कृषि विश्वविद्यालय में फिर पेपर लीक, परीक्षा से 6 घंटे पहले फंडामेंटल ऑफ जेनेटिक्स का पेपर लीक, CM साय बोले- दोषी बचेंगे नहीं

IGKV Third Paper Leaked: रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में एक बार फिर पेपर लीक का मामला सामने आया है। इस बार BSc फर्स्ट ईयर के फंडामेंटल ऑफ जेनेटिक्स विषय का पेपर परीक्षा शुरू होने से करीब छह घंटे पहले लीक हो गया। आरोप है कि लीक हुआ पेपर परीक्षा से पहले ही छात्रों तक पहुंच गया था और परीक्षा में 100 प्रतिशत वही प्रश्न पूछे गए, जो पहले लीक हुए पेपर में थे। जानकारी के मुताबिक BSc फर्स्ट ईयर के फंडामेंटल ऑफ जेनेटिक्स विषय की परीक्षा 19 अगस्त को सुबह 10 बजे निर्धारित थी, जो परीक्षा से करीब छह घंटे पहले सुबह करीब 4 बजे पेपर लीक हो गया। पेपर लीक होने के बाद इसकी जानकारी छात्रों के बीच तेजी से फैलने लगी।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में रफ्तार का कहर: स्कूटी सवार महिला को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
मामले को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर विश्वविद्यालय की गोपनीय परीक्षा व्यवस्था के बीच पेपर परीक्षा से कई घंटे पहले बाहर कैसे पहुंचा। अगर लीक हुए पेपर और परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों में पूरी तरह समानता की पुष्टि होती है तो इससे विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। यह मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में इससे पहले भी पेपर लीक को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। अब एक और परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। छात्रों और संबंधित लोगों की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। (IGKV Third Paper Leaked)


मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में तीसरा पेपर लीक होने के मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पेपर लीक मामले की जांच की जाएगी और जो भी इसमें दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश होगी कि पेपर आखिर कहां से लीक हुआ, इसे किसने बाहर पहुंचाया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। एक ओर विश्वविद्यालय में परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने की जिम्मेदारी है, वहीं दूसरी ओर परीक्षा से कई घंटे पहले प्रश्नपत्र बाहर आने के आरोप ने पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर तब, जब यह दावा किया जा रहा है कि परीक्षा में वही प्रश्न पूछे गए जो पहले से लीक पेपर में मौजूद थे। (IGKV Third Paper Leaked)
IGKV पेपर लीक की टाइमलाइन
बता दें कि 20 अगस्त को BSc एग्रीकल्चर सेकंड ईयर के कीटविज्ञान परीक्षा को लेकर पेपर लीक का मामला सामने आया था। इस दौरान पुलिस जांच में 7 अगस्त को BSc एग्रीकल्चर फर्स्ट ईयर के प्लांट पैथोलॉजी पेपर लीक होने का खुलासा हुआ था। इसके बाद विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षा को निरस्त कर दोबारा कराने का फैसला लिया। मामले में पुलिस ने दुर्ग के एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था और कई दस्तावेज भी बरामद किए थे। पुलिस के मुताबिक सीलबंद प्रश्नपत्र की तस्वीर निकालने के लिए एंडोस्कोपिक कैमरे का इस्तेमाल किया गया था। एक के बाद एक सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल सिर्फ पेपर लीक होने का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का है, जहां परीक्षा से घंटों पहले प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। अब मुख्यमंत्री के सख्त कार्रवाई के बयान के बाद नजर जांच के नतीजों पर है। देखना होगा कि इस पूरे खेल के पीछे कौन है और विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में सेंध आखिर कैसे लगी।



