Google Analytics —— Meta Pixel

लिव-इन रिलेशनशिप का खतरनाक अंत, खून से लथपथ मिला युवक का शव; युवती ने भी काटा गला

अंबिकापुर। शहर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किराए के मकान में युवक की खून से लथपथ लाश मिली, जबकि उसके साथ रह रही युवती ने भी कथित तौर पर अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर का है। पुलिस के मुताबिक, मोहन पैकरा और महिमा सिदार लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों अलग-अलग स्थानों पर किराए के मकान में साथ रह चुके हैं। वर्तमान में दोनों सुभाष नगर स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे।

रक्षा बंधन पर घर जाने को लेकर विवाद की बात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रक्षा बंधन के मौके पर महिमा अपने घर जाना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। विवाद के बाद मोहन की खून से लथपथ हालत में लाश मिली।

घटना के बाद महिमा ने भी कथित तौर पर किसी धारदार वस्तु से अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

युवती ने पुलिस को क्या बताया?

पुलिस के प्रारंभिक बयान में युवती ने बताया कि उसके साथ रह रहे युवक ने कथित तौर पर खुद अपना गला काट लिया था। मोहन को खून से लथपथ देखने के बाद उसने भी अपना गला काट लिया।

हालांकि, पुलिस युवती के बयान के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटनास्थल की परिस्थितियों, मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

करीब 10 साल से साथ रहने की जानकारी

पुलिस के अनुसार, दोनों के करीब 10 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की जानकारी सामने आई है। इस दौरान वे अलग-अलग स्थानों पर किराए के मकानों में साथ रह चुके थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस युवती के बयान के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने आत्मघाती कदम उठाया था या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह थी।

Back to top button
error: Content is protected !!