदर मौजूद पानी के टैंक की सफाई की जाएगी। कूलर, पाइप और नल में लीकेज मिलने पर उसे तुरंत ठीक किया जाएगा। वाटर कूलर के आसपास भी पूरी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा UV और RO सिस्टम की जांच की जाएगी और जहां जरूरत होगी वहां नई प्रणाली लगाई जाएगी। फिल्टर कैंडल और दूसरे जरूरी हिस्सों को समय पर बदलने के साथ नियमित सर्विसिंग और मेंटेनेंस पर भी ध्यान दिया जाएगा। स्टेशनों पर पानी उपलब्ध कराने वाली वेंडिंग मशीनों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है। इन मशीनों की सफाई और पानी की गुणवत्ता की जांच की जाएगी, ताकि यात्रियों को इनसे मिलने वाला पानी भी निर्धारित सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के अनुरूप हो। रेलवे अधिकारी अलग-अलग जगहों से पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच करेंगे। इसमें पानी के स्रोत, ट्रीटमेंट के बाद का पानी, टैंक, वाटर कूलर, वेंडिंग मशीन और नल या वाटर बूथ से लिए गए नमूने शामिल होंगे। (Railways Alert on Quality)

पुराने और खराब टैंकों को बदलने की तैयारी

पानी की भौतिक, रासायनिक और बैक्टीरियोलॉजिकल जांच की जाएगी। इसके अलावा पानी में मौजूद अवशिष्ट क्लोरीन की रोजाना निगरानी की जाएगी। अगर किसी जगह पानी की गुणवत्ता में कमी मिलती है तो दोबारा क्लोरीनेशन या अन्य जरूरी सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। रेलवे बोर्ड ने क्षेत्रीय रेलवे को पुराने ओवरहेड और अंडरग्राउंड पानी के टैंकों से जुड़े स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जहां नए टैंक बनाने या पुराने टैंक बदलने की जरूरत है, वहां काम की निगरानी की जाएगी। जरूरत वाले स्थानों पर नए काम को मंजूरी देने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इस अभियान की खास बात यह होगी कि निरीक्षण के दौरान मिली कमियों और उन्हें दूर करने के लिए की गई कार्रवाई का स्टेशनवार रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि किस स्टेशन पर क्या कमी मिली, उसे दूर करने के लिए क्या कदम उठाए गए और समस्या का समाधान हुआ या नहीं। रेलवे इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा, ताकि अभियान के दौरान सामने आई कमियों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जा सके।

रेलवे कॉलोनियों और कार्यस्थलों में भी लागू होंगे उपाय

पेयजल की गुणवत्ता सुधारने की यह व्यवस्था केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगी। रेलवे कॉलोनियों और कार्यस्थलों में मौजूद पेयजल सुविधाओं की भी इसी तरह जांच और सफाई की जाएगी। रेलवे का कहना है कि नियमित निरीक्षण, टंकियों और फिल्टर की सफाई, पानी की जांच, बुनियादी ढांचे के रखरखाव और कमियों पर तत्काल कार्रवाई के जरिए यात्रियों और कर्मचारियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। यानी रेलवे अब सिर्फ ट्रेन की रफ्तार और समयबद्धता पर ही नहीं, बल्कि यात्रियों की थाली और पानी के गिलास तक की गुणवत्ता पर नजर रखने की तैयारी में है। रसोई में कैमरों से निगरानी, शिकायतों पर तत्काल एक्शन और पानी की टंकियों से लेकर फिल्टर तक की जांच से साफ है कि रेलवे सफर को सिर्फ सुविधाजनक नहीं, बल्कि सुरक्षित और स्वच्छ बनाने पर भी फोकस कर रहा है। (Railways Alert on Quality)

Back to top button
error: Content is protected !!